Begin typing your search...

Office या EX से हैं परेशान? यहां पैसे देकर दिलवा सकते हैं उन्हें श्राप

अगर ऑफिस की राजनीति, सख्त बॉस या किसी एक्स की वजह से जिंदगी में तनाव बढ़ गया है, तो दुनिया में एक ऐसी जगह भी है जहां आप पैसे देकर उन्हें श्राप दिलवा सकते हैं.

black magic
X
( Image Source:  AI SORA )
हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 6 March 2026 10:38 AM IST

कहा जाता है कि काले जादू के जरिए लोग अपने दुश्मनों का बुरा हाल कर देते हैं. भारत के कुछ राज्य काला जादू के लिए फेमस भी हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं एक ऐसी जगह के बारे में जहां सरेआम पैसे देकर अपने दुश्मन को श्राप दिलवा सकते हैं. हालांकि, यह ब्लैक मैजिक से काफी अलग है.

चीन के हांगकांग में एक अनोखी परंपरा है, जिसे 'विलेन हिटिंग' कहा जाता है. जहां इस काम के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं और लंबी कतारों में खड़े रहते हैं. चलिए जानते हैं आखिर क्या है यह परंपरा.

क्या है ‘विलेन हिटिंग’ की परंपरा?

'विलेन हिटिंग' हांगकांग की एक पुरानी लोक परंपरा है. इस रस्म में खास तौर पर एक्सपीरियंस महिलाएं लोगों की ओर से उनके दुश्मनों को श्राप देती हैं. आमतौर पर ये महिलाएं ज्यादा उम्र की होती हैं और इलाके में इन्हें “विलेन हिटर” कहा जाता है.

कैसे दिया जाता है श्राप?

अगर किसी व्यक्ति को लगता है कि कोई उसे परेशान कर रहा है, तो वह उस इंसान का नाम इन महिलाओं को बता देता है. कई लोग पहचान के लिए उसकी फोटो या जन्म से जुड़ी जानकारी भी दे देते हैं. इसके बाद उस शख्स का नाम एक कागज पर लिखा जाता है और मंत्र बोलते हुए उस कागज को चप्पल से बार-बार मारा जाता है. लोगों का विश्वास है कि ऐसा करने से बुरी किस्मत और नेगेटिव एनर्जी दूर हो जाती है और परेशान करने वाले व्यक्ति का असर खत्म हो जाता है.

कहां होता है यह अजीबोगरीब अनुष्ठान?

हांगकांग के कॉजवे बे इलाके में बने कैनाल रोड फ्लाईओवर के नीचे इस अनोखी परंपरा का मुख्य स्थान माना जाता है. यहां सड़क के किनारे कई छोटे-छोटे स्टॉल लगे होते हैं, जहां लोग इस खास रस्म को करवाने के लिए आते रहते हैं. दिनभर यहां लोगों की भीड़ रहती है.

कहां से शुरू हुई यह पंरपरा?

इस परंपरा की शुरुआत दक्षिणी चीन की पुरानी लोक मान्यताओं से हुई थी. इसमें ताओ धर्म की कुछ मान्यताएं, लोगों की आस्था और बुरी शक्तियों को दूर करने से जुड़े प्रतीकात्मक तरीके शामिल हैं. समय के साथ यह परंपरा हांगकांग की संस्कृति का एक खास हिस्सा बन गई. अब तो तकनीक के दौर में कुछ लोग मोबाइल ऐप या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए भी इस रस्म को करवाने के लिए बुकिंग कर देते हैं. इसके बाद पूरे प्रोसेस का वीडियो बनाकर उन्हें भेज दिया जाता है.

गुस्सा निकालने का अनोखा तरीका

दिलचस्प बात यह है कि इस रस्म में शामिल होने वाले ज्यादातर लोग सचमुच यह नहीं मानते कि इससे किसी को अलौकिक नुकसान होगा. उनके लिए यह एक तरह से मन की भड़ास निकालने का तरीका है. इसी वजह से यह अनोखी परंपरा आज भी जिंदा है और हर साल सैकड़ों लोग यहां आकर अपने “विलेन” को श्राप देने की रस्म निभाते हैं.

अगला लेख