Begin typing your search...

बंगाल का Pushpa बना फ्लावर! अब कान पकड़कर गली-गली मांग रहा माफी, भाजपा ने शेयर किया उठक-बैठक का VIDEO

नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तारी के बाद TMC नेता जहांगीर खान उर्फ 'पुष्पा' की पुलिस परेड के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. भाजपा ने वीडियो शेयर कर तंज कसते हुए कहा कि 'पुष्पा अब फ्लावर बन गया है.'

बंगाल का Pushpa बना फ्लावर! अब कान पकड़कर गली-गली मांग रहा माफी, भाजपा ने शेयर किया उठक-बैठक का VIDEO
X
( Image Source:  @BJP4India-X )
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी4 Mins Read

Updated on: 16 Jun 2026 5:43 PM IST

बीते कुछ दिनों से पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नाम लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. टीएमसी नेता जहांगीर खान उर्फ 'पुष्पा'. सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह कभी हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगते नजर आते हैं तो कभी कान पकड़कर उठक-बैठक करते दिखाई देते हैं. इन वीडियो को लेकर राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक खूब चर्चा हो रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा इलाके में पुलिस ने जहांगीर खान को कई घंटों तक सड़कों पर घुमाया. इस दौरान वह लोगों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखाई दिए. बताया जा रहा है कि पुलिस ने करीब चार घंटे तक इलाके में उनकी परेड कराई. इस पूरी कार्रवाई के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिन पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

लगातार चार दिन से चर्चा में है 'पुष्पा'

सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के मुताबिक, जहांगीर खान की लगातार कई दिनों से पुलिस परेड कराई जा रही है. हाल ही में सामने आए एक वीडियो में वह हाफ पैंट पहनकर कान पकड़कर उठक-बैठक करते नजर आए. इसी वीडियो को साझा करते हुए भाजपा ने टीएमसी नेता पर निशाना साधा.

भाजपा ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'पश्चिम बंगाल का 'पुष्पा' आखिरकार फ्लावर बन गया. जो नेता कभी सत्ता के दम पर लोगों को डराता था, आज वही पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है. जैसी करनी, वैसी भरनी.'

नेपाल बॉर्डर से हुई थी गिरफ्तारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने 8 जून को जहांगीर खान को नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद उसे दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा इलाके में लाया गया. बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ फाल्टा थाने में सात एफआईआर दर्ज हैं. गिरफ्तारी के बाद 11 जून को भी उसकी परेड कराई गई थी. अब एक बार फिर उसे इलाके में घुमाए जाने के वीडियो सामने आए हैं, जिससे मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.

चुनाव प्रचार में खुद को बताता था 'पुष्पा'

जहांगीर खान का नाम पहले भी राजनीतिक कारणों से चर्चा में रह चुका है. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार करते समय वह खुद की तुलना फिल्म Pushpa: The Rise के किरदार 'पुष्पा' से करता था. कई जनसभाओं में उसने फिल्म का चर्चित डायलॉग 'पुष्पा झुकेगा नहीं साला' भी दोहराया था.

टीएमसी ने उसे दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन चुनाव से ठीक पहले वह मैदान से हट गया और बाद में फरार हो गया था. अब गिरफ्तारी और लगातार वायरल हो रहे वीडियो के बाद वह एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है.

वायरल
अगला लेख