'बंगाल को बिहार में मिलाने की साजिश', चुनाव से पहले ऐसा बोल ममता क्यों खड़ा कर रहीं नया बखेड़ा?
Mamata Banerjee के 'बंगाल को बिहार में मिलाने की साजिश' बयान ने सियासत गरमा दी है. जानिए चुनाव से पहले इसके पीछे की रणनीति, बिहार कनेक्शन और राजनीतिक मायने.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का छह दिन पहले दिया गया बयान, “बंगाल को बिहार में मिलाने की साजिश”, सिर्फ एक राजनीतिक बयान भर नहीं, बल्कि गहरे सियासी संकेतों से भरा हुआ है. ऐसे समय में जब वेस्ट बंगला और बिहार की राजनीति अपने-अपने मोर्चों पर गर्म है, ममता का यह आरोप कई सवाल खड़े करता है. आखिर उन्होंने ऐसा क्यों कहा? इसका बिहार से क्या संबंध है? और क्या सच में कोई प्रशासनिक या ऐतिहासिक कनेक्शन मौजूद है?
ममता बनर्जी का यह बयान दरअसल केंद्र और विपक्ष के बीच बढ़ते टकराव के बीच आया. उनका आरोप था कि कुछ ताकतें बंगाल की पहचान, संस्कृति और राजनीतिक स्वायत्तता को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं. “बंगाल को बिहार में मिलाने” जैसी बात सीधे तौर पर किसी वास्तविक योजना का संकेत नहीं देती, बल्कि यह एक राजनीतिक रूपक (metaphor) है, जिसका मकसद है अपने वोटबेस को चेतावनी देना और भावनात्मक रूप से जोड़ना.
ममता बनर्जी ने क्या कहा?
तृणमूल कांग्रेस (TMC) का विधानसभा चुनाव घोषणापत्र जारी होने से पहले यानी 20 मार्च को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र और बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि BJP के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और भारत निर्वाचन आयोग मिलकर राज्य को तोड़ने की एक गहरी साजिश रच रहे हैं. इसके तहत उत्तरी बंगाल और बिहार के आस-पास के इलाकों से एक नई राजनीतिक इकाई बनाने की योजना है.
उन्होंने दावा किया कि यह कदम बंगाल को राजनीतिक रूप से कमजोर करने की एक बड़ी रणनीति का हिस्सा है. हमने अतीत में BJP और निर्वाचन आयोग द्वारा रची गई कई साजिशें देखी हैं. लेकिन इस बार, उन्होंने सारी हदें पार कर दी हैं. उसके बाद से इस बात की चर्चा है कि बंगाल को बिहार में मिलाने की साजिश रची जा रही है.
मुख्यमंत्री ममता ने ये भी आरोप लगाया था कि पैसे के दम पर प्रदेश में अशांति भड़काने और आपराधिक तत्वों की घुसपैठ के जरिए बंगाल को अस्थिर करने की कोशिशें की जा रही हैं. क्या नरेंद्र मोदी को सचमुच इसी तरह चुनाव लड़ना पड़ रहा है? कानून के राज को पूरी तरह से पटरी से उतार दिया है. उन्होंने मतदाताओं से "एकजुट" होने और केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की जा रही कथित धमकियों का जवाब देने की भी अपील की थी.
बिहार का जिक्र क्यों?
बिहार का नाम इस बयान में आने के पीछे कई सियासी परतें हैं. इनमें :
1. माइग्रेशन और जनसांख्यिकी (Demography)
लंबे समय से बिहार और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में मजदूर और कामगार बंगाल आते रहे हैं. विपक्षी दलों, खासकर भाजपा पर आरोप लगता रहा है कि वे इस जनसंख्या का इस्तेमाल वोटबैंक के रूप में करना चाहते हैं. ममता बनर्जी इसी मुद्दे को उठाकर यह संकेत देना चाहती हैं कि बाहरी प्रभाव बंगाल की राजनीति को बदल सकता है.
2. राजनीतिक नैरेटिव सेट करना
बिहार की राजनीति में जाति और सामाजिक समीकरण अहम भूमिका निभाते हैं, जबकि बंगाल में लंबे समय तक वर्ग और वैचारिक राजनीति हावी रही. ममता यह दिखाना चाहती हैं कि “बिहार मॉडल” को बंगाल में लागू करने की कोशिश हो रही है, जिससे यहां की मौजूदा राजनीतिक संरचना बदल सकती है.
3. हिंदी बनाम बंगाली पहचान
भाषा और सांस्कृतिक पहचान का मुद्दा बंगाल में बेहद संवेदनशील है. बिहार का जिक्र कर ममता अप्रत्यक्ष रूप से “बाहरी बनाम स्थानीय” का नैरेटिव मजबूत करती हैं, जो चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा रहा है.
4. क्या कोई ऐतिहासिक या प्रशासनिक कनेक्शन भी है?
अगर इतिहास की बात करें तो ब्रिटिश काल में बंगाल प्रेसीडेंसी एक बड़ा प्रशासनिक क्षेत्र था, जिसमें आज का बिहार भी शामिल था. 1912 में बंगाल से अलग होकर बिहार एक अलग प्रांत बना. यानी ऐतिहासिक रूप से दोनों का प्रशासनिक जुड़ाव जरूर रहा है, लेकिन आज के संदर्भ में “बंगाल को बिहार में मिलाने” जैसी कोई वास्तविक संवैधानिक या प्रशासनिक संभावना नहीं है.
इसलिए, यह कहना कि “बिहार बंगाल विभाग का हिस्सा है”, वर्तमान समय में पूरी तरह से भ्रामक है. दोनों राज्य स्वतंत्र संवैधानिक इकाइयां हैं, जिनकी अपनी-अपनी सरकार और प्रशासनिक ढांचा है.
6. क्या हैं इसके सियासी मायने?
बंगाली अस्मिता (identity) को केंद्र में लाकर वे अपने समर्थकों को एकजुट करना चाहती हैं. विपक्ष पर हमला. खासकर भाजपा पर यह आरोप कि वह “बाहरी ताकतों” के जरिए बंगाल की राजनीति में दखल दे रही है. इस तरह के बयान चुनावी माहौल को “हम बनाम वे” में बदल देते हैं, जिससे राजनीतिक फायदा उठाया जा सके.
6. बिहार की राजनीति पर असर?
सीधे तौर पर इस बयान का बिहार की राजनीति पर बड़ा असर नहीं पड़ता, लेकिन यह जरूर है कि इससे बिहार के नेताओं को प्रतिक्रिया देने का मौका मिलता है. कुछ इसे अपमानजनक मान सकते हैं, जबकि कुछ इसे सिर्फ चुनावी बयानबाजी कहकर नजरअंदाज करते हैं.
7. पप्पू यादव ने 6 मार्च को दिया था ये बयान
6 मार्च 2026 को अपने एक पोस्ट में बिहार के पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उफ्र पप्पू यादव ने भी इसी तरह के दावे किए थे. उन्होंने आरोप लगाया था कि बिहार के सीमांचल इलाके को बंगाल के कुछ हिस्सों जिनमें मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तरी बंगाल के इलाके शामिल हैं, के साथ मिलाकर एक नया केंद्र शासित प्रदेश बनाने की केंद्र सरकार की योजना है. पप्पू यादव ने इस कथित कदम को व्यापक राजनीतिक घटनाक्रमों से भी जोड़ते हुए दावा किया था कि इसमें पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाना भी शामिल हो सकता है.
8. बीजेपी का रिएक्शन क्या?
भाजपा ने इन दावों को निराधार और हताशा में दिया गया बयान बताया है. यह बयान मुख्य रूप से 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक ध्रुवीकरण और वोट बैंक को एकजुट करने की एक रणनीति है. BJP ने पार्टी नेताओं ने इन आरोपों को "चुनावी बयानबाजी" करार दिया, जिसका मकसद मतदाताओं के मन में डर पैदा करना है. एक वरिष्ठ BJP नेता ने इन दावों को "हताशा भरी मनगढ़ंत कहानी" बताया.
वहीं, चुनाव आयोग ने अब तक इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. हालांकि, बनर्जी की टिप्पणियों, खासकर अधिकारियों के तबादलों और कथित पक्षपात ने चुनावों से पहले बंगाल में राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है.
यह मुद्दा लंबे समय से चली आ रही क्षेत्रीय संवेदनशीलताओं को भी छूता है. उत्तरी बंगाल के कुछ हिस्सों (जिनमें दार्जिलिंग भी शामिल है) में ऐतिहासिक रूप से अलग राज्य बनाने की मांगें उठती रही हैं. जबकि सीमावर्ती जिलों के पड़ोसी राज्य बिहार के साथ सांस्कृतिक और भाषाई संबंध हैं. जैसे-जैसे चुनाव प्रचार तेज होने वाला है, बनर्जी की टिप्पणियों ने चुनावी मुकाबले में एक तीखापन ला दिया है. उन्होंने आने वाले चुनाव को सिर्फ़ एक राजनीतिक लड़ाई के तौर पर ही नहीं, बल्कि राज्य की क्षेत्रीय और संस्थागत अखंडता को बचाने की लड़ाई के तौर पर पेश किया है. सियासी विश्लेष मानते हैं कि यह ममता बनर्जी को इमोशनल कार्ड हो सकता है.




