Begin typing your search...

UAE से भारत क्यों लाई गई ठगी के मास्टरमाइंड की पत्नी, क्या है 88 करोड़ का निवेश घोटाला, कैसे CBI ने कसा शिकंजा- 7 पॉइंट्स

बीते कुछ दिनों पहले 88 करोड़ रुपये के निवेश घोटाले के आरोपी अविनाश राठौड़ को यूएई से भारत लाया गया था. जिसके बाद अब उनकी पत्नी विशाखा को भी यूएई से भारत लाया गया है. दोनों से अब आमने-सामने बैठाकर पूछताछ होगी.

vishakha rathod extradited to india
X

vishakha rathod extradited to india

( Image Source:  X/ @ANI )

सीबीआई ने यूएई से फरार आरोपी विशाखा राठौड़ को भारत वापस लाकर महाराष्ट्र पुलिस के हवाले कर दिया है. 88 करोड़ रुपये के कथित निवेश घोटाले में इससे पहले इसी मामले में उसके पति और मास्टरमाइंड अविनाश राठौड़ को भी यूएई से भारत लाया गया था. सीबीआई, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के संयुक्त प्रयासों से हुई इस कार्रवाई को आर्थिक अपराधों के खिलाफ भारत के अभियान में अहम उपलब्धि माना जा रहा है. जांच एजेंसियों का दावा है कि दंपति ने निवेशकों को भारी रिटर्न का झांसा देकर करोड़ों रुपये की कथित ठगी की और बाद में देश छोड़कर फरार हो गए थे.

7 पॉइंट्स में जानें पूरा मामला

1. सीबीआई ने बताया कि विशाखा राठौड़ को 3 अगस्त को संयुक्त अरब अमीरात से भारत वापस लाया गया. भारत पहुंचने के बाद पुणे में महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया. अब उनसे आर्थिक अपराध शाखा द्वारा पूछताछ की जाएगी और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

2. जांच एजेंसियों के अनुसार, विशाखा राठौड़ भारत में वांछित थीं और उनके खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस जारी किया गया था. इसी नोटिस के आधार पर यूएई की एजेंसियों के सहयोग से उनका पता लगाया गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें भारत भेजा गया.

3. जांचकर्ताओं का आरोप है कि विशाखा राठौड़ और उनके पति अविनाश राठौड़ ने निवेशकों को महीनेभर में भारी रिटर्न का भरोसा देकर विभिन्न निवेश योजनाओं में पैसा लगवाया. आरोप है कि निवेशकों से जुटाई गई राशि का उपयोग तय उद्देश्यों के बजाय अन्य बैंक खातों और डीमैट खातों के माध्यम से दूसरी जगह ट्रांसफर किया गया. इस कथित धोखाधड़ी की राशि करीब 88 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

4. जांच एजेंसियों का कहना है कि दोनों आरोपियों ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर निवेशकों के धन का कथित तौर पर दुरुपयोग किया और बाद में भारत छोड़कर विदेश भाग गए. फिलहाल एजेंसियां इस पूरे वित्तीय नेटवर्क और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही हैं.

5. विशाखा राठौड़ की वापसी से पहले उनके पति और मामले के कथित मास्टरमाइंड अविनाश राठौड़ को भी यूएई से भारत लाया गया था. यूएई अधिकारियों ने इंटरपोल रेड नोटिस पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया और 23 जुलाई को भारत भेज दिया.

6. भारत पहुंचने के बाद अविनाश राठौड़ को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पुणे पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने गिरफ्तार कर लिया था. बाद में उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया. जांच एजेंसियां उनसे कथित वित्तीय लेन-देन और निवेशकों के पैसे के इस्तेमाल को लेकर पूछताछ कर रही हैं.

7. सीबीआई के अनुसार, अविनाश राठौड़ और विशाखा राठौड़ दोनों के खिलाफ 4 जून 2026 को इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया गया था. इसके बाद अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों और यूएई प्रशासन के सहयोग से दोनों आरोपियों का पता लगाकर उन्हें भारत वापस लाया गया.

अगला लेख