Begin typing your search...

पासपोर्ट, वीजा नहीं, फिर भारत कैसे पहुंचा अमेरिकी, नेपाल बॉर्डर पर पुलिस ने दबोचा, कौन है जॉर्डन, जो खुदको बता रहा पूर्व कमांडो? Detail

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर अमेरिकी नागरिक जॉर्डन ब्राउन को बिना वैध दस्तावेज नेपाल जाने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया

पासपोर्ट, वीजा नहीं, फिर भारत कैसे पहुंचा अमेरिकी, नेपाल बॉर्डर पर पुलिस ने दबोचा, कौन है जॉर्डन, जो खुदको बता रहा पूर्व कमांडो? Detail
X

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास एक अमेरिकी नागरिक को बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया है. इसके बाद सवाल उठने लगे हैं कि आखिर यह व्यक्ति कौन है और वह ऐसा क्यों करने की कोशिश कर रहा था?

अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति ने खुद को अमेरिका की नौसेना (US Navy) और स्पेशल फोर्सेज का पूर्व सदस्य बताया है. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उसकी पहचान, भारत में प्रवेश के तरीके और उसके दावों की जांच कर रही हैं.

कैसे दबोचा गया अमेरिकी नागरिक?

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने शनिवार (11 जुलाई) को नियमित गश्त के दौरान सोनौली थाना क्षेत्र के मैनीहवा इलाके में इस व्यक्ति को हिरासत में लिया. SSB ने उसकी पहचान 36 वर्षीय जॉर्डन ब्राउन के रूप में की है, जिसने खुद को अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी बताया.

अधिकारियों के अनुसार, वह बेंगलुरु से सोनौली सीमा तक पहुंचा था और कथित तौर पर नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था. जब SSB ने उसे वेरिफिकेशन के लिए रोका तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ब्राउन के पैर में रस्सी बंधी दिखाई देती है और SSB के जवान उसे स्थानीय लोगों की मौजूदगी में अपने साथ ले जाते नजर आते हैं.

आरोपी के पास क्या कुछ बरामद हुआ?

तलाशी के दौरान उसके पास से 31,460 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए. अधिकारियों ने बताया कि उसके पास न तो पासपोर्ट था, न वीजा और न ही भारत में रहने या नेपाल जाने के लिए कोई वैध यात्रा दस्तावेज मिला. इसके बाद SSB ने उससे पूछताछ की और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ प्रारंभिक जांच के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के हवाले कर दिया.

कोई दस्तावेज नहीं तो कैसे की भारत में एंट्री?

SSB की सहायक कमांडेंट प्रिया यादव ने PTI को बताया कि पूछताछ के बाद ब्राउन को पुलिस को सौंप दिया गया. वहीं, समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, महाराजगंज के अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि ब्राउन ने दावा किया है कि वह नवंबर 2025 में समुद्री रास्ते से भारत आया था. पुलिस मीडिया सेल द्वारा जारी वीडियो बयान में सिद्धार्थ ने कहा कि 11 जुलाई को SSB ने सोनौली के पास उसे बिना अनुमति नेपाल जाने की कोशिश करते हुए पकड़ा.

पूछताछ के दौरान ब्राउन ने दावा किया कि वह पहले ट्रेवल वीजा पर थाईलैंड गया था, जहां उसका पासपोर्ट खो गया. इसके बाद वह समुद्री रास्ते से श्रीलंका पहुंचा और वहां से 2 नवंबर 2025 को समुद्र के रास्ते भारत आया. उसने यह भी कहा कि तब से वह गोवा में रह रहा था और अब नेपाल जाने की कोशिश कर रहा था. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसके इन सभी दावों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है. अधिकारियों ने यह भी बताया कि उसके खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 21 और 23 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस ने क्या कहा?

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सोनौली थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि पूछताछ के दौरान ब्राउन ने अपनी पहचान, यात्रा और नेपाल जाने के उद्देश्य को लेकर अलग-अलग बयान दिए. उसने दावा किया कि वह लगभग 70 देशों की यात्रा कर चुका है. उसने यह भी कहा कि उसने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया से पढ़ाई की है और US Navy तथा Special Forces में छह साल तक सेवा दी थी. उसके अनुसार, उसने करीब दो साल पहले सैन्य सेवा छोड़ दी थी. उसने यह भी बताया कि उसके माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है.

द प्रिंट के अनुसार, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ब्राउन ने यह भी दावा किया कि वह 2024 तक US Navy और Foreign Services में कार्यरत था. वहीं, द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि उसने जांचकर्ताओं को बताया कि वह मई में इंडोनेशिया के बाली जाने के बाद भारत आया था. उसने यह भी दावा किया कि वह करीब दो महीने पहले अमेरिका से गोवा पहुंचा, वहां लगभग छह सप्ताह रहा और फिर बेंगलुरु से बस के जरिए लखनऊ पहुंचा. इसके बाद वह गोरखपुर गया और वहां से टैक्सी लेकर सोनौली सीमा तक पहुंचा.

नेपाल किससे मिलने जा रहा था ब्राउन?

नेपाल जाने के उद्देश्य पर ब्राउन ने दावा किया कि वह नेपाल के एक नागरिक "नाज़" से मिलने जा रहा था, जिससे उसकी मुलाकात गोवा में हुई थी. उसने यह भी कहा कि उसका पासपोर्ट बेंगलुरु में रहने वाले एक परिचित के पास है, लेकिन उस व्यक्ति के बारे में कोई सत्यापित जानकारी नहीं दे सका.

उत्तराखंड की महिला से शादी?

द टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, ब्राउन ने यह भी दावा किया कि उसने अक्टूबर 2024 में उत्तराखंड की एक भारतीय महिला से शादी की थी. उसके मुताबिक, दोनों की मुलाकात तीन साल पहले इटली में हुई थी और उसकी पत्नी योग ट्रेनर के तौर पर काम करती है.

रिपोर्ट के अनुसार, ब्राउन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मामले की जानकारी अमेरिकी दूतावास को भी दे दी गई है. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उसकी पहचान, यात्रा से जुड़े दावों और भारत में प्रवेश की परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही हैं.

अगला लेख