Begin typing your search...
खुद को भगवान बता किया महिला का यौन शोषण, पति से दिलाया तलाक और पिलाया अपना यूरिन; पुणे के 'बाबा' का काला सच उजागर
पुणे में एक कथित बाबा पर महिला को भगवान का अवतार होने का झांसा देकर वर्षों तक शोषण करने, ब्लैकमेल करने और अपना यूरिन पिलाने का आरोप लगा है. पुलिस ने बाबा और उसके 7 साथियों को गिरफ्तार कर आश्रम से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, नकदी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है.
पुणे में खुद को भगवान बताने वाला बाबा गिरफ्तार
( Image Source:
ChatGPT )
पुणे में एक कथित 'बाबा' का ऐसा चेहरा सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. इस 'बाबा' ने आस्था की आड़ में एक महिला को सालों तक अपने जाल में फंसाए रखा. पुलिस के मुताबिक, खुद को भगवान का अवतार बताने वाले इस बाबा ने महिला को पहले परिवार से दूर किया, फिर उसका शोषण किया और कथित तौर पर उसे डराकर अपने इशारों पर चलाता रहा. एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, तथाकथित बाबा ने महिला को अपना यूरिन भी पिलाया.
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान राधेश्याम मिश्रा उर्फ राधामोहन मिश्रा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वह पुणे के वाघोली इलाके में ‘मॉडर्न गुरुकुल’ नाम से एक आश्रम चलाता था. जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से लोगों को अपनी कथित शक्तियों और चमत्कारों का भरोसा दिलाकर प्रभावित करता था.
पुलिस ने क्या-क्या बताया?
- पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला करीब 2010 में आरोपी बाबा के संपर्क में आई थी. धीरे-धीरे बाबा ने कथित तौर पर उसे परिवार से अलग कर दिया और पति से तलाक लेने के लिए मजबूर किया.
- आरोप है कि 2010 से 2016 के बीच बाबा ने महिला का यौन शोषण किया, उसके साथ मारपीट की और उसे डराने के लिए बिजली के झटके तक दिए.
- इतना ही नहीं, पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला के आपत्तिजनक वीडियो भी बनाए और उन्हीं वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करता रहा.
- बाबा की कथित धमकियों और ‘दिव्य शक्ति’ के दावों के कारण महिला लंबे समय तक चुप रही.
- जांच में पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि बाबा और उसके साथियों ने महिला समेत कई अनुयायियों को यह विश्वास दिलाया कि वह भगवान का पुनर्जन्म है. इसी अंधविश्वास का फायदा उठाकर उसने महिला से बेहद आपत्तिजनक और अमानवीय हरकतें करवाईं.
- पुलिस रेड में आश्रम के अंदर से मिले सामान ने जांच को और गंभीर बना दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, एक गुप्त कमरे से 12 लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन, 19 हार्ड ड्राइव, कई पेन ड्राइव और रिकॉर्डिंग से जुड़े सामान बरामद किए गए हैं.
- इसके अलावा, पुलिस को करीब 6.5 लाख रुपये नकद, लाखों रुपये की ज्वेलरी और बड़ी मात्रा में दवाइयां व संदिग्ध सामग्री भी मिली है. अब इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके.
- पुलिस ने राधेश्याम मिश्रा और उसके सात साथियों को गिरफ्तार किया है. इनमें उसका करीबी सहयोगी ‘स्वामी’ कंवल नयन भी शामिल है. पुलिस को आशंका है कि मामले में और पीड़ित सामने आ सकते हैं.
- आठों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि बाबा का यह कथित नेटवर्क कितने समय से चल रहा था और इसमें कितने लोग शामिल थे.




