कैप्टन ने वर्दी में किया गजब का इजहार-ए-मुहब्बत! भारत भारद्वाज का वेडिंग प्रपोजल देख खिलाखिला उठी GF आरुषि- देखिए VIDEO
महाराष्ट्र के नासिक में Passing Out Parade के बाद इंडियन आर्मी एविएशन के कैप्टन भारत भारद्वाज ने हेलिकॉप्टर के सामने गर्लफ्रेंड आरुषि को शादी के लिए प्रपोज किया. वर्दी में किए गए इस रोमांटिक प्रपोजल का VIDEO सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित Combat Army Aviation Training School (CAATS) की Passing Out Parade उस समय यादगार पल में बदल गई, जब इंडियन आर्मी एविएशन के कैप्टन भारत भारद्वाज ने अपनी गर्लफ्रेंड आरुषि को सबके सामने शादी के लिए प्रपोज कर दिया. सेना की वर्दी पहने कैप्टन भारत भारद्वाज हेलिकॉप्टर के सामने घुटनों पर बैठे और आरुषि को अंगूठी पहनाकर 'Will you marry me?' कहकर अपने प्यार का इजहार किया.
इस खास पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कोई इसे “रियल लाइफ बॉलीवुड सीन” बता रहा है तो कोई सेना की वर्दी और सैन्य अनुशासन को लेकर सवाल उठा रहा है. प्यार, परंपरा और यूनिफॉर्म की गरिमा के बीच शुरू हुई यह बहस अब इंटरनेट पर चर्चा का बड़ा विषय बन चुकी है.
Passing Out Parade के बाद आखिर ऐसा क्या हुआ?
2 जून को महाराष्ट्र के नासिक स्थित Combat Army Aviation Training School (CAATS) में Passing Out Parade और एयर शो का आयोजन किया गया था. इसी कार्यक्रम में कैप्टन भारत भारद्वाज ने अपनी फ्लाइट ट्रेनिंग पूरी की. परेड खत्म होते ही माहौल अचानक भावुक हो गया. सेना की औपचारिक वर्दी में कैप्टन भारत भारद्वाज सीधे अपनी गर्लफ्रेंड आरुषि के पास पहुंचे. हेलिकॉप्टर के सामने घुटनों पर बैठकर उन्होंने शादी के लिए प्रपोज किया और अंगूठी पहनाई. यह सब देखकर वहां मौजूद परिवार के सदस्य, साथी अधिकारी, ट्रेनर्स और मेहमान तालियां बजाने लगे. कुछ लोग इस पल को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड करने लगे और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
कैप्टन भारत भारद्वाज ने प्रपोजल को लेकर क्या कहा?
कैप्टन भारत भारद्वाज ने ANI से बातचीत में कहा कि 'आज हम सभी पायलट और इंस्ट्रक्टर बने हैं. यह हम सभी के लिए बहुत बड़ा दिन था. हमारी मेहनत आज रंग लाई है. हम दोनों पिछले पांच साल से एक-दूसरे को जानते हैं. मुझे नहीं लगता कि इससे बेहतर कोई दिन हो सकता था, जब मैं उसे शादी के लिए प्रपोज करता. यह मेरे परिवार के लिए भी बहुत बड़ा दिन है. मैं चाहता था कि यह दिन मेरी मंगेतर के लिए भी यादगार बन जाए. बस यही पूरा आइडिया था.'
उन्होंने आगे कहा कि 'यह हम सभी के लिए बहुत बड़ा दिन है. मेरे परिवार, मेरी मां, मेरी मंगेतर और मेरे दूसरे माता-पिता के लिए भी यह बेहद खास दिन है. आप सभी का इसका हिस्सा बनने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. हमने कोशिश की है कि यह परेड, यह एयर शो और यह पूरा आयोजन हम सभी के लिए एक यादगार पल बन जाए. आपका बहुत-बहुत धन्यवाद.'
सोशल मीडिया पर लोग क्यों हो गए इमोशनल?
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हजारों लोगों ने इस पल को बेहद भावुक बताया. कई यूजर्स ने लिखा कि सेना जैसी सख्त और अनुशासित जिंदगी के बीच ऐसा प्यार भरा पल देखना काफी अलग और खूबसूरत था. कुछ लोगों ने इसे 'देशभक्ति और प्यार का परफेक्ट कॉम्बिनेशन' बताया. वहीं कई यूजर्स ने लिखा कि अपने करियर के सबसे बड़े दिन को जिंदगी के सबसे खास रिश्ते के साथ जोड़ना बेहद यादगार फैसला था.
फिर विवाद क्यों शुरू हो गया?
जहां एक तरफ लोग इस प्रपोजल की तारीफ कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे सेना की मर्यादा और अनुशासन से जोड़कर सवाल उठाए. एक यूजर ने लिखा कि Passing Out Parade जैसी सैन्य परंपरा बेहद अनुशासित होती है और ऐसे मौके पर निजी प्रपोजल करना उचित नहीं माना जाना चाहिए. दूसरे यूजर ने कहा कि Army Aviation School की अपनी विरासत, मूल्य और इतिहास है और ऐसा निजी कार्यक्रम कैंपस के बाहर होना चाहिए था.
एक अन्य यूजर ने लिखा कि 'प्यार बेहद खूबसूरत होता है और अपनी भावनाओं को जाहिर करने में कुछ भी गलत नहीं है. लेकिन एक वर्दी कर्तव्य, अनुशासन और जनता के विश्वास का प्रतीक होती है. ऐसे में निजी पलों को भी इस तरह संभाला जाना चाहिए कि वर्दी की गरिमा बनी रहे.”
आखिर क्यों तेजी से वायरल हो रहा है यह वीडियो?
वीडियो में सेना का हेलिकॉप्टर, Passing Out Parade का माहौल, यूनिफॉर्म में खड़े अधिकारी और अचानक किया गया प्रपोजल- इन सभी चीजों ने इस पल को बेहद सिनेमाई बना दिया. यही वजह है कि यह वीडियो इंस्टाग्राम, एक्स और फेसबुक समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. कुछ लोग इसे 'लव स्टोरी ऑफ द ईयर' बता रहे हैं तो कुछ इसे 'अनुशासन बनाम निजी भावनाओं” की बहस के तौर पर देख रहे हैं. फिलहाल यह वीडियो इंटरनेट पर लगातार चर्चा में बना हुआ है और लोग अपने-अपने नजरिए से इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं.




