पापा की गोद में मां...राहुल गांधी ने सुनाया सोनिया और राजीव गांधी के बीच झगड़े का वो किस्सा, बताया- GF को कहां ले जाते थे डेट पर
सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love के लॉन्च पर राहुल गांधी ने माता-पिता के रिश्ते से जुड़े कई अनसुने किस्से साझा किए. बताया कि राजीव और सोनिया गांधी को सिर्फ एक बार झगड़ते देखा था और बचपन में उन्हें लगता था कि हर घर में पति-पत्नी इसी तरह एक-दूसरे से प्यार करते हैं.
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love के विमोचन के मौके पर राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने अपने माता-पिता को जिंदगी में सिर्फ एक बार झगड़ते हुए देखा था. उन्होंने यह भी बताया कि दोनों के बीच प्यार का रिश्ता इतना गहरा था कि परिवार में साथ बिताए छोटे-छोटे पल भी उनके लिए यादगार बन गए.
नई दिल्ली के ITC मौर्या में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने बताया कि जिस दिन उनके माता-पिता के बीच बहस हुई थी, उस समय राजीव गांधी फोन पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे. इसी दौरान सोनिया गांधी उनसे कुछ कहना चाह रही थीं. उन्होंने एक ही बात तीन-चार बार दोहराई, जिससे राजीव गांधी थोड़ा तनाव में आ गए. राहुल के मुताबिक, यही वह इकलौता मौका था जब उन्होंने अपने माता-पिता को आपस में झगड़ते देखा.
माता-पिता का प्यार देखकर दोस्तों से सवाल करते थे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते को याद करते हुए बताया कि उनके घर में प्यार जताने का एक अलग ही अंदाज था. उन्होंने कहा कि खाने की मेज पर अक्सर उनके पिता राजीव गांधी बैठे होते थे और मां सोनिया गांधी उनकी गोद में बैठी रहती थीं. राहुल को बचपन में यह बिल्कुल सामान्य लगता था.
उन्होंने बताया कि एक बार जब वह अपने दोस्त के घर गए तो वहां उन्होंने उसके माता-पिता को इस तरह बैठे नहीं देखा. यह देखकर राहुल ने अपने दोस्त से पूछ लिया कि आखिर उसकी मां उसके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठती हैं? राहुल ने बताया कि उनके लिए माता-पिता का इस तरह एक-दूसरे के करीब रहना रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा था. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि दूसरे परिवारों में ऐसा नहीं होता.
इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की मौत ने बदल दी जिंदगी
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने अपनी जिंदगी के उन दो सबसे मुश्किल दौर का भी जिक्र किया, जब पहले उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या हुई और फिर कुछ साल बाद उनके पिता राजीव गांधी की जान चली गई. उन्होंने कहा कि परिवार ने एक के बाद एक अपने दो सबसे बड़े सहारे खो दिए. पहले इंदिरा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई और फिर राजीव गांधी की बम धमाके में जान चली गई.
राहुल ने बताया कि पिता की मौत के बाद उनकी मां सोनिया गांधी पूरी तरह बदल गई थीं. जिस मां को वह हमेशा हंसते-मुस्कुराते और जिंदगी से भरपूर देखते थे, उनका वह रूप अचानक कहीं खो गया. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि सोनिया गांधी पूरी तरह राजीव गांधी से जुड़ी हुई थीं और राजीव गांधी भी उनसे उतना ही गहरा जुड़ाव रखते थे. लेकिन जब राजीव गांधी इस दुनिया से चले गए तो ऐसा लगा जैसे सोनिया गांधी की जिंदगी की लौ ही बुझ गई हो.
राहुल गांधी GF को कहां ले जाते थे डेट पर?
राहुल गांधी ने कैंब्रिज में पढ़ाई के दौरान का एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक बार वह अपनी गर्लफ्रेंड को उस रेस्टोरेंट में लेकर गए थे, जहां उनके माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे. राहुल ने बताया कि उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा था, 'चलो वर्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं.' हालांकि, उसे इस जगह के बारे में कुछ पता नहीं था. राहुल ने कहा कि वह खुद उस रेस्टोरेंट को देखना चाहते थे, जहां उनके माता-पिता की पहली मुलाकात हुई थी. इस तरह उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के एक छोटे से पल के जरिए माता-पिता की प्रेम कहानी से जुड़ी याद साझा की.
क्यों लिखी सोनिया गांधी ने अपनी किताब?
अपनी किताब Belonging: A Journey of Love के विमोचन के दौरान सोनिया गांधी ने इसे लिखने की वजह भी बताई. उन्होंने कहा कि उनके परिवार और निजी जिंदगी को लेकर लंबे समय से कई तरह की कहानियां कही जाती रही हैं, जिनमें से बहुत सी बातें उस सच्चाई से बिल्कुल अलग हैं जिसे वह जानती हैं.
सोनिया गांधी के मुताबिक, उनके और उनके परिवार के बारे में कई बार ऐसी बातें लिखी और कही गईं, जो उन्हें आहत करती थीं. इसलिए उन्होंने सोचा कि किताब के जरिए वह अपने अनुभव, भावनाएं और परिवार के बारे में अपनी समझ लोगों के सामने रखें. उन्हें उम्मीद है कि लोग उनकी कहानी को भी सुनने और समझने के लिए तैयार होंगे.
किताब के विमोचन में कई बड़े नेता रहे मौजूद
सोनिया गांधी की किताब का विमोचन नई दिल्ली के ITC मौर्या होटल में हुआ. इस मौके पर उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने शिरकत की. हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित यह किताब 10 नवंबर से बिक्री के लिए उपलब्ध है. इसमें सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी, परिवार और भारतीय राजनीति के लंबे सफर से जुड़े अनुभव साझा किए हैं.
हालांकि, किताब को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है. बीजेपी ने आरोप लगाया है कि इसमें आपातकाल और 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मुद्दों को सही तरीके से पेश नहीं किया गया है. वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसे सोनिया गांधी की जिंदगी का बेबाक और निजी अनुभवों पर आधारित दस्तावेज बताया है.




