Begin typing your search...

Men's Toilet में एयरपोर्ट कर्मचारी ने कोरियन लड़की के साथ की गंदी हरकत, विदेशी महिला ने सुनाई आपबीती

बेंगलुरु एयरपोर्ट पर कथित छेड़छाड़ पर पीड़ित कोरियाई महिला ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि भारत सुरक्षित है, हवाई अड्डों को महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित बनाने की आवश्यकता है.

Kempegowda International Airport South Korean Tourist molestation
X

South Korean Tourist molestation

( Image Source:  X/ @HateDetectors )

बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर कथित छेड़छाड़ की शिकार हुई दक्षिण कोरियाई पर्यटक ने इस घटना को भारत की सुरक्षा से नहीं जोड़ा है. इंडिया टुडे से बातचीत करते हुए उन्होंने साफ कहा कि एक व्यक्ति की हरकत से पूरे देश को गलत नहीं कहा जा सकता है.

हालांकि पीड़िता ने हवाई अड्डों जैसे सुरक्षा क्षेत्रों में मौजूद सत्ता के असंतुलन को गंभीर समस्या बताया और महिलाओं के लिए स्पष्ट, पारदर्शी और सुरक्षित जांच प्रक्रियाओं की जरूरत पर जोर दिया.

19 जनवरी को हुई थी छेड़छाड़

दक्षिण कोरियाई नागरिक किम सुंग क्युंग 19 जनवरी को बेंगलुरु अपनी दोस्त से मिलने आई थीं. आव्रजन संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, हवाई अड्डे के एक कर्मचारी अफान अहमद ने उनके सामान की जांच के बहाने उनसे संपर्क किया. आरोपी ने दावा किया कि सुरक्षा जांच के दौरान उनके सामान से बीप की आवाज आ रही थी.

इंडिया टुडे से बातचीत में किम ने कहा "चेक-इन के दौरान मेरे सामान से कुछ बीप की आवाज आ रही थी. इससे मुझे चिंता हुई कि कहीं मैं किसी आतंकी खतरे या गंभीर स्थिति में तो नहीं फंस गई हूं. इसलिए मैं व्यक्तिगत सुरक्षा जांच करवाने के लिए तैयार हो गई." उन्होंने बताया कि आरोपी का लहजा पेशेवर और आरोप लगाने वाला था, जिससे उन्हें यह एक वैध सुरक्षा प्रक्रिया लगी. किम के शब्दों में "उसने पेशेवर और आरोप लगाने वाले लहजे में बात की, जिससे मुझे लगा कि यह कोई आपातकालीन स्थिति है."

पुरुष शौचालय में छेड़छाड़

कथित तौर पर कर्मचारी उन्हें पुरुषों के शौचालय में ले गया और ‘टी’ पॉजिशन में खड़े होने का निर्देश दिया. इसके बाद सुरक्षा जांच के नाम पर उसने बार-बार उनके सीने और गुप्तांगों को छुआ और पीछे से उन्हें गले लगाया. पीड़िता ने कहा "मुझे पता था कि यह पूरी तरह से गलत है, लेकिन मैंने शांत रहकर सुरक्षित रूप से उस स्थिति से बाहर निकलने का प्रयास किया और तुरंत वहां से हट गई."

एयरलाइन कर्मचारियों ने की मदद

घटना के बाद किम ने एयरलाइन कर्मचारियों की मदद से पुलिस से संपर्क किया. उन्होंने बताया "सिंगापुर एयरलाइंस के कर्मचारियों ने मेरी मदद की और मुझे पुलिस स्टेशन तक पहुंचाया. हवाई अड्डे के सुरक्षाकर्मी भी मददगार थे." शिकायत दर्ज होते ही आरोपी हवाई अड्डे के कर्मचारी को महज 20 मिनट के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया.

भारत को बताया सुरक्षित

इस दर्दनाक अनुभव के बावजूद किम ने भारत को असुरक्षित ठहराने से इनकार किया. उन्होंने कहा "वह पूरे देश का प्रतिनिधित्व नहीं करते. भारत काफी सुरक्षित है. यह एक अलग घटना है, लेकिन हवाई अड्डों पर सत्ता का असंतुलन मौजूद है, हवाई अड्डों को महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित बनाने की आवश्यकता है."

India News
अगला लेख