Aaj ki Taaza Khabar: कांग्रेस छोड़ने के बाद भूपेन बोरा का बड़ा बयान: 'पार्टी का भविष्य सोचने की ज़रूरत'
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. सोमवार 16 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
Live Updates
- 16 Feb 2026 12:51 PM
कांग्रेस छोड़ने के बाद भूपेन कुमार बोरा का बड़ा बयान: 'पार्टी का भविष्य सोचने की ज़रूरत'
असम में कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद भूपेन कुमार बोरा ने कहा कि उन्होंने अपने इस्तीफे की वजहों पर फिलहाल विस्तार से बोलना ज़रूरी नहीं समझा. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना त्यागपत्र कांग्रेस हाईकमान को भेज दिया है और समय आने पर पूरी बात सामने रखेंगे. बोरा ने कहा कि उन्हें अखिल गोगोई और लुरिनज्योति गोगोई का फोन आया है, जबकि मुख्यमंत्री की ओर से कोई कॉल नहीं आया. उन्होंने यह भी बताया कि CPI(M) और कांग्रेस हाईकमान दोनों ने उनसे संपर्क किया है. बोरा के अनुसार, उनकी नाराज़गी की जड़ बेहाली से जुड़ा विवाद और माजुली यात्रा को लेकर पार्टी की अंदरूनी असमंजस है. उन्होंने कहा कि अगर पार्टी यह तय नहीं कर पा रही कि किसके साथ आगे बढ़ना है, तो उसके भविष्य पर गंभीरता से विचार करना होगा.
- 16 Feb 2026 12:29 PM
सबरीमाला मंदिर में महिलाओं की एंट्री पर पुनर्विचार: सुप्रीम कोर्ट 7 अप्रैल से करेगा सुनवाई
महिलाओं के सबरीमाला मंदिर में प्रवेश से जुड़े फैसले पर दाखिल पुनर्विचार याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट 7 अप्रैल से सुनवाई करेगा. इस मामले की सुनवाई नौ जजों की संविधान पीठ करेगी और केंद्र सरकार ने याचिकाओं का समर्थन करने की बात कही है. गौरतलब है कि वर्ष 2018 के फैसले में अदालत ने सबरीमाला मंदिर में सभी उम्र की महिलाओं को प्रवेश की अनुमति दी थी. यह मामला धार्मिक परंपराओं, समानता के अधिकार और संवैधानिक मूल्यों के बीच संतुलन को लेकर बेहद अहम माना जा रहा है. अब पुनर्विचार सुनवाई के जरिए कोर्ट इस संवेदनशील मुद्दे पर नए सिरे से कानूनी पहलुओं की जांच करेगा.
- 16 Feb 2026 12:23 PM
गंगा जल की गुणवत्ता पर ‘बाबा खतरनाक’ की याचिका खारिज: सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता को हाईकोर्ट जाने की दी सलाह
वाराणसी में गंगा नदी के जल की गिरती गुणवत्ता को लेकर ‘बाबा खतरनाक’ के नाम से चर्चित बदरवाड़ा वेंकुगोपाल द्वारा दायर याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया. मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत की अगुवाई वाली पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता इस मामले को संबंधित हाईकोर्ट में उठाए. कोर्ट ने टिप्पणी की कि गंगा की सफाई को लेकर काफी काम पहले ही किया जा चुका है और untreated sewage जैसे मुद्दों पर हाईकोर्ट ज्यादा प्रभावी तरीके से सुनवाई कर सकता है. पीठ ने यह भी कहा कि हर मामले के लिए सीधे सुप्रीम कोर्ट आने की बजाय क्षेत्रीय हाईकोर्ट का रास्ता अपनाया जाना चाहिए.
- 16 Feb 2026 12:13 PM
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में 6 और आरोपी पकड़े गए, राजस्थान से हुई गिरफ्तारी
मुंबई में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में राजस्थान से 6 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें मुंबई लाया जा रहा है. इस केस में अब तक कुल 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है.
- 16 Feb 2026 11:31 AM
मुंबई में मैक्रों के स्वागत के पोस्टर, India AI Impact Summit 2026 से पहले बढ़ी हलचल
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के भारत दौरे से पहले मुंबई में उनके स्वागत के पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं. राष्ट्रपति मैक्रों 16 से 19 फरवरी तक भारत यात्रा पर रहेंगे और उनके साथ प्रथम महिला Brigitte Macron भी होंगी. मैक्रों आज मुंबई पहुंचेंगे और 17 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. इसके बाद वे दिल्ली जाकर India AI Impact Summit 2026 में हिस्सा लेंगे.
- 16 Feb 2026 11:15 AM
असम कांग्रेस को झटका: पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने पार्टी से दिया इस्तीफा
असम कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है. सूत्रों के मुताबिक उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी नेतृत्व को सौंप दिया है, हालांकि इस्तीफे के कारणों पर अभी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
- 16 Feb 2026 11:06 AM
नए आपराधिक कानूनों से न्याय की रफ्तार बदलेगी, हर FIR सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचेगी: अमित शाह
दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में देश ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जब देश में न्याय प्रणाली पर चर्चा होगी, तो इतिहास इन तीन नए आपराधिक कानूनों को जरूर याद करेगा. अमित शाह ने भरोसा दिलाया कि अगले दो साल में कानूनों के पूर्ण लागू होने के बाद, तीन वर्षों के भीतर देश के किसी भी कोने में दर्ज FIR न सिर्फ अपराधी को सजा दिलाएगी बल्कि पीड़ित को न्याय दिलाते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचेगी. उन्होंने बताया कि बच्चों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर अलग अध्याय जोड़ा गया है, E-FIR और Zero FIR को कानूनी मान्यता दी गई है और पहली बार छोटे अपराधों में कम्युनिटी सर्विस को सजा के रूप में वैध किया गया है. साथ ही विदेश में मौजूद घोषित अपराधियों की संपत्ति जब्त करने का प्रावधान भी किया गया है.
- 16 Feb 2026 10:52 AM
AI नौकरी छीनने वाला खतरा भी है और करियर बनाने का मौका भी: संजीव भिखचंदानी
AI Summit पर InfoEdge के संस्थापक संजीव भिखचंदानी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक साथ खतरा भी है और अवसर भी. उन्होंने माना कि कुछ नौकरियां खत्म होंगी, लेकिन बड़ी संख्या में नई नौकरियां भी पैदा होंगी. Info Edge के संस्थापक के मुताबिक आगे बढ़ने का रास्ता यही है कि लोग खुद को अपस्किल करें और AI प्लेटफॉर्म्स सीखें. उन्होंने कहा कि भारत में AI Summit का आयोजन होना बेहद अहम है क्योंकि इससे इस उभरती तकनीक पर फोकस बढ़ता है, जो भविष्य की सबसे बड़ी ताकत बनने जा रही है.
- 16 Feb 2026 10:37 AM
जुबिन गर्ग की मौत मामले पर बोले देवव्रत सैकिया, 'मामला कोर्ट में है, चुनावी मुद्दा नहीं… फास्ट-ट्रैक ट्रायल की मांग'
असम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता देवव्रत सैकिया ने सिंगर जुबिन गर्ग की मौत मामले पर कहा कि यह मामला कोर्ट में है और इसे चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि मौजूदा जज इस मामले को गंभीरता से सुनेंगे और इसे खारिज नहीं करेंगे. पीड़ित परिवार फास्ट-ट्रैक ट्रायल चाहता है और हम भी यही मांग कर रहे हैं.”
- 16 Feb 2026 10:19 AM
अहमदाबाद के कई स्कूलों को ईमेल से बम धमकी, ‘भारत को खालिस्तान बनाने’ की कही बात
अहमदाबाद में कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि धमकी भरे मेल में “भारत को खालिस्तान बनाने” का उल्लेख भी किया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस और बम स्क्वॉड को अलर्ट कर दिया गया, स्कूल परिसरों की जांच की जा रही है और साइबर टीम मेल की स्रोत से जांच कर रही है.





