Begin typing your search...

महिला ने किया छेड़छाड़ का विरोध, 15 किमी तक आरोपियों ने पीछा कर परिवार पर किया हमला; नासिक से सामने आया पूरा मामला क्या?

नासिक से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने महिला और उसके परिवार का पीछा किया और उनकी कार पर हमला किया.

Nashik Family Attack woman Harassment
X

Nashik Family Attack woman Harassment

( Image Source:  X/ @imvivekgupta )

महाराष्ट्र के नासिक जिले के इगतपुरी इलाके से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. भावली बांध और जलप्रपात क्षेत्र में घूमने गए एक परिवार पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया. आरोप है कि परिवार की एक महिला सदस्य के साथ अभद्र व्यवहार और यौन उत्पीड़न का विरोध करने पर आरोपियों ने हिंसक रुख अपनाया और परिवार को निशाना बनाया.

पीड़ित परिवार का दावा है कि आरोपी केवल मौके पर ही नहीं रुके, बल्कि उनकी कार का करीब 10 से 15 किलोमीटर तक पीछा किया. इस दौरान परिवार पर हमला करने की कोशिश की गई और उनकी कार को भी नुकसान पहुंचाया गया. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

कैसे शुरू हुआ विवाद?

जानकारी के अनुसार, रविवार को भगवत परिवार इगतपुरी स्थित भावली बांध और जलप्रपात क्षेत्र घूमने पहुंचा था. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने परिवार की एक महिला सदस्य के साथ कथित तौर पर सीटी बजाकर अभद्र व्यवहार किया और उसका यौन उत्पीड़न किया. जब परिवार ने इसका विरोध किया तो माहौल तनावपूर्ण हो गया. परिवार का आरोप है कि विरोध करने पर संबंधित लोग आक्रामक हो गए. विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों को डराने-धमकाने के साथ उन पर हमला करने की कोशिश की.

कार का पीछा, फिर हमला

पीड़ित परिवार के अनुसार, वे किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल गए, लेकिन आरोपी उनकी कार का लगातार पीछा करते रहे. करीब 10 से 15 किलोमीटर तक पीछा करते हुए कई बार रास्ते में उन्हें रोकने और हमला करने का प्रयास किया गया. परिवार का कहना है कि आरोपियों के हाथों में लकड़ी के डंडे और लोहे की छड़ें थीं. उन्होंने परिवार के सदस्यों पर हमला करने का प्रयास किया और उनकी कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. इस घटना के बाद परिवार दहशत में है.

क्या आरोपी हुए गिरफ्तार?

घटना के बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर नासिक में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. नासिक शहर और ग्रामीण पुलिस की संयुक्त टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है.

अगला लेख