160 फीट लंबा और 60 फीट चौड़ा-100 CCTV... नोएडा में कहां बनाया जा रहा इतना बड़ा घाट, छठ पूजा की ऐसी हो रहीं तैयारियां
दिल्ली-NCR में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. नोएडा के सेक्टर-21 स्थित स्टेडियम में श्रद्धालुओं के लिए 160 फीट लंबा और 60 फीट चौड़ा कृत्रिम छठ घाट बनाया जा रहा है. प्रवासी महासंघ की ओर से आयोजित इस महापर्व में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस बार सुरक्षा और सुविधाओं के खास इंतजाम किए जा रहे हैं.
दिल्ली-NCR में छठ महापर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं. नोएडा के सेक्टर-21 स्थित नोएडा स्टेडियम में भी कृत्रिम छठ घाट बनाया जा रहा है. यहां प्रवासी महासंघ पिछले कई वर्षों से छठ महापर्व का आयोजन कर रहा है. इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.
स्टेडियम में 160 फीट लंबा और 60 फीट चौड़ा कृत्रिम घाट तैयार किया जा रहा है. छठ महापर्व के चार दिनों में यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं. व्रती महिलाएं और पुरुष पूरी श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं. घाट पर सूर्य को अर्घ्य देने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है.
छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी. इस दिन व्रती महिलाएं स्नान कर घर और रसोई की सफाई करती हैं. इसके बाद शुद्धता के साथ लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का प्रसाद तैयार किया जाता है. 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा. इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर, रोटी और फल का भोग लगाती हैं. प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है.
कब मनाया जाएगा मुख्य पर्व?
15 नवंबर को छठ का मुख्य पर्व मनाया जाएगा. इस दिन व्रती महिलाएं शाम को घाट पर पहुंचकर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगी. बांस के सूप और दउरा में फल, नारियल, गन्ना, चावल के लड्डू और छठ का पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ सजाया जाएगा. ठेकुआ गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार किया जाता है. इसे छठ पूजा का प्रमुख प्रसाद माना जाता है. इसके बाद 16 नवंबर की सुबह व्रती उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगी. पूजा संपन्न होने के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया जाएगा. इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नोएडा स्टेडियम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. पूरे स्टेडियम परिसर को 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा. इसके अलावा पुलिस की भारी संख्या में तैनाती रहेगी, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. महिलाओं के लिए अलग से चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे. वहीं दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और व्रतियों के लिए रात्रि विश्राम की व्यवस्था भी की जाएगी.
चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में नोएडा स्टेडियम छठी मैया की भक्ति, पारंपरिक गीतों और सूर्य उपासना का प्रमुख केंद्र बनेगा.




