Begin typing your search...

थोड़ा सीख लो यार, सभ्यता का क्रैश कोर्स फ्री में मिल जाएगा; भारत आए Marco Rubio की फोटो पर Iran का ये कैसा कमेंट?

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के भारत पहुंचते ही ईरान ने सोशल मीडिया पर उन पर तंज कस दिया. ईरान के मुंबई कॉन्सुलेट ने ‘सभ्यता का crash course’ वाला कमेंट कर अमेरिका को अप्रत्यक्ष तौर पर ट्रंप के पुराने बयान की याद दिलाई.

Iran Trolls Marco Rubio During India Visit
X

Iran ने Marco Rubio को किया ट्रोल

Iran Trolls Marco Rubio During India Visit: दिल्ली की हवा में उस वक्त कूटनीति से ज्यादा तंज तैरने लगा, जब अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत पहुंचे. एक तरफ एयरपोर्ट प्रोटोकॉल, क्वाड मीटिंग और रणनीतिक साझेदारी की बातें चल रही थीं… दूसरी तरफ ईरान ने सोशल मीडिया पर ऐसा तीर छोड़ा, जिसने पूरी बातचीत का टोन ही बदल दिया.

भारत पहुंचते ही रुबियो ने X पर अपनी यात्रा को लेकर पोस्ट किया. आमतौर पर ऐसे पोस्ट पर स्वागत संदेश आते हैं, लेकिन इस बार जवाब आया Iran की मुंबई कॉन्सुलेट की तरफ से, जिसमें कहा गया, “थोड़ा सीख लो यार… ‘सभ्यता का crash course’ फ्री में मिल जाएगा!” बस… फिर क्या था... सोशल मीडिया पर लोग समझने लगे कि आखिर ईरान ने अचानक ‘सभ्यता’ की क्लास क्यों शुरू कर दी?

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, इसकी जड़ें कुछ हफ्ते पहले दिए गए उस बयान तक जाती हैं, जिसने पूरी दुनिया में विवाद खड़ा कर दिया था. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कहा था कि अगर हालात नहीं बदले तो 'एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है.' इस बयान को कई लोगों ने बेहद आक्रामक और यहां तक कि ‘Genocidal’ मानसिकता वाला बताया था.

भारतीय अंदाज में ईरान ने दिया जवाब

अब जब अमेरिकी विदेश मंत्री भारत पहुंचे, तो ईरान ने शायद उसी बयान का जवाब भारतीय अंदाज में दिया- बिना नाम लिए, लेकिन सीधा निशाना साधते हुए... और मजेदार बात ये रही कि तंज के लिए चुना गया शब्द था- सभ्यता. यानि दुनिया को लोकतंत्र और मानवाधिकार का पाठ पढ़ाने वाला अमेरिका, अब भारत आने पर 'तहज़ीब' सीखने की सलाह सुन रहा था.

टाइमिंग कमाल की...

दिलचस्प बात ये भी है कि ईरान ने यह तंज ऐसे समय पर कसा है, जब भारत और अमेरिका दोनों अपने रिश्तों को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं. पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के रिश्तों में तनाव दिखा था- कभी टैरिफ को लेकर, कभी भारत-पाकिस्तान तनाव पर अमेरिकी दखल वाले बयानों को लेकर...

रुबियो की इस यात्रा में विदेश मंत्री एस जयशंकर से बातचीत, पीएम मोदी से मुलाकात और क्वाड बैठक शामिल है. एजेंडा बड़ा है- ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, निवेश, इंडो-पैसिफिक रणनीति और पश्चिम एशिया संकट... लेकिन इंटरनेट की दुनिया में फिलहाल सबसे ज्यादा चर्चा किसी डिप्लोमैटिक डील की नहीं, बल्कि उस एक लाइन की हो रही है -सभ्यता का crash course… क्योंकि कभी-कभी अंतरराष्ट्रीय राजनीति में सबसे तेज हमला मिसाइल नहीं, बल्कि एक व्यंग्य भरा ट्वीट होता है.

अगला लेख