तो क्या आज जिंदा होते राजीव गांधी, किसने किया था पूर्व PM की सुरक्षा को नजरअंदाज... सोनिया गांधी ने किताब में बताई पूरी कहानी
सोनिया गांधी की नई आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में राजीव गांधी की हत्या से पहले उनकी सुरक्षा में हुई चूकों का जिक्र किया गया है. किताब में सोनिया ने खुलासा किया है कि राहुल गांधी को भी अपने पिता की जान का खतरा महसूस होने लगा था.
sonia gandhi book
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की नई किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' इन दिनों चर्चा में है. 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित इस 527 पन्नों की किताब में उन्होंने अपने निजी जीवन, राजीव गांधी से पहली मुलाकात, परिवार से जुड़ी त्रासदियों और राजनीतिक सफर के कई अनकहे किस्से साझा किए हैं. हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित इस किताब में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या और उनकी सुरक्षा में हुई कथित लापरवाही का भी जिक्र है.
वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम द्वारा शेयर की गई पोस्ट के मुताबिक सोनिया गांधी ने किताब में बताया है कि राजीव गांधी की जान को लगातार खतरा होने के बावजूद उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे. उन्होंने यह भी खुलासा किया कि राहुल गांधी ने पिता की सुरक्षा को लेकर पहले ही चिंता जताई थी. मार्च 1991 में अमेरिका लौटने से पहले राहुल ने अपनी मां से जो बात कही थी, उसका जिक्र करते हुए सोनिया ने बताया कि परिवार को हमेशा किसी अनहोनी का डर सताता रहता था.
कब राहुल ने जताई थी हत्या की आशंका?
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में मार्च 1991 की एक घटना का जिक्र किया है. सोनिया गांधी के मुताबिक "मार्च 1991 में छुट्टियां खत्म होने के बाद पढ़ाई के लिए अमेरिका जाने से पहले राहुल ने कहा था मां, अगर पापा की सिक्योरिटी के लिए कुछ नहीं किया गया तो मैं जानता हूं कि मुझे उनके अंतिम संस्कार के लिए आना पड़ेगा." राहुल की इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि परिवार को राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर कितनी चिंता थी. सोनिया ने लिखा है कि राजीव गांधी की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की थी, लेकिन उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया.
उस वक्त कैसी थी राजीव गांधी की सुरक्षा?
सोनिया गांधी ने किताब में आरोप लगाया है कि तत्कालीन सरकारों ने कांग्रेस की ओर से राजीव गांधी को पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग को नजरअंदाज किया. उनके मुताबिक, "जब भी राजीव गांधी किसी दौरे पर जाते थे, तो उनके साथ केवल एक निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) होता था. बाद में सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव करते हुए दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाने लगा. उनके पास भी सिर्फ एक पिस्तौल होती थी. सोनिया ने सवाल उठाया कि देश के किसी भी राज्य की पुलिस को राजनीतिक निशाने पर मौजूद किसी व्यक्ति की सुरक्षा के लिए न तो कोई खास ट्रेनिंग दी गई थी और न ही किसी को पर्याप्त संसाधन."
किससे था राजीव गांधी को जान से खतरा?
सोनिया गांधी ने लिखा है कि प्रधानमंत्री पद पर न रहने के बावजूद राजीव गांधी की जान का खतरा कम नहीं हुआ था. 1984 में प्रधानमंत्री बनने के समय उन्हें तीन आतंकवादी संगठनों से खतरा था. साल 1990 तक कई और चरमपंथी संगठन सामने आ चुके थे, जिनके निशाने पर राजीव गांधी प्रमुख रूप से थे. सोनिया के मुताबिक, इन खतरों की जानकारी सरकारी अधिकारियों को भी थी. दिसंबर में हुई एक समिति की बैठक में फैसला लिया गया था कि राजीव गांधी को मिलने वाली स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) की सुरक्षा तब तक जारी रखी जानी चाहिए, जब तक किसी नए खतरे के आकलन के आधार पर इसमें बदलाव जरूरी न हो. हालांकि, वीपी सिंह सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव कर दिया. राजीव गांधी की नजदीकी सुरक्षा के लिए स्पेशल सुरक्षा बल की जगह स्थानीय पुलिस को तैनात कर दिया गया.
क्यों हमेशा डरा रहता था परिवार?
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि राजीव गांधी के विरोधियों को शायद लगा था कि सुरक्षा व्यवस्था में इस तरह के बदलाव से उन्हें दबाव में लाया जा सकेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इसके बावजूद परिवार उनकी सुरक्षा को लेकर लगातार परेशान रहता था. उन्होंने बताया कि जब भी राजीव गांधी किसी राजनीतिक दौरे पर जाते थे, तो उनके सुरक्षित घर लौटने तक सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की चिंता बनी रहती थी. परिवार को हर समय किसी अनहोनी की आशंका सताती रहती थी.
बिहार दौरे पर क्या हुआ था?
सोनिया गांधी ने किताब में मार्च 1991 के बिहार दौरे का भी जिक्र किया है. उस समय राहुल गांधी अमेरिका में पढ़ाई कर रहे थे और ईस्टर की छुट्टियों में घर आए हुए थे. उन्होंने अपने पिता के साथ बिहार जाने की जिद की थी. इस दौरे के दौरान राहुल ने जो कुछ देखा, उससे वह हैरान रह गए. सोनिया ने लिखा "राजीव के काफिले पर विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पत्थर और ईंटें बरसाईं. राजीव जिस खुली जीप में सफर कर रहे थे, उस पर हमला किया गया. यह सब स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में हो रहा था, लेकिन पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने खड़े रहे। उन्हें कोई दिलचस्पी नहीं थी कि वहां क्या हो रहा है."




