सुबह ब्रेकफास्ट में बनाएं आलू की ये टेस्टी रेसिपीज, बच्चे से लेकर बड़े तक हर कोई चाटता रहेगा उंगली
सुबह का नाश्ता ऐसा होना चाहिए जो जल्दी बन जाए, पेट भी भर दे और स्वाद में भी लाजवाब हो. आलू से बनने वाली डिशेज न सिर्फ झटपट तैयार हो जाती हैं, बल्कि घर के हर सदस्य को पसंद भी आती हैं,चाहे बच्चे हों या बड़े.
potato recipes
सुबह का समय हमेशा भागदौड़ वाला होता है. ऐसे में दिमाग में सबसे बड़ा सवाल यही आता है कि आज नाश्ते में क्या बनाएं? अगर किचन में आलू मौजूद है, तो समझ लीजिए आपकी आधी परेशानी खत्म. आलू एक ऐसी सब्जी है जो हर घर में मिल जाती है, जल्दी पकती है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद भी आती है.
थोड़ी सी क्रिएटिविटी के साथ यही साधारण आलू आपके ब्रेकफास्ट को मजेदार बना सकता है. आइए जानते हैं आलू से बनने वाली कुछ आसान, झटपट और टेस्टी रेसिपीज, जो सुबह के नाश्ते को खास बना देंगी.
आलू सैंडविच
सुबह नाश्ते में बनाने के लिए सबसे आसान रेसिपी आलू सैंडविच है. बस इसके लिए उबले आलू को मैश करके उसमें नमक, काली मिर्च, प्याज और हरी चटनी मिलाएं. इसे ब्रेड स्लाइस के बीच भरें और तवे पर हल्का सेंक लें. चाहें तो चीज भी डाल सकते हैं. यह टिफिन के लिए भी परफेक्ट है.
आलू पोहा
पोहा ज्यादातर लोगों को पसंद होता है. साथ ही, यह हेल्दी भी होता है. इसलिए सुबह आलू पोहा रेसिपी एकदम परफेक्ट रहेगी. पोहा भिगोकर अलग रखें. कढ़ाई में राई, करी पत्ता, प्याज और छोटे टुकड़ों में कटे उबले आलू डालें. हल्दी, नमक डालकर पोहा मिलाएं. ऊपर से नींबू और हरा धनिया डालें. यह रेसिपी हल्की भी है और जल्दी तैयार भी हो जाती है.
आलू चीला
अगर आपके घर में चीला पसंद है, तो आप आलू चीला बना सकते हैं. बेसन में नमक, हल्दी, मिर्च और पानी मिलाकर घोल बनाएं. इसमें बारीक कटे उबले आलू मिलाएं. तवे पर तेल डालकर इस घोल को फैलाएं और दोनों तरफ से सेक लें. चटनी के साथ इसका स्वाद और बढ़ जाता है.
आलू टिक्की
उबले आलू में नमक, धनिया, मिर्च और ब्रेड क्रम्ब्स मिलाकर टिक्की बनाएं. हल्के तेल में शैलो फ्राई करें. इसे सॉस या हरी चटनी के साथ परोसें. यह बच्चों और बड़ों दोनों को खूब पसंद आएगी.





