ठेकुआ बनाने के बाद जाता है सख्त? बस इन बातों का रखें ध्यान, महीनों तक बना रहेगा एकदम खस्ता
ठेकुआ बनाते समय अगर आटा गूंथने से लेकर तलने तक कुछ छोटी-छोटी गलतियां हो जाएं, तो यह जल्दी सख्त हो जाता है. इसे लंबे समय तक खस्ता बनाए रखने के लिए आटे में सही मात्रा में घी का मोयन डालना जरूरी है.
इस साल 13 नवंबर से छठ का महापर्व शुरू होने जा रहा है. छठ पूजा की तैयारी शुरू होते ही घरों में एक अलग ही रौनक देखने को मिलती है. कहीं पूजा का सामान जुटाया जाता है, तो कहीं घाट जाने की तैयारी होती है. इन सबके बीच सबसे ज्यादा इंतजार रहता है छठी मैया को चढ़ाए जाने वाले प्रसाद का. इसमें ठेकुआ की अपनी खास जगह है. गेहूं के आटे, गुड़ या चीनी और घी से बनने वाला यह पारंपरिक पकवान छठ के प्रसाद का अहम हिस्सा माना जाता है.
लेकिन कई बार घर पर ठेकुआ बनाने के बाद एक परेशानी आती है. तलने के बाद यह इतना सख्त हो जाता है कि खाने में मजा नहीं आता है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप नरम अंदरूनी बनावट और अच्छी खस्ता परत वाला ठेकुआ तैयार कर सकते हैं.
आटा गूंथते समय न करें ये गलती
ठेकुआ अच्छा बनाने की शुरुआत आटा तैयार करने से ही होती है. इसके लिए गेहूं के आटे में गुड़ की चाशनी या चीनी, थोड़ा घी और जरूरत के हिसाब से सौंफ मिलाएं. ध्यान रखें कि आटा बहुत ज्यादा सख्त न गूंथें. इसमें एक साथ ज्यादा पानी डालने से भी बचें. आटा इतना तैयार करें कि हाथ से आसानी से आकार दिया जा सके. बहुत कड़ा आटा बनाने से ठेकुआ तलने के बाद सख्त हो सकता है.
मोयन के लिए सही मात्रा में डालें घी
ठेकुआ को अच्छा स्वाद और सही बनावट देने में घी की अहम भूमिका होती है. आटे में थोड़ा घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसे मोयन कहते हैं. मोयन कम होने पर ठेकुआ सूखा और कड़ा बन सकता है. वहीं, जरूरत से ज्यादा घी डालने से भी इसका आकार बिगड़ सकता है. इसलिए सही मात्रा का ध्यान रखें.
तेल का तापमान भी है जरूरी
ठेकुआ तलते समय तेल न तो बहुत गर्म होना चाहिए और न ही ठंडा. बहुत तेज गर्म तेल में डालने पर ठेकुआ बाहर से जल्दी भूरा हो जाएगा, लेकिन अंदर से ठीक से नहीं पकेगा. वहीं, कम गर्म तेल में तलने से यह ज्यादा तेल सोख सकता है. इसलिए इसे मध्यम आंच पर धीरे-धीरे तलें.
ठेकुआ कैसे स्टोर करें?
ठेकुआ तलने के बाद इसे एक प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें. गर्म ठेकुआ को तुरंत बंद डिब्बे में रखने से भाप जमा हो सकती है और इसका स्वाद व बनावट खराब हो सकती है. ठंडा होने पर इसे साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में रखें. इससे ठेकुआ लंबे समय तक अच्छा बना रह सकता है.




