मैं 20 साल की उम्र वालों से अलग हूं! Malaika Arora ने बताया- बॉडी शेमिंग और नेगेटिविटी से कैसे निपटती हैं
एक इंटरव्यू में Malaika Arora ने बताया कि सोशल मीडिया ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग से निपटना आसान नहीं होता, लेकिन खुद से प्यार और आत्मविश्वास सबसे बड़ा हथियार है. उन्होंने कहा कि उम्र के साथ इंसान ज्यादा मजबूत और समझदार बनता है.
मलाइका अरोड़ा (Malaika Arora) आज भी लाखों लोगों के लिए फिटनेस और आत्मविश्वास की सबसे बड़ी मिसाल हैं. एक अच्छी एक्ट्रेस, शानदार डांसर और अब सफल इंटरप्रेन्योर बन चुकी हैं. वे कई सालों से लोगों को इंस्पायर्ड करती आ रही हैं कि कैसे हेल्दी रहना है और खुद से प्यार करना है. लेकिन एक पब्लिक फिगर होने के नाते उन्हें सोशल मीडिया पर बहुत सारी निगेटिव बातें, ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग का सामना करना पड़ता है. पहले ये चीजें उन्हें बहुत परेशान करती थीं, लेकिन अब वे इनसे बिल्कुल बेअसर हो गई हैं. उन्होंने फैसला कर लिया है कि वो इन नफरत भरी बातों को अपने ऊपर हावी नहीं होने देंगी.इसके बजाय उन्होंने खुद से प्यार करना और खुद को महत्व देना सीख लिया है.
हाल ही में ज़ूम के साथ एक खास इंटरव्यू में मलाइका ने अपनी उम्र, शरीर को लेकर आने वाली शर्मिंदगी और ट्रोलर्स से कैसे निपटती हैं, इसके बारे में बहुत खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि ट्रोलिंग से डील करना आसान लगता तो है, लेकिन असल में बहुत मुश्किल होता है. इसके लिए बहुत स्ट्रांग कॉन्फिडेंस चाहिए, खुद को अच्छे से समझना चाहिए और सबसे जरूरी है खुद से सच्चा प्यार करना. ये सब चीजें उम्र के साथ आती हैं और मैच्योर होने के साथ बेहतर होती हैं.
मलाइका ने बताया कि 20 साल की उम्र वाली वो और आज 50 साल की उम्र वाली वो दोनों में बहुत बड़ा फर्क है. तब वो अलग सोचती थीं, अलग महसूस करती थीं, लेकिन अब उनका नजरिया पूरी तरह बदल गया है. शरीर को लेकर असुरक्षा और चिंताएं आज भी रहती हैं. जैसे- मैं वहां जाकर क्या करूंगी?', 'क्या लोग मुझे स्वीकार करेंगे?', 'क्या मुझे अच्छी और स्थिर नौकरी मिल पाएगी?' या फिर बॉडी शेप को लेकर शर्मिंदगी. ये सारे सवाल आज भी मन में आते हैं, लेकिन अब उनका तरीका बदल गया है. वे खुद से कहती हैं, 'मैं पहले से कहीं ज्यादा बेहतर हूं. मैं ज्यादा समझदार और एडवांस्ड हो गई हूं. मैं चुनौतियों का सामना बेहतर तरीके से कर सकती हूं. चीजों को ज्यादा अच्छे से हैंडल कर सकती हूं.' लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि हर दिन वो बहुत एनर्जेटिक और खुश होकर उठती हैं.
मलाइका ने ईमानदारी से शेयर किया कि कई बार वो सुबह बिस्तर से उठते वक्त बहुत असहज महसूस करती हैं. कभी पेट फूल जाता है, कभी बीमार-बीमार लगता है, कभी बेचैनी होती है और मन करता है कि बस बिस्तर पर ही पड़ी रहूं. लेकिन वे खुद को समझाती हैं, 'कोई बात नहीं, मुझे परवाह नहीं करनी. मैं खुद को संभाल लूंगी, बाहर निकलूंगी और अपना 100% दूंगी.' उनका सबसे बड़ा मंत्र है- जो भी काम कर रही हो, उसमें कॉन्टिनुइटी बनाए रखो. अगर रोज थोड़ा-थोड़ा भी मेहनत करते रहोगे, तो नतीजे जरूर मिलेंगे. बस हार मत मानो और लगे रहो.
फिटनेस के लिए मलाइका कई सालों से योग को बहुत महत्व देती हैं. वे नियमित रूप से योग करती हैं और एक डिस्पिलिन लाइफस्टाइल फॉलो करती हैं. उनके इंस्टाग्राम पर अक्सर ऐसे वीडियो आते हैं, जिनमें वे बहुत आसान और असरदार योग आसन सिखाती हैं. इन आसनों को करने के लिए न तो महंगे जिम की जरूरत होती है और न ही बड़े-बड़े उपकरणों की. घर पर ही, सादगी से इन्हें किया जा सकता है. इससे न सिर्फ बॉडी फिट रहती है, बल्कि मन भी शांत और मजबूत होता है.




