Begin typing your search...

पहले दो बार की उल्टी, फिर फ्लाइट का इमरजेंसी गेट खोलकर कूद पड़ा यात्री- चेन्नई एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी

चेन्नई एयरपोर्ट पर एयर अरेबिया की फ्लाइट से एक यात्री ने टैक्सीवे पर चलते विमान का इमरजेंसी गेट खोलकर छलांग लगा दी. घटना के बाद CISF ने उसे हिरासत में लिया और पुलिस जांच जारी है.

पहले दो बार की उल्टी, फिर फ्लाइट का इमरजेंसी गेट खोलकर कूद पड़ा यात्री- चेन्नई एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी
X
( Image Source:  X-@ANI )

Chennai Air Arabia Incident: चेन्नई एयरपोर्ट पर आज यानी रविवार सुबह हैरान कर देने वाला मामला सामने आया. फ्लाइट जिस वक्त रनवे पर थी, उसी वक्त एक शख्स ने इमरजेंसी गेट खोल दिया और नीचे छलांग लगा दी. शारजाह से आई एयर अरेबिया की फ्लाइट में ये मामला पेश आया है.

दरअसल, सुरक्षित लैंड करने के बाद जब विमान रनवे से हटकर टैक्सीवे पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था, उसी दौरान एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी एग्जिट खोल दिया और नीचे कूद गया. इस घटना से विमान में सवार अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट की लैंडिंग पूरी तरह सामान्य रही थी और सभी प्रक्रियाएं ठीक तरीके से चल रही थीं, लेकिन टैक्सी ट्रैक पर पहुंचते ही यह अप्रत्याशित घटना हुई. एयरपोर्ट अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह घटना मुख्य रनवे पर नहीं, बल्कि टैक्सीवे पर हुई, जहां विमान धीमी गति से आगे बढ़ रहा था और पूरी तरह रुका नहीं था.

घटना के बाद क्या हुआ?

घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया गया और हालात को नियंत्रित किया गया. बताया जा रहा है कि संबंधित यात्री उड़ान के दौरान अस्वस्थ महसूस कर रहा था और उसने फ्लाइट के भीतर दो बार उल्टी भी की थी. इससे यह आशंका जताई जा रही है कि उसकी तबीयत ठीक नहीं थी, हालांकि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.

जैसे ही यह घटना हुई, पायलट ने तुरंत ग्राउंड कंट्रोल को इसकी जानकारी दी. इसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे और यात्री को पकड़ लिया. बाद में उसे आगे की पूछताछ के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया. फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

एयरपोर्ट ऑपरेशन्स पर क्या पड़ा असर?

इस घटना का असर एयरपोर्ट के संचालन पर भी पड़ा. सुरक्षा कारणों से चेन्नई एयरपोर्ट का मुख्य रनवे करीब एक घंटे के लिए बंद कर दिया गया, जबकि इस दौरान उड़ानों को दूसरे रनवे से संचालित किया गया. स्थिति सामान्य होने के बाद रनवे को फिर से खोल दिया गया.

अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को कोई चोट नहीं आई है और विमान भी सुरक्षित है. हालांकि, इस तरह की घटना को बेहद गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि यह विमानन सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है और इससे बड़ी दुर्घटना की आशंका पैदा हो सकती थी.

अगला लेख