Begin typing your search...
प्रेग्नेंसी के दौरान मारपीट, गर्म पानी से जलाया और जबरन सिर मुंडवाया; दहेज के लिए महिला को ससुराल वालों ने जमकर किया टॉर्चर
महाराष्ट्र के कल्याण में एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जबरन सिर मुंडवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कल्याण में महिला पर ससुराला वालों ने जमकर ढाया कहर
( Image Source:
ChatGPT )
Kalyan Woman Torture Case: महाराष्ट्र के कल्याण से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है. एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर कई महीनों तक शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है. महिला का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की गई, खाना देने से मना किया गया और उसके सिर के बाल जबरन काट दिए गए.
पीड़िता अफसाना (नाम शिकायत के अनुसार) उल्हासनगर की रहने वाली है. उसने पुलिस शिकायत में बताया कि उसकी शादी नवंबर 2025 में कल्याण के वालधुनी इलाके के रहने वाले समीर अंसारी से हुई थी. शादी से पहले ही उसके परिवार ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात ससुराल पक्ष को बताई थी, लेकिन इसके बावजूद शादी के बाद पैसों और सामान की मांग को लेकर कथित तौर पर दबाव बनाया जाने लगा.
मामले की 10 बड़ी बातें
- महिला ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. शिकायत के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से पैसों और अन्य सामान की मांग शुरू हो गई थी.
- महिला का आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान भी उसके साथ मारपीट की गई और पर्याप्त खाना नहीं दिया गया.
- पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके हाथों पर गर्म पानी डालकर जलाने की कोशिश की गई.
- महिला ने बताया कि उसे रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पैसे नहीं दिए जाते थे.
- शिकायत के अनुसार, 7 जून को ससुराल वालों ने जूं होने का बहाना बनाकर जबरन उसके बाल काट दिए. इस काम में उसे पति, सास, ननद और मौसी सास शामिल थे.
- महिला का आरोप है कि बाल काटने के बाद उसे करीब एक हफ्ते तक कमरे में बंद रखा गया और परेशान किया गया.
- किसी तरह वह ससुराल से निकलकर अपनी बहन के घर पहुंची, जहां उसने परिवार को पूरी घटना बताई. परिवार ने उसे उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
- पुलिस ने पति, सास, ससुर, ननद और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
- पीड़ित के भाई ने महाराष्ट्र सरकार और मुख्यमंत्री से दखल देने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है. इस घटना से इलाके के लोगों में काफी गुस्सा है.
- महात्मा फुले पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर बलिराम परदेशी के मुताबिक, महिला के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी.




