1 मिनट 27 सेकंड तक करते रहे तारीफ, क्या है राहुल के करीबी Sam Pitroda का मोदी से गुजरात कनेक्शन, PM ने बदले में क्या कहा?
दिवाली के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा को 'सैम भाई' कहकर शुभकामनाएं दीं. उससे पहले सैम पित्रोदा ने मीडिया से बातचीत करते हुए पीएम मोदी को अपनी गुजराती दोस्त बताया.
Narendra Modi Sam Pitroda
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के बीच राजनीतिक मतभेद किसी से छिपे नहीं हैं. दोनों कई मुद्दों पर एक-दूसरे के खिलाफ बयान देते रहे हैं, लेकिन दिवाली के मौके पर दोनों के बीच एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली. प्रधानमंत्री मोदी ने सैम पित्रोदा को दिवाली और गुजराती नववर्ष की बधाई दी. खास बात यह रही कि उन्होंने अपने संदेश में पित्रोदा को 'सैम भाई' कहकर संबोधित किया.
यह बधाई ऐसे समय आई है, जब सैम पित्रोदा ने खुद प्रधानमंत्री मोदी को अपना 'गुजराती दोस्त' बताया था. उन्होंने कहा कि राजनीतिक और विचारधारा के स्तर पर भले ही दोनों की सोच अलग हो, लेकिन निजी तौर पर उनके बीच कोई परेशानी नहीं है. पित्रोदा ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री उनके और उनकी पत्नी के साथ हमेशा अच्छे और गर्मजोशी भरे अंदाज में पेश आए हैं.
क्या लिखकर पीएम मोदी ने दी बधाई?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर सैम पित्रोदा और उनकी पत्नी अंजना बेन को दिवाली और गुजराती नववर्ष की शुभकामनाएं दीं. अपने संदेश में उन्होंने लिखा "सैम भाई और अंजना बेन को दिवाली और नूतन वर्ष अभिनंदन की शुभकामनाएं. आने वाले साल के लिए खुशी और सेहतमंद रहने की प्रार्थना करता हूं. जय जगन्नाथ!"
पीएम मोदी के लिए क्या बोले सैम पित्रोदा?
प्रधानमंत्री की बधाई से पहले सैम पित्रोदा ने समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में नरेंद्र मोदी को अपना गुजराती दोस्त बताया था. उन्होंने कहा "वह एक गुजराती दोस्त हैं. मैं एक इंसान के तौर पर उनकी इज़्ज़त करता हूं, बेशक वह एक अच्छे वक्ता और मेहनती हैं और हमारी आपस में अच्छी बनती है. हमारे बीच कोई पर्सनल दिक्कतें नहीं हैं. एक गुजराती नेता, दोस्त या शुभचिंतक के तौर पर मिस्टर मोदी के खिलाफ़ मेरा कोई मन नहीं है. वह मेरे साथ बहुत अच्छे रहे हैं, और मैं इसकी तारीफ़ करता हूं."
पीएम मोदी के साथ मुलाकतों पर क्या बोले?
सैम पित्रोदा ने बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी पुरानी मुलाकातों का भी जिक्र किया. पित्रोदा ने कहा "इसी तरह मैं गुजरात में उनके घर कई बार गया हूं, मैं और मेरी पत्नी उनसे मिले हैं. वह पर्सनल लेवल पर बहुत अच्छे, दयालु, प्यार करने वाले और देखभाल करने वाले रहे हैं."
उन्होंने कहा "लेकिन मुझे दुनिया के बारे में उनके विचारों से दिक्कत हो सकती है. मुझे उनकी आइडियोलॉजी से दिक्कत हो सकती है लेकिन यह एक अलग मुद्दा है, यह किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं है. यह आइडिया के खिलाफ है और ये दो अलग-अलग चीजें हैं. मैं मिस्टर मोदी से असहमत हो सकता हूं, और मैं उनके साथ डिनर भी कर सकता हूं और हंस भी सकता हूं, इसलिए मुझे कोई दिक्कत नहीं है."
क्या है सैम पित्रोदा का मोदी से गुजरात कनेक्शन?
सैम पित्रोदा का जन्म ओडिशा में एक गुजराती परिवार में हुआ था. उनकी शुरुआती पढ़ाई गुजरात के वल्लभ विद्यानगर में हुई. इसके बाद उन्होंने वडोदरा की महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा हासिल की. दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गुजरात से आते हैं दोनों की साझा गुजराती पहचान को सैम पित्रोदा ने अपनी दोस्ती का एक आधार बताया है. पित्रोदा पहले भी कह चुके हैं कि वह अपनी पत्नी के साथ नरेंद्र मोदी से कई बार मिल चुके हैं और उनके बीच कभी निजी स्तर पर कोई कड़वाहट नहीं रही.




