Begin typing your search...

SIR पर चुनाव आयोग को क्लीन चिट ही नहीं नागरिकता पर भी भम्र खत्म, FAQ से समझें सुप्रीम कोर्ट का फैसला

सुप्रीम कोर्ट ने SIR को वैध बताते हुए साफ किया कि वोटर लिस्ट से नाम हटने का मतलब नागरिकता खत्म होना नहीं है. FAQ में समझें पूरा फैसला.

SIR पर चुनाव आयोग को क्लीन चिट ही नहीं नागरिकता पर भी भम्र खत्म, FAQ से समझें सुप्रीम कोर्ट का फैसला
X

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ यानी SIR पर सुप्रीम कोर्ट की मुहर ने देश की राजनीति और चुनावी व्यवस्था दोनों में नई बहस छेड़ दी है. अदालत ने साफ कहा है कि मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखना स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के लिए जरूरी है और इसके लिए चुनाव आयोग को संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत विशेष पुनरीक्षण कराने का अधिकार है. साथ ही कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि वोटर लिस्ट से नाम हटने का मतलब किसी की नागरिकता खत्म होना नहीं है. इस फैसले को बीजेपी सरकार और चुनाव आयोग के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. जबकि विपक्ष अब भी इसे NRC जैसे डर से जोड़कर देख रहा है. आने वाले चुनावों में SIR अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकता है. FAQ से समझें इसका जवाब.

सुप्रीम कोर्ट ने भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा कराए जा रहे ‘Special Intensive Revision’ यानी SIR को संवैधानिक और कानूनी रूप से वैध ठहरा दिया है. मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की पीठ ने साफ कहा कि मतदाता सूचियों की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखना स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के लिए बेहद जरूरी है. अदालत ने माना कि ECI को संविधान के अनुच्छेद 324 और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 21(3) के तहत SIR कराने का पूरा अधिकार है.

इस फैसले के बाद राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर बड़ी बहस शुरू हो गई है. बीजेपी इसे चुनावी शुद्धिकरण और लोकतंत्र की मजबूती बता रही है, जबकि विपक्ष इसे नागरिकता की जांच के “पिछले दरवाजे” के तौर पर पेश कर रहा है.

SIR Supreme Court Verdict

सुप्रीम कोर्ट ने SIR को वैध बताते हुए साफ किया कि वोटर लिस्ट से नाम हटने का मतलब नागरिकता खत्म होना नहीं है। FAQ में समझें पूरा फैसला।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मतदाता सूची सिर्फ वोटिंग का रिकॉर्ड नहीं होती, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बुनियाद होती है. अगर सूची में मृत, डुप्लीकेट या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम बने रहें, तो चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है. अदालत ने माना कि पिछले चार दशकों में बड़े पैमाने पर शहरीकरण, पलायन और आबादी में बदलाव हुए हैं. ऐसे में निर्वाचन आयोग के लिए यह जरूरी हो जाता है कि वह समय-समय पर मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण करे. कोर्ट ने कहा कि SIR कोई नई समानांतर प्रक्रिया नहीं, बल्कि मौजूदा कानून के भीतर किया गया विशेष संशोधन है.

सुप्रीम कोर्ट ने इस सबसे बड़े विवाद पर भी स्पष्ट टिप्पणी की. अदालत ने कहा कि ECI किसी व्यक्ति की नागरिकता पर अंतिम फैसला नहीं देता. निर्वाचन आयोग सिर्फ यह जांच कर सकता है कि कोई व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने की शर्तें पूरी करता है या नहीं. अगर किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाया जाता है, तो इसका मतलब यह नहीं होगा कि उसकी भारतीय नागरिकता खत्म हो गई. अदालत ने साफ किया कि नागरिकता का अंतिम फैसला केंद्र सरकार के सक्षम अधिकारी ही करेंगे. यानी वोटर लिस्ट से नाम हटना और नागरिकता खत्म होना दोनों अलग-अलग बातें हैं.

सुप्रीम कोर्ट ने माना कि चुनाव आयोग के पास मतदाता सूची तैयार करने के दौरान नागरिकता से जुड़े सवालों की जांच करने का अधिकार है. लेकिन यह अधिकार केवल चुनावी उद्देश्य तक सीमित रहेगा. अदालत ने कहा कि अगर किसी मामले में आयोग को संदेह हो, तो उसे अंतिम फैसला खुद नहीं लेना चाहिए बल्कि मामले को केंद्र सरकार के सक्षम अधिकारी के पास भेजना होगा. यानी ECI की भूमिका जांच और सत्यापन तक सीमित रहेगी.

याचिकाकर्ताओं ने अदालत में कहा था कि SIR प्रक्रिया असल में “NRC जैसी” व्यवस्था बन सकती है. उनका तर्क था कि इससे आम नागरिकों पर अपनी नागरिकता साबित करने का बोझ बढ़ जाएगा. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स, योगेंद्र यादव, महुआ मोइत्रा, मनोज झा और अन्य नेताओं ने कहा था कि चुनाव आयोग को नागरिकता तय करने वाली संस्था में नहीं बदला जा सकता. हालांकि, अदालत ने इन दलीलों को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया और कहा कि सत्यापन प्रक्रिया को नागरिकता समाप्त करने की कार्रवाई नहीं माना जा सकता.

यह फैसला राजनीतिक रूप से बीजेपी सरकार और चुनाव आयोग दोनों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. विपक्ष लगातार आरोप लगा रहा था कि SIR प्रक्रिया के जरिए नागरिकता को लेकर डर पैदा किया जा रहा है. लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सरकार यह कह सकती है कि पूरी प्रक्रिया संवैधानिक ढांचे के भीतर हो रही है. बीजेपी अब इसे “स्वच्छ मतदाता सूची” और “फ्री एंड फेयर इलेक्शन” के नैरेटिव के तौर पर पेश कर सकती है. खासकर उन राज्यों में जहां अवैध घुसपैठ और डुप्लीकेट वोटर का मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र रहा है.

यह फैसला राजनीतिक रूप से बीजेपी सरकार और चुनाव आयोग दोनों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. विपक्ष लगातार आरोप लगा रहा था कि SIR प्रक्रिया के जरिए नागरिकता को लेकर डर पैदा किया जा रहा है. लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सरकार यह कह सकती है कि पूरी प्रक्रिया संवैधानिक ढांचे के भीतर हो रही है. बीजेपी अब इसे “स्वच्छ मतदाता सूची” और “फ्री एंड फेयर इलेक्शन” के नैरेटिव के तौर पर पेश कर सकती है. खासकर उन राज्यों में जहां अवैध घुसपैठ और डुप्लीकेट वोटर का मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र रहा है.

बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और कई अन्य राज्यों में SIR प्रक्रिया पहले ही चर्चा का विषय बन चुकी है. सुप्रीम कोर्ट की मुहर के बाद यह मुद्दा 2027 और 2029 की राजनीति में भी बड़ा चुनावी नैरेटिव बन सकता है. एक तरफ बीजेपी इसे चुनावी पारदर्शिता का मुद्दा बनाएगी, तो दूसरी ओर विपक्ष इसे नागरिक अधिकारों और दस्तावेज़ी दबाव से जोड़कर जनता के बीच ले जाने की कोशिश करेगा. यानी अदालत का फैसला आने के बावजूद SIR पर राजनीतिक लड़ाई अभी खत्म होती नहीं दिख रही.

Politics
अगला लेख