Begin typing your search...

चीनी जासूस एलिस कहां फरार? दूसरा नाम भी आया सामने, अमेरिका ने लगाए ये पांच आरोप, हुआंग मामले पर कितना जानते हैं आप?

एलिस हुआंग कहां हैं? जेन्सेन हुआंग से कथित अफेयर, चीन की जासूसी के 5 आरोप, Nvidia की जांच और शेयरहोल्डर्स के मुकदमे की पूरी कहानी जानिए. स्टेट मिरर हिंदी किसी तरह के आरोपों की पुष्टि नहीं करता है.

चीनी जासूस एलिस कहां फरार? दूसरा नाम भी आया सामने, अमेरिका ने लगाए ये पांच आरोप, हुआंग मामले पर कितना जानते हैं आप?
X

Nvidia CEO Jensen Huang China Spy Controversy: दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग इन दिनों एक बड़े विवाद में घिरे हैं. मामला उनके कथित अफेयर से शुरू हुआ, लेकिन अब यह अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी जंग, जासूसी और राष्ट्रीय सुरक्षा तक पहुंच गया है. इस पूरे विवाद के केंद्र में हैं चीनी कारोबारी एलिस हुआंग, जिन्हें हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है.

अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में एलिस पर चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने और Nvidia की कारोबारी रणनीतियों तक पहुंच बनाने के आरोप लगे हैं. वहीं, उनके जरिए प्रतिबंधित AI चिप्स चीन तक पहुंचाने की आशंका भी जताई गई है. जेन्सेन हुआंग ने अपनी पत्नी से बेवफाई स्वीकार करते हुए कर्मचारियों से माफी मांगी है. Nvidia के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है और अब कंपनी तथा CEO के खिलाफ शेयरहोल्डर क्लास एक्शन मुकदमा भी दायर हो चुका है. लेकिन इस पूरे विवाद में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एलिस हुआंग हैं कौन, उन पर क्या-क्या आरोप हैं और फिलहाल वह कहां हैं? आइए जानते हैं अब तक सामने आई पूरी कहानी.

एलिस हुआंग का दूसरा नाम क्या है?

एलिस हुआंग का दूसरा नाम हुआंग ले (Huang Le) बताया जाता है. वह चीन की कारोबारी दुनिया से जुड़ी रही हैं और उनका करियर फाइनेंस से लेकर AI चिप कारोबार तक फैला हुआ है. 10 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने चीन की एक निवेश कंपनी में सीनियर पदों पर काम किया था. इसके बाद वह सिंगापुर की क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी Megaspeed International की कंट्रोलिंग शेयरहोल्डर बनीं. कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 30 से अधिक सार्वजनिक वित्तीय दस्तावेजों, कंपनी रिकॉर्ड और कारोबारी जानकारियों की समीक्षा के आधार पर उनकी व्यावसायिक पृष्ठभूमि का विवरण दिया है. Megaspeed Nvidia की आधिकारिक क्लाउड पार्टनर कंपनियों में शामिल रही है.

एलिस हुआंग का नाम तब सुर्खियों में आया, जब अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में Nvidia के 63 वर्षीय CEO जेन्सेन हुआंग के साथ उनके कथित करीबी रिश्ते की बात सामने आई. दोनों का कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है. The New York Times की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों को संदेह था कि एलिस चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रही थीं और जेन्सेन हुआंग के साथ अपने संपर्कों का इस्तेमाल जानकारी जुटाने के लिए कर रही थीं.

एलिस हुआंग पर लगे 5 बड़े आरोप, क्या है पूरा मामला?

1. चीनी खुफिया एजेंसी MSS के लिए काम करने का आरोप

इस विवाद का सबसे गंभीर आरोप एलिस हुआंग के चीन की Ministry of State Security (MSS) से कथित संबंधों को लेकर है. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों से जुड़ी रिपोर्टों में दावा किया गया कि चीन ने उन्हें Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग के करीब पहुंचने और कंपनी की कारोबारी रणनीतियों की जानकारी जुटाने के लिए इस्तेमाल किया.

The New York Times की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने एलिस को चीनी खुफिया तंत्र से जुड़ा एक एसेट माना था. आरोप है कि उनके जरिए अमेरिकी टेक इंडस्ट्री के बड़े अधिकारियों और सरकारी अधिकारियों तक पहुंच बनाने की कोशिश की गई. हालांकि, अभी तक सार्वजनिक रूप से ऐसा कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है जिससे साबित हो कि एलिस ने Nvidia के व्यापारिक रहस्य या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी चीन को दी.

2. जेन्सेन हुआंग से कथित रिश्ते का इस्तेमाल कर कारोबारी पहुंच बढ़ाई

दूसरा आरोप एलिस और जेन्सेन हुआंग के कथित रिश्ते को लेकर है. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एलिस ने Nvidia के CEO से अपने करीबी संपर्कों का इस्तेमाल कारोबारी विश्वसनीयता बढ़ाने और चिप कारोबार में प्रभाव बनाने के लिए किया. The Information की 10 नवंबर की रिपोर्ट में दावा किया गया कि एलिस और उनके कारोबारी नेटवर्क के जरिए चीनी कंपनियों तक कम से कम 7.5 अरब डॉलर की Nvidia चिप्स पहुंचाने में मदद मिली.

रिपोर्ट के मुताबिक, जब अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के कारण कुछ एडवांस AI चिप्स के ऑर्डर अटक गए, तब एलिस ने Nvidia और उसके डिस्ट्रीब्यूटर्स से अपने संपर्कों का इस्तेमाल कर सप्लाई हासिल करने में मदद की. यह आरोप अभी स्वतंत्र रूप से प्रमाणित नहीं हुआ है.

3. पति और बहन के साथ मिलकर कंपनियों का नेटवर्क बनाने का आरोप

तीसरा आरोप एलिस हुआंग के कारोबारी नेटवर्क को लेकर है. The Information की रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस ने अपने पति और बहन हुआंग यू (Huang Yu) के साथ मिलकर चीन और सिंगापुर में कंपनियों का एक नेटवर्क तैयार किया था. इस नेटवर्क के केंद्र में चीन की कंपनी Shanghai Century Litong का नाम सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस कंपनी को Nvidia के प्रेफर्ड क्लाउड पार्टनर का दर्जा मिला था, जिससे उसे एडवांस AI चिप्स की सप्लाई तक प्राथमिक पहुंच मिल सकती थी.

रिपोर्ट में दावा किया गया कि इस नेटवर्क के जरिए करीब 2.40 लाख H100, H200 और कुछ A100 प्रोसेसर चीन पहुंचाए गए. इनमें वे चिप्स भी शामिल होने का आरोप है, जिनकी चीन को बिक्री पर अमेरिका ने प्रतिबंध लगा रखा था. हालांकि, इन सभी चिप्स की अंतिम मंजिल और कथित अवैध ट्रांसफर की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है.

4. Megaspeed के जरिए प्रतिबंधित AI चिप्स चीन पहुंचाने का शक

इस विवाद में सिंगापुर की Megaspeed International की भूमिका भी जांच के दायरे में है. एलिस हुआंग इस कंपनी से जुड़ी रही हैं और वह करीब आठ महीने तक इसकी मैनेजिंग डायरेक्टर भी थीं. अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि Megaspeed के कारोबारी नेटवर्क का इस्तेमाल अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों को दरकिनार कर Nvidia की एडवांस AI चिप्स चीनी कंपनियों तक पहुंचाने के लिए किया गया हो सकता है.

अमेरिकी न्याय विभाग और वाणिज्य विभाग इस मामले में निर्यात नियमों के संभावित उल्लंघन की जांच कर रहे हैं. हालांकि, अभी तक सार्वजनिक रूप से ऐसा कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है कि Megaspeed ने गैरकानूनी तरीके से चिप्स चीन पहुंचाई थीं. 10 नवंबर की रिपोर्ट में भी कहा गया कि कंपनी की इंडोनेशियाई इकाई द्वारा H100 प्रोसेसर और संबंधित हार्डवेयर आयात किए जाने के रिकॉर्ड मिले हैं, लेकिन केवल इन शिपमेंट से किसी गैरकानूनी गतिविधि का प्रमाण नहीं मिलता.

5. कंपनी के मालिकाना हक और अरबों डॉलर के वित्तीय लेनदेन पर सवाल

पांचवां आरोप Megaspeed के मालिकाना हक और उसकी वित्तीय गतिविधियों को लेकर है. सार्वजनिक कारोबारी रिकॉर्ड के मुताबिक, Megaspeed पहले 7Road International के नाम से जानी जाती थी. बाद में इसका नाम बदला गया और कंपनी की ओनरशिप सिंगापुर की Swiftdata से जुड़ी हो गई. 10 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, Megaspeed की कुल संपत्ति 2023 में करीब 3.3 करोड़ डॉलर से बढ़कर 2024 में लगभग 3 अरब डॉलर हो गई. कंपनी के राजस्व में भी तेजी दर्ज की गई.

इसके अलावा, Culper Research की रिपोर्ट में कंपनी के खातों में करीब 2.9 अरब डॉलर के रिफंडेबल डिपॉजिट का जिक्र किया गया है, जिसके स्रोत को लेकर सवाल उठाए गए. हालांकि, ये वित्तीय आंकड़े अपने आप में किसी जासूसी गतिविधि या अवैध चिप कारोबार का प्रमाण नहीं हैं. कंपनी की वित्तीय संरचना और उसके कारोबारी लेनदेन को लेकर उठे सवालों की जांच जारी है.

आखिर कहां हैं एलिस हुआंग? चीन में होने की चर्चा, लेकिन लोकेशन का पता नहीं

इस पूरे विवाद में सबसे दिलचस्प पहलू एलिस हुआंग की मौजूदा लोकेशन है. उनका नाम दुनिया की सबसे बड़ी AI कंपनी के CEO से जुड़े विवाद में सामने आया है, लेकिन फिलहाल वह कहां हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. 10 नवंबर को एक रिपोर्ट में बताया कि वह एलिस हुआंग की मौजूदा लोकेशन का पता नहीं लगा सका और न ही उनसे संपर्क कर उनका पक्ष जान पाया.

वहीं, The Wall Street Journal की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल की शुरुआत में एलिस के संपर्क में रहे दो लोगों ने बताया था कि उस समय वह चीन में थीं. लेकिन इससे उनकी मौजूदा लोकेशन की पुष्टि नहीं होती. चीनी विदेश मंत्रालय से भी जब एलिस की नागरिकता और मौजूदा ठिकाने के बारे में सवाल किया गया, तो प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी. उन्होंने केवल इतना कहा कि चीन इस कथित जासूसी कहानी को बेबुनियाद अटकल और देश को बदनाम करने की कोशिश मानता है. एलिस हुआंग ने भी अब तक सार्वजनिक रूप से इन आरोपों पर कोई बयान नहीं दिया है. ऐसे में फिलहाल यह कहना सही होगा कि उनकी मौजूदा लोकेशन अज्ञात है.

अमेरिकी संसद ने जेन्सेन हुआंग को पेश होने के लिए कहा

मामले ने अमेरिकी राजनीति में भी तूल पकड़ लिया है. 5 नवंबर को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की तीन प्रमुख समितियों के अध्यक्षों ने जेन्सेन हुआंग को बंद कमरे में ब्रीफिंग देने के लिए पत्र लिखा. इसमें हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के अध्यक्ष ब्रायन मास्ट, चीन पर बनी चयन समिति के अध्यक्ष जॉन मूलेनार और इंटेलिजेंस कमेटी के अध्यक्ष रिक क्रॉफर्ड शामिल हैं.

सांसदों ने जेन्सेन हुआंग से 18 नवंबर को पेश होकर एलिस हुआंग के साथ अपने संपर्कों और विदेशी जासूसी से कंपनी को बचाने के इंतजामों पर जानकारी देने को कहा है. उनसे 11 नवंबर तक इस तारीख को स्वीकार करने या दूसरी तारीख बताने के लिए कहा गया है. अमेरिकी सांसदों का मानना है कि इस मामले में यह पता लगाना जरूरी है कि क्या चीन ने अमेरिकी तकनीक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बनाने की कोशिश की.

Nvidia के शेयरों में गिरावट, दो दिनों में बाजार मूल्य पर भारी असर

इस विवाद का असर शेयर बाजार पर भी दिखाई देने लगा है. 9 नवंबर को Nvidia के शेयरों में करीब 4.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. इससे कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब 190 अरब डॉलर कम हो गया. मंगलवार को भी कंपनी के शेयरों में 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई. दो कारोबारी सत्रों में कंपनी की बाजार वैल्यू में करीब 400 अरब डॉलर तक की कमी आने का अनुमान जताया गया. निवेशकों को चिंता है कि CEO से जुड़ा यह विवाद कंपनी की छवि, नेतृत्व और भविष्य के कारोबार को प्रभावित कर सकता है. हालांकि, शेयरों में आई पूरी गिरावट को सिर्फ इस विवाद का नतीजा मानना सही नहीं होगा.

Nvidia और जेन्सेन हुआंग के खिलाफ शेयरहोल्डर्स ने ठोका मुकदमा

10 नवंबर को सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक, Nvidia और जेन्सेन हुआंग के खिलाफ अमेरिका में शेयरहोल्डर क्लास एक्शन मुकदमा दायर किया गया है. यह मुकदमा कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में दाखिल किया गया. शिकायतकर्ता मार्क किस्टनमेकर (Mark Kistenmacher) ने आरोप लगाया है कि कंपनी और उसके CEO ने एलिस हुआंग के साथ कथित रिश्ते और उससे जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिमों की जानकारी निवेशकों से छिपाई.

मुकदमे में दावा किया गया है कि Nvidia ने Megaspeed के साथ अपने कारोबारी संबंधों और उससे जुड़े जोखिमों को लेकर निवेशकों को पर्याप्त जानकारी नहीं दी. शिकायतकर्ता के मुताबिक, इससे कंपनी की प्रतिष्ठा और भविष्य के कारोबार पर असर पड़ने का खतरा था. मुकदमा दायर करने वाले निवेशक ने उन शेयरहोल्डर्स की ओर से हर्जाने की मांग की है, जिन्होंने 9 अक्टूबर से 8 नवंबर के बीच Nvidia के शेयर खरीदे थे. हालांकि, यह फिलहाल शिकायतकर्ता के आरोप हैं. अदालत ने अभी इन पर कोई अंतिम फैसला नहीं दिया है.

ट्रंप ने किया जेन्सेन हुआंग का बचाव, चीन ने जासूसी के आरोप नकारे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस विवाद के बीच जेन्सेन हुआंग का बचाव किया है. उन्होंने Nvidia CEO को सम्मानित व्यक्ति बताते हुए कहा कि उन्होंने शानदार काम किया है. ट्रंप के मुताबिक, हुआंग ने उनसे कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि संबंधित महिला जासूसी गतिविधियों में शामिल हो सकती है. ट्रंप ने यह भी कहा कि FBI इस मामले को देख रही है. दूसरी तरफ चीन ने जासूसी के आरोपों को खारिज किया है. चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि चीन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और देश को बदनाम करने की कोशिश हैं. चीन का कहना है कि इस तरह की कथित जासूसी कहानी केवल अटकलों पर आधारित है. ऐसे में अमेरिका और चीन के बीच पहले से जारी AI चिप्स की तकनीकी और कारोबारी प्रतिस्पर्धा में यह विवाद एक नया मोर्चा खोल सकता है.

क्या Nvidia की AI तकनीक चीन तक पहुंच गई?

इस पूरे मामले का सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या एलिस हुआंग के जरिए चीन ने Nvidia की गोपनीय तकनीक या कारोबारी रणनीति तक पहुंच बनाने की कोशिश की थी? अब तक सार्वजनिक रूप से इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि Nvidia के व्यापारिक रहस्य या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी कोई जानकारी चीन तक पहुंची है. कंपनी का बोर्ड भी कह चुका है कि फिलहाल उसके पास ऐसी किसी सेंधमारी का सबूत नहीं है. हालांकि, Megaspeed की चिप खरीद, अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों की जांच, एलिस हुआंग पर जासूसी का शक और जेन्सेन हुआंग के साथ उनके कथित रिश्ते ने इस मामले को बेहद संवेदनशील बना दिया है.

अगला लेख