Begin typing your search...

दीपिका- ट्विशा के बाद अब फातिमा चढ़ी दहेज की बलि! पति और सास के सामने लड़की ने पिया एसिड- परिजनों ने लगाया ये आरोप

केरल के कासरगोड जिले से एक बेहद ही दर्दनाक और झकझोर कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 24 वर्षीय महिला फातिमाथ सुफ़ैदा की कथित दहेज प्रताड़ना के बीच मौत हो गई. आरोप है कि सुफ़ैदा ने अपने पति और ससुरालवालों के सामने ही एसिड पी लिया.

दीपिका- ट्विशा के बाद अब फातिमा चढ़ी दहेज की बलि! पति और सास के सामने लड़की ने पिया एसिड- परिजनों ने लगाया ये आरोप
X
( Image Source:  @HateDetectors-X )

नोएडा की दीपिका और ट्विशा केस का मामला अभी तक शांत नहीं हुआ था कि अब फिर केरल के कासरगोड जिले से एक बेहद ही दर्दनाक और झकझोर कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 24 वर्षीय महिला फातिमाथ सुफ़ैदा की कथित दहेज प्रताड़ना के बीच मौत हो गई. आरोप है कि सुफ़ैदा ने अपने पति और ससुरालवालों के सामने ही एसिड पी लिया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस घर में सोमवार को शादी की पहली सालगिरह की तैयारियां होनी थीं, उसी घर में मातम पसरा हुआ है. मृतका के परिजनों ने पति और सास पर लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है. पुलिस ने पति आदिल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

क्या है पूरा मामला और कैसे हुई घटना?

यह घटना कासरगोड के पानाथला इलाके की है, जो विद्यानगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आता है. मृतका की पहचान चेरलाडुक्कम निवासी फातिमाथ सुफ़ैदा के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, शनिवार को सुफ़ैदा के ससुराल में सोने के गहनों और महर की चेन को लेकर बड़ा विवाद हुआ था. आरोप है कि इसी विवाद के दौरान उसके पति आदिल ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन जमीन पर पटककर तोड़ दिया ताकि वह किसी को जानकारी न दे सके. बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि सुफ़ैदा ने घर में रखा एसिड पी लिया. घटना के वक्त पति और सास घर में मौजूद थे.

परिवार ने ससुरालवालों पर क्या आरोप लगाए?

मृतका के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही सुफ़ैदा को दहेज और सोने के गहनों को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था. रिश्तेदारों के अनुसार, 'उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था. यहां तक कि मारपीट की बात बाहर न जाए, इसलिए उसका फोन तक तोड़ दिया गया.' परिवार का यह भी आरोप है कि एसिड पीने के बाद भी ससुरालवालों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश नहीं की. एक रिश्तेदार ने कहा कि 'उसे बचाने की जगह कहा गया कि अब जो किया है उसका परिणाम भुगतो.' इन आरोपों के बाद मामला और गंभीर हो गया है.

क्या पति-पत्नी के बीच पहले भी होता था विवाद?

परिवार के लोगों का कहना है कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि यह सामान्य घरेलू विवाद है, लेकिन बाद में पता चला कि सुफ़ैदा लंबे समय से गंभीर प्रताड़ना झेल रही थी. बताया जा रहा है कि दंपति का एक दो महीने का बच्चा भी है. घटना वाले दिन सुफ़ैदा के मायके वाले उसे अपने साथ ले जाने पहुंचे थे. इसी बात को लेकर घर में तनाव बढ़ गया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आदिल ने कथित तौर पर सुफ़ैदा से कहा था कि अगर वह मायके चली गई तो दोबारा इस घर में वापस नहीं आ सकेगी. इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई.

पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की?

विद्यानगर पुलिस ने इस मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने पति आदिल को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. कासरगोड के मिम्स अस्पताल में शव का पंचनामा किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए आरडीओ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.

क्यों चर्चा में है यह मामला?

यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि सोमवार को दंपति की शादी की पहली सालगिरह थी. एक तरफ सालगिरह की तारीख, दूसरी तरफ दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के आरोपों के बीच हुई मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं और दहेज प्रताड़ना के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

यदि आप चिंता या भावनात्मक दबाव से गुजर रहे हैं, तो भारत सरकार की जीवन आस्था हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. सुसाइड सामाजिक समस्या है.

अगला लेख