Begin typing your search...

सोनिया गांधी की नई किताब पर सियासी घमासान, आपातकाल से बाबरी तक 5 बड़े विवाद, BJP क्यों हुई हमलावार?

सोनिया गांधी की नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' पर सियासी विवाद तेज. आपातकाल, बाबरी विध्वंस और बाटला हाउस समेत 5 मुद्दों पर बीजेपी ने उठाए सवाल.

सोनिया गांधी की नई किताब पर सियासी घमासान, आपातकाल से बाबरी तक 5 बड़े विवाद, BJP क्यों हुई हमलावार?
X

Sonia Gandhi Book Controversy: एक किताब कभी किसी लेखक की जिंदगी के अनकहे किस्से सामने लाती है, तो कभी सियासत के पुराने जख्म फिर हरे कर देती है. सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के साथ भी कुछ ऐसा ही होता दिख रहा है. किताब के रिलीज होते ही आपातकाल, बाबरी मस्जिद विध्वंस, ऑपरेशन ब्लू स्टार और बाटला हाउस जैसे पुराने मुद्दे फिर चर्चा में आ गए हैं. बीजेपी ने सोनिया गांधी के बयानों पर सवालों की झड़ी लगा दी है, तो कांग्रेस भी बचाव में उतर आई है. आखिर किताब में ऐसा क्या है, जिसने एक बार फिर बीजेपी और कांग्रेस को आमने-सामने ला खड़ा किया? आइए जानते हैं इससे जुड़े पांच बड़े विवाद.

1. ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर क्या है विवाद और सिख समुदाय ने क्यों उठाए सवाल?

1984 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में हुए ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस शुरू हुई है. इस घटना और उसके बाद सिख समुदाय को पहुंचे नुकसान को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस के पुराने फैसलों पर सवाल उठाए. यह मसला उस समय उभरकर सामने आया है जब पंजाब में तीन महीने बाद चुनाव है.

2. आपातकाल को इंदिरा गांधी की गलती क्यों मानती हैं सोनिया गांधी?

सोनिया गांधी ने 1975 में लगाए गए आपातकाल को एक बड़ी गलती बताया है. उन्होंने अपनी किताब में संकेत दिया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी बाद में अपनी गलती का अहसास हुआ था. उन्होंने संजय गांधी की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उन्हें नियंत्रण में रखा गया होता तो आपातकाल के दौरान हुए कई नुकसान रोके जा सकते थे.

3. बाबरी मस्जिद विध्वंस पर सोनिया गांधी ने क्या कहा?

6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस की घटना का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने बताया कि इससे उन्हें गहरा दुख पहुंचा था. यहां तक कि वो रो पड़ी थीं.

4. बाटला हाउस मुठभेड़ और 26/11 पर सोनिया गांधी को लेकर बीजेपी ने क्या पूछा?

बाटला हाउस मुठभेड़ और मुंबई आतंकी हमले का मुद्दा भी किताब के बाद राजनीतिक बहस में शामिल हो गया है. बीजेपी नेता सीआर केसवन ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने बाटला हाउस मुठभेड़ के आरोपियों के प्रति सहानुभूति दिखाई, लेकिन मुठभेड़ में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के लिए वैसी संवेदना नहीं दिखाई.

उन्होंने 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमले का भी उल्लेख करते हुए तत्कालीन यूपीए सरकार की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए. हालांकि, ये बीजेपी की राजनीतिक टिप्पणियां हैं. इन्हें किताब में दर्ज किसी प्रमाणित तथ्य के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.

5. 2004 में सोनिया गांधी ने क्यों ठुकराया था प्रधानमंत्री पद, नटवर सिंह का नाम क्यों आया?

2004 में लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के नेतृत्व में यूपीए सरकार बनी थी. उस समय सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर दिया था और डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया गया था. इस घटनाक्रम को लेकर पूर्व विदेश मंत्री के. नटवर सिंह की आत्मकथा 'One Life Is Not Enough' में भी कई बातें सामने आई थीं.

किताब के प्रकाशन पर भी क्यों हुआ था विवाद?

किताब के प्रकाशन को लेकर भी विवाद सामने आया. शुरुआत में पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया के साथ इसके प्रकाशन की चर्चा थी, लेकिन बाद में संपादकीय मुद्दों पर मतभेद की खबरें आईं. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नरेंद्र मोदी, आरएसएस, चीन के साथ सीमा विवाद और अल्पसंख्यकों की स्थिति से जुड़े कुछ अंशों पर आपत्ति की बात सामने आई थी.

कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया कि संवेदनशील राजनीतिक विषयों को हटाने का प्रयास किया जा रहा था. वहीं पेंगुइन ने अपने भारतीय प्रकाशन विभाग को लेकर लगाए गए आरोपों का खंडन किया. बाद में हार्परकॉलिन्स इंडिया ने किताब प्रकाशित की.

किस किसने उठाए सवाल?

सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' को लेकर बीजेपी नेताओं ने कई सवाल उठाए हैं. पार्टी नेताओं ने आपातकाल, ऑपरेशन ब्लू स्टार, बाबरी मस्जिद विध्वंस और बाटला हाउस मुठभेड़ जैसे मुद्दों पर सोनिया गांधी के बयानों को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

सीआर केसवन ने किताब को 'Whitewashing' क्यों कहा?

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने सोनिया गांधी की किताब पर निशाना साधते हुए कहा कि इसका नाम 'Belonging' की जगह 'Whitewashing' होना चाहिए था. उन्होंने आरोप लगाया कि किताब के जरिए गांधी परिवार के राजनीतिक इतिहास की गलतियों पर पर्दा डालने की कोशिश की गई है. आपातकाल को लेकर सोनिया गांधी के बयान पर भी उन्होंने सवाल उठाए.

एचएस फूलका ने ऑपरेशन ब्लू स्टार पर क्या कहा?

बीजेपी नेता और वरिष्ठ वकील एचएस फूलका ने ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े सोनिया गांधी के विवरण पर सवाल उठाए. उन्होंने किताब में दिए गए घटनाक्रम और ऐतिहासिक तथ्यों के बीच अंतर होने का दावा किया.

कंगना रनौत ने गांधी परिवार पर क्या टिप्पणी की?

बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया के जरिए गांधी परिवार के राजनीतिक इतिहास पर सवाल उठाए. उन्होंने इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी से जुड़े घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी की राजनीतिक भूमिका पर टिप्पणी की.

बाबरी विध्वंस और बाटला हाउस पर सीआर केसवन ने क्या पूछा?

सीआर केसवन ने बाबरी मस्जिद विध्वंस पर सोनिया गांधी की भावनात्मक प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि क्या सोनिया गांधी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों में मारे गए लोगों, बाटला हाउस मुठभेड़ में शहीद पुलिसकर्मियों और 26/11 के पीड़ितों के लिए भी ऐसी ही संवेदना दिखाई थी?

2004 में प्रधानमंत्री पद छोड़ने पर बीजेपी ने क्या सवाल उठाए?

सीआर केसवन ने पूर्व विदेश मंत्री के. नटवर सिंह की आत्मकथा 'One Life Is Not Enough' का हवाला देते हुए सोनिया और प्रियंका गांधी की उनसे हुई मुलाकात पर सवाल खड़े किए. उन्होंने पूछा कि किताब प्रकाशित होने से पहले दोनों नेताओं की नटवर सिंह से मुलाकात क्यों हुई थी और 2004 में प्रधानमंत्री पद को लेकर पर्दे के पीछे क्या घटनाक्रम हुआ था?

कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर जख्म को कुरेदने का क्यों लगाया आरोप?

इन सब सवालों के जवाब में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने बीजेपी पर पुराने जख्म कुरेदने और राजनीतिक फायदा उठाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी गलतियों को स्वीकार कर चुकी है और इस मुद्दे को बार-बार उठाना उचित नहीं है.

कांग्रेसएक्सप्लेनरराहुल गांधीSonia Gandhi
अगला लेख