Begin typing your search...

गर्मी शुरू… लेकिन यहां अब भी गिर रही है बर्फ! ठंड का मजा लेने के लिए मार्च में घूम आएं ये जगहें

मार्च आते ही गर्मी बढ़ने लगी है, लेकिन कुछ जगहें अब भी बर्फ से ढकी हैं. यानी आप गर्मी में भी सर्दी का लुत्फ उठा सकते हैं. ठंड का मजा लेना है तो इस समय कुछ खास जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं.

snow fall
X
( Image Source:  AI SORA )
हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 13 March 2026 8:30 PM IST

मार्च का महीना आते ही ज्यादातर लोगों को लगने लगता है कि अब सर्दियों का मौसम खत्म हो गया है और बर्फबारी देखने का मौका भी हाथ से निकल गया. लेकिन अगर आप भी ऐसा ही सोच रहे हैं, तो जरा ठहरिए. भारत में कुछ ऐसी खूबसूरत जगहें हैं जहां मार्च के महीने में भी बर्फ की चादर देखने को मिल जाती है.

यहां की पहाड़ियां, घाटियां और बर्फ से ढकी सड़कें किसी जादुई दुनिया से कम नहीं लगतीं. अगर आप स्नोफॉल का मजा लेना चाहते हैं, तो इन 5 डेस्टिनेशन पर घूमने का प्लान बना सकते हैं.

स्पीति वैली, हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश की स्पीति वैली मार्च में भी किसी स्नो वंडरलैंड जैसी लगती है. यहां का मौसम बेहद ठंडा होता है और कई जगहों पर बर्फ की मोटी परत जमी रहती है. किब्बर और लांग्जा जैसे गांव इस समय बर्फ से ढके नजर आते हैं. यहां की शांत और सफेद वादियां एडवेंचर पसंद लोगों को खास तौर पर आकर्षित करती हैं.

गुलमर्ग, जम्मू-कश्मीर

अगर बर्फबारी की बात हो और गुलमर्ग का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. कश्मीर की ऊंचाई वाले इलाकों में मार्च के महीने में भी ताजा बर्फ देखने को मिल जाती है. यहां की ढलानों पर स्कीइंग का मजा लिया जा सकता है. गुलमर्ग गोंडोला की सवारी भी यहां का सबसे खास एक्सपीरियंस मानी जाती है, जहां से आपको बर्फ से ढके पहाड़ों का शानदार नजारा देखने को मिलता है. आसपास के इलाकों में गर्म चाय की चुस्की लेते हुए बर्फ का मजा जरूर लें.

तवांग, अरुणाचल प्रदेश

अरुणाचल प्रदेश का तवांग समुद्र तल से करीब 10 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है. यहां सर्दियों का असर मार्च तक बना रहता है. खासकर सेला पास इस समय तक बर्फ से ढका रहता है. तवांग मठ यहां का सबसे प्रसिद्ध आकर्षण है. बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच स्थित यह मठ बेहद खूबसूरत नजर आता है. अगर आप बर्फ और प्रकृति का अनोखा संगम देखना चाहते हैं, तो तवांग जरूर जाएं.

औली, उत्तराखंड

उत्तराखंड का औली स्कीइंग के शौकीनों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. मार्च में भी यहां की पहाड़ियां सफेद बर्फ से ढकी नजर आती हैं. यहां से नंदा देवी और त्रिशूल जैसी खूबसूरत चोटियों का नजारा देखने को मिलता है. अगर आप स्कीइंग नहीं करना चाहते, तो औली की मशहूर रोपवे राइड का आनंद ले सकते हैं. यह राइड आपको बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच से गुजरते हुए शानदार नजारे दिखाती है.

कुफरी, हिमाचल प्रदेश

शिमला के पास स्थित कुफरी मार्च के महीने में भी बर्फ का मजा लेने के लिए बेहतरीन जगह है. यहां अब भी कई जगहों पर बर्फ की परत देखने को मिल जाती है. कुफरी में आप घुड़सवारी, याक राइड और बर्फ पर स्लेजिंग जैसी एक्टिविटीज का मजा ले सकते हैं. अगर आप ज्यादा दूर यात्रा नहीं करना चाहते, तो यह एक शानदार और आसान स्नो डेस्टिनेशन है.

अगला लेख