बिजली बिल कम, कमरा होगा बेहतर ठंडा! गर्मियों में AC को कितने टेम्परेचर पर चलाने से होगी बचत? जानें 6 टिप्स
अगर AC का सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो न सिर्फ कमरा बेहतर तरीके से ठंडा रहेगा, बल्कि बिजली की खपत भी काफी हद तक कम हो सकती है.
AC Electricity Saving Tips
देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और भारतीय मौसम विभाग ने हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है. तपती गर्मी से राहत पाने के लिए लोग लगातार एयर कंडीशनर यानी AC का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन गलत तरीके से AC चलाने पर बिजली का बिल भी तेजी से बढ़ सकता है.
रिपोर्ट के मुताबिक विशेषज्ञों का कहना है कि अगर AC का सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो न सिर्फ कमरा बेहतर तरीके से ठंडा रहेगा, बल्कि बिजली की खपत भी काफी हद तक कम हो सकती है. सही तापमान सेट करना, ड्राई मोड का इस्तेमाल और कमरे की सही व्यवस्था जैसी छोटी-छोटी बातें गर्मियों में बड़ा फायदा पहुंचा सकती हैं.
कितने टेम्परेचर पर चलाने से होगी बचत?
गर्मी बढ़ते ही कई लोग AC को 16 या 18 डिग्री पर सेट कर देते हैं ताकि कमरा जल्दी ठंडा हो सके. जो सही तरीका नहीं माना जाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्सपर्ट मानते है कि AC को 24 डिग्री सेल्सियस पर चलाना सबसे बेहतर है. इस टेम्परेचर पर कमरा आरामदायक तरीके से ठंडा होता है और बिजली की खपत भी कम रहती है. बहुत कम तापमान पर AC चलाने से कंप्रेशर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे बिजली का खर्च बढ़ जाता है. लगातार लो टेम्परेचर पर AC चलाने से मशीन की लाइफ भी कम हो सकती है.
समय-समय पर करें ये काम?
AC की बेहतर कूलिंग और कम बिजली खर्च के लिए फिल्टर की सफाई बेहद जरूरी होती है. अगर फिल्टर गंदा हो जाए तो हवा का फ्लो कम हो जाता है और कूलिंग प्रभावित होती है. साफ फिल्टर AC की एफिशिएंसी बढ़ाते हैं और मशीन को लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बनाए रखते हैं. इसलिए समय-समय पर फिल्टर की सफाई करवाना जरूरी माना जाता है.
बिजली बचाने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स
1. AC को 24 डिग्री पर सेट करें
2. AC के साथ सीलिंग फैन चलाएं
3. फिल्टर की नियमित सफाई करें
4. दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें
5. मोटे पर्दों का इस्तेमाल करें
6. उमस के मौसम में ड्राई मोड का उपयोग करें




