Begin typing your search...

Yoga डे के दिन फिर से होगा NEET-UG का एग्जाम, NTA ने जारी की डेट- धर्मेंद्र प्रधान ने और क्या बताया?- 10 बड़ी बातें

21 जून को NEET-UG का एग्जाम होगा. इसको लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और बताया कि अब क्या बदलाव देखने को मिलेगा और पेपर लीक को लेकर सरकार क्या कदम उठा रही है?

Dharmendra Pradhan on NEET UG
X

Dharmendra Pradhan on NEET UG

बीते कई दिनों से नीट-यूजी के लीक और रद्द हुए पेपर को लेकर देश में काफी हंगामा देखने को मिला. 3 मई को एग्जाम हुआ था लेकिन पेपर लीक होने के चलते इसको बाद में रद्द कर दिया गया था. कई सालों से परीक्षा तैयारी कर रहे छात्रों का भी इसको लेकर गुस्सा देखने को मिला वहीं टीचर्स और छात्रों के पेरेंट्स ने भी इसको लेकर सिस्टम और NTA पर सवाल उठाए थे. जिसके बाद सरकार ने इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी थी और कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी देखने को मिली थी.

वहीं अब नीट-यूजी के एग्जाम की नई तारीख का भी ऐलान हो गया है. अब 21 जून को योगा-डे के दिन एग्जाम होगा. इसको लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और बताया कि अब क्या बदलाव देखने को मिलेगा और पेपर लीक को लेकर सरकार क्या कदम उठा रही है?

NEET-UG एग्जाम को लेकर क्या है धर्मेंद्र प्रधान की 10 बड़ी बातें?

1. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का कहना है कि "पुनः परीक्षा की नई तिथियां 21 जून घोषित कर दी गई हैं. परीक्षा 3 मई को हुई थी और 7 मई को NTA को शिकायत मिली कि अनुमानित पेपर में कुछ ऐसे प्रश्न थे जो इस बार की प्रश्नपत्रों में मौजूद थे."

2. आगे शिक्षा मंत्री ने बताया "उच्च शिक्षा विभाग ने तुरंत जांच शुरू की और इसे सरकारी एजेंसी को सौंप दिया. उन्होंने राज्य एजेंसियों से संपर्क किया और 12 मई तक हमें पुष्टि हो गई कि पेपर लीक हो गए थे."

3. उन्होंने कहा, "हम नहीं चाहते थे कि फर्जी उम्मीदवारों की साजिशों या शिक्षा माफिया के षड्यंत्रों के कारण किसी भी योग्य छात्र को उसके अधिकारों से वंचित किया जाए... पिछली बार सामने आई अनियमितताओं के बाद, राधाकृष्णन समिति का गठन किया गया था, और हमने 2025 और 2026 दोनों के लिए इसकी सिफारिशों को लागू किया था. इसके बावजूद, यह घटना घटी. इसलिए, हमारा पहला निर्णय परीक्षा रद्द करना था."

4. उन्होंने कहा “हम किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेंगे और परीक्षा माफिया के खिलाफ यह एक लंबी लड़ाई है. विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म गलत सूचना फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, व्यवस्था को चुनौती दी जा रही है और इसे देखते हुए जांच CBI को सौंप दी गई है, जिसने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है. यह जांच भ्रष्टाचार की तह तक जाएगी.”

5. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा "एनटीए एक सक्षम व्यक्ति के हाथों में है. इसका गठन सुप्रीम कोर्ट की सिफारिश पर किया गया है और यह हर साल लगभग 1 करोड़ छात्रों की परीक्षा आयोजित करता है. हम एनटीए में शून्य त्रुटियों को सुनिश्चित करेंगे."

6. आगे उन्होंने कहा "अगले साल से NEET परीक्षा CBT (कंप्यूटर-आधारित परीक्षा) मोड में आयोजित की जाएगी." यानी अगले साल परीक्षा ऑनलाइन होगी.

7. उन्होंने कहा "परीक्षा रद्द होने के दिन, एनटीए ने छात्रों की फीस वापस करने की घोषणा की थी. आगामी परीक्षा के लिए कोई फीस नहीं लगेगी. प्रथम दृष्टया, एनटीए ने छात्रों को अपनी पसंद का परीक्षा शहर दोबारा चुनने के लिए एक सप्ताह का समय देने का निर्णय लिया है."

8. छात्रों की सुविधा और समय की कमी को ध्यान में रखते हुए, एनटीए ने परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ाने का निर्णय लिया है. दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित परीक्षा अब शाम 5.15 बजे तक चलेगी.

9. उन्होंने आगे कहा, "इस परीक्षा के एडमिट कार्ड सभी उम्मीदवारों को 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे. भारत सरकार छात्रों के लिए परिवहन सुविधाओं की व्यवस्था के संबंध में राज्यों से बात करेगी.

10. आगे शिक्षा मंत्री ने कहा "मैं भी व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्रियों से बात करूंगा ताकि इस बार NEET परीक्षा के दौरान छात्रों को परिवहन में कम से कम कठिनाई हो. एनटीए 21 जून को मौसम में बदलाव को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार कर रहा है."

अगला लेख