काम वाली के 'काले जादू' से परेशान था परिवार, डॉक्टर ने पहले बैट से जमकर पीटा- फिर चाकू घोंपकर मार डाला; पुलिस ने क्या-क्या बताया?
दिल्ली के माउंट कैलाश इलाके में एक डॉक्टर पर अपनी 45 वर्षीय घरेलू सहायिका की हत्या का आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बैट और चाकू से हमला किया और पूछताछ में ‘ब्लैक मैजिक’ को वजह बताया. हालांकि, पुलिस उसके बयानों की जांच कर रही है.
दिल्ली में डॉक्टर ने नौकरानी को मार डाला
दिल्ली के पॉश इलाके माउंट कैलाश में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक डॉक्टर पर अपनी 45 साल की घरेलू सहायिका (नौकरानी) की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर ने पहले महिला पर बैट से हमला किया और फिर चाकू से वार कर उसकी जान ले ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
मृतका की पहचान मीना के रूप में हुई है, जो डॉक्टर के घर में काम करती थी. पुलिस को सूचना मिलने के बाद जब टीम मौके पर पहुंची तो महिला का शव खून से लथपथ हालत में छत के पास पड़ा मिला. हैरानी की बात यह थी कि डॉक्टर मनीष गुप्ता वहीं शव के पास बैठा मिला.
पुलिस ने क्या बताया?
- पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर चोट के कई निशान थे. शुरुआती जांच में हत्या की आशंका के बाद डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान डॉक्टर ने कथित तौर पर हत्या की बात कबूल कर ली.
- पुलिस पूछताछ में डॉक्टर ने जो वजह बताई, उसने जांच को और उलझा दिया. डॉक्टर का दावा था कि घरेलू सहायिका ‘काला जादू’ करती थी और इससे उसके घर का माहौल खराब हो रहा था. उसने पुलिस को बताया कि परिवार के लोग इस वजह से परेशान थे और इसी गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दिया.
- हालांकि पुलिस इस दावे को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लगातार अलग-अलग बयान दे रहा है, इसलिए हत्या की असली वजह की जांच अभी जारी है.
- पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रहा था. अब जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि डॉक्टर और मृतका के बीच संबंध कैसे थे, क्या दोनों के बीच कोई विवाद चल रहा था या फिर इसके पीछे कोई और वजह थी.
- मौके से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार बैट और चाकू बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस ने क्राइम टीम को बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
फिलहाल आरोपी डॉक्टर पुलिस हिरासत में है और उसके खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. अब जांच के बाद ही साफ होगा कि यह वारदात सच में अंधविश्वास से जुड़ी थी या इसके पीछे कोई और गहरी वजह छिपी थी।




