दिल्ली-NCR का AQI 319, हवा हुई जहरीली तो प्रशासन हुआ सख्त, जानें क्या-क्या हुआ बंद और कब तक
प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए गाजियाबाद में 20 नवंबर तक सरकारी और निजी निर्माण व तोड़फोड़ के काम बंद रहेंगे. वहीं, गाजियाबाद और नोएडा-ग्रेटर नोएडा में पांचवीं तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में होगी.
दिल्ली-NCR में प्रदूषण से लोगों को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है. सुबह घर से बाहर निकलते ही धुंध और स्मॉग का सामना करना पड़ रहा है. गुरुवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 319 दर्ज किया गया, जो Very Poor यानी बेहद खराब श्रेणी में आता है. हैरानी की बात यह है कि राजधानी के कुछ इलाकों में हवा की हालत और भी खराब है.
IIT दिल्ली में AQI 412 तक पहुंच गया. लगातार बिगड़ती हवा को देखते हुए अब प्रशासन ने भी सख्ती बढ़ा दी है. गाजियाबाद में निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गई है, जबकि गाजियाबाद और नोएडा-ग्रेटर नोएडा में छोटे बच्चों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई करवाने का ऑर्डर दिया है.
गाजियाबाद में कब तक बंद रहेंगे निर्माण कार्य
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए गाजियाबाद प्रशासन ने GRAP-3 के तहत पाबंदियां और कड़ी कर दी हैं. जिलाधिकारी के आदेश के मुताबिक, जिले में 20 नवंबर तक सरकारी और निजी क्षेत्र के सभी निर्माण से जुड़े कामों पर रोक रहेगी. इस दौरान न तो नई इमारतों का निर्माण किया जा सकेगा और न ही पुरानी इमारतों को गिराने का काम होगा. प्रशासन ने संबंधित विभागों को इन नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेशों का उल्लंघन होने पर जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा.
सड़कों पर पानी का भी होगा छिड़काव
निर्माण गतिविधियों को रोकने के अलावा गाजियाबाद प्रशासन ने धूल से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए भी कदम उठाए हैं. अब सड़कों की सफाई मशीनों के जरिए पहले से दोगुनी बार कराई जाएगी. इसके साथ ही पानी का छिड़काव भी बढ़ाया जाएगा. दरअसल, सड़क किनारे जमा मिट्टी और निर्माण वाली जगहों से उड़ने वाले धूल के कण हवा को और दूषित करते हैं. प्रशासन इन कणों को उड़ने से रोककर प्रदूषण का स्तर घटाने और लोगों को साफ हवा देने की कोशिश कर रहा है.
गाजियाबाद में हाइब्रिड मोड
बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने की परेशानी से बचाने के लिए गाजियाबाद में नया नियम लागू किया गया है. अब पांचवीं कक्षा तक के बच्चों को घर से ऑनलाइन पढ़ने या स्कूल पहुंचकर ऑफलाइन कक्षाओं में शामिल होने, दोनों ऑप्शन दिए जाएंगे. यानी माता-पिता बच्चे की सुविधा और स्थिति के हिसाब से पढ़ाई का मीडियम चुन सकेंगे.
नोएडा
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के स्कूलों को भी प्रदूषण के बीच पांचवीं तक के छात्रों के लिए हाइब्रिड अनिवार्य कर दिया है. हालांकि, यह व्यवस्था सरकारी, अनुदान पाने वाले और मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों पर लागू होगी. जिन संस्थानों के पास ऑनलाइन पढ़ाने की सुविधा मौजूद है, उन्हें घर से पढ़ाई का विकल्प भी देना होगा. इन निर्देशों का पालन नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है.
आखिर क्यों उठाने पड़ रहे हैं इतने सख्त कदम?
दरअसल, Very Poor श्रेणी में पहुंची हवा से बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी परेशानी वाले लोगों को ज्यादा दिक्कत हो सकती है. लगातार खराब हवा में रहने से आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. ऐसे में निर्माण कार्य रोकना, धूल पर नियंत्रण करना और छोटे बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प देना प्रशासन की एहतियाती कोशिश है. फिलहाल गाजियाबाद में 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक लगाई गई है. वहीं स्कूलों में हाइब्रिड पढ़ाई को लेकर जारी आदेशों का पालन करना होगा. अब देखना होगा कि इन कदमों से दिल्ली-NCR की हवा में कितना सुधार आता है.




