भाई कर क्या रहा था! ऐसे Run Out होने पर बुरी तरह भड़के Salman Ali Agha, मैदान पर ही फेंके Gloves और हेलमेट- VIDEO
ढाका में खेले जा रहे दूसरे वनडे में पाकिस्तान ने 274 रन बनाए, लेकिन सलमान अली आगा का रन आउट सबसे बड़ा विवाद बन गया. आगा आउट होने पर गुस्से में दिखे. उन्होंने मैदान पर अपना हेलमेट और ग्लव्स फेंक दिए, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.
सलमान अली आगा के रन आउट पर बवाल
Salman Ali Agha run out Controversy: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम ढाका में दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा है. पाकिस्तान ने सलमान अली आगा और माज सदाकत के शानदार अर्धशतकों की बदौलत 275 रन बनाए. आगा ने 64 और सदाकत ने 75 रन बनाए. हालांकि, आगा जिस तरह से रन आउट हुए, वो चर्चा का विषय बन गया है. लोग कह रहे हैं- भाई, भला ऐसे कौन आउट होता है.
यह पूरी घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में हुई. बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज गेंदबाजी कर रहे थे. उन्होंने चौथी गेंद मोहम्मद रिजवान को फेंकी, जिस पर रिजवान ने सीधा शॉट खेला और गेंद सीधे आगा से टकरा गई. आगा उस समय क्रीज के बाहर खड़े थे. उन्होंने जब गेंद को अपनी तरफ आते देखा तो उसे बैट से रोका. इसके बाद जब वे गेंद को उठाने लगे तो मिराज ने तुरंत गेंद को उठाकर स्टंप पर फेंक दिया और रन आउट की अपील की.
मिराज के रन आउट की अपील को फील्ड अंपायर ने थर्ड अंपायर को रेफर कर दिया. यह देख सलमान अली आगा ने अपना ग्लव्स और हेलमेट गुस्से में मैदान पर ही फेंक दिया. यही नहीं, जब अंपायर ने आुट का फैसला दिया तो ड्रेसिंग रूम लौटते समय आगा ने फिर से ग्लव्स और हेलमेट को बाउंड्री लाइन के बाहर फेंक दिया.
मैच का क्या हाल रहा?
मैच की बात करें तो पाकिस्तान की टीम 47.3 ओवर में 274 रन पर सिमट गई. साहिबजादा फरहान ने 31, शैमयल हुसैन ने 6, मोहम्मद रिजवान ने 44, हुसैन तलत ने 9, अब्दुल समद ने 11, फहीम अशरफ ने 14, कप्तान शाहीन अफरीदी ने 3 और मोहम्मद वसीम जूनियर ने 1 रन बनाए. हारिस रऊफ 2 रन बनाकर नॉट आउट रहे.
बांग्लादेश की ओर से रिषाद हुसैन ने 9.3 ओवर में 56 रन देकर 3 विकेट चटकाए. वहीं, मिराज ने 2, जबकि तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान और नाहिद राणा ने 1-1 विकेट चटकाए.




