इसकी, उसकी सबकी नौकरी खा जाएगा AI! Anthropic के इंजीनियर की ‘डूम्सडे वॉर्निंग’ से मचा हड़कंप
Anthropic इंजीनियर की चेतावनी-AI एजेंट्स ले सकते हैं लाखों नौकरियां. क्या 2026 तक खत्म हो जाएगी इंजीनियरिंग जॉब्स? जानें पूरा सच.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर जहां एक ओर तकनीकी दुनिया उत्साहित है, वहीं अब इसके खतरनाक असर को लेकर गंभीर चेतावनियां भी सामने आने लगी हैं. AI कंपनी Anthropic के सीनियर इंजीनियर Borsi Cherny ने इंटरनेट आधारित नौकरियों के भविष्य पर बड़ा अलर्ट जारी किया है.
Benzinga की रिपोर्ट के मुताबिक, Lenny’s Podcast में बोलते हुए चर्नी ने कहा कि आने वाले समय में एडवांस्ड AI एजेंट्स लगभग हर उस काम को करने लगेंगे, जो अभी इंसान कंप्यूटर पर करता है - चाहे वह सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, प्रोडक्ट मैनेजमेंट हो या डिज़ाइनिंग. उनके शब्दों में, “यह लगभग हर उस काम तक फैल जाएगा, जो आप कंप्यूटर पर कर सकते हैं.” उन्होंने साफ चेताया कि यह बदलाव तेज होगा और लाखों लोगों के लिए यह दौर “दर्दनाक और अस्थिर” साबित हो सकता है.
Claude Code: क्या AI सच में आपकी नौकरी छीन सकता है?
इस तकनीकी क्रांति के केंद्र में है Anthropic का AI एजेंट Claude Code. यह सामान्य चैटबॉट की तरह सिर्फ जवाब नहीं देता, बल्कि कमांड चला सकता है, वेबसाइट बना सकता है और जटिल कोडिंग टास्क अपने आप पूरा कर सकता है. चर्नी का कहना है कि Claude Code लॉन्च होने के बाद से ही हर इंजीनियर की प्रोडक्टिविटी बढ़ चुकी है और जैसे-जैसे “एजेंटिक AI” आम होगा, यह रफ्तार और तेज़ हो जाएगी. इतना ही नहीं, उन्होंने Y Combinator Lightcone पॉडकास्ट पर यह भी कहा कि “2026 तक ‘सॉफ्टवेयर इंजीनियर’ जैसी जॉब टाइटल ही खत्म हो सकती है.” यानी आने वाले सालों में इंसान कोड नहीं लिखेगा, बल्कि AI को निर्देश देगा और वही असली इंजीनियरिंग करेगा.
Anthropic के इंजीनियर की चेतावनी क्यों मचा रही है हड़कंप?
चौंकाने वाली भविष्यवाणी के बावजूद चर्नी ने लोगों को डरने के बजाय ढलने की सलाह दी. उनका कहना है कि “AI से घबराइए मत. सीखिए कि ये टूल कैसे काम करते हैं और इन्हें अपने काम में शामिल करिए.” उनके मुताबिक, एजेंटिक AI अभी अपनी शुरुआती अवस्था में है और बहुत से प्रोफेशनल्स पहली बार इसकी असली ताकत देख रहे हैं. आने वाले समय में वही लोग टिक पाएंगे जो AI के साथ काम करना सीख लेंगे.
बढ़ती आर्थिक चिंता: युवाओं पर सबसे ज्यादा असर
चर्नी की चेतावनी ऐसे समय आई है जब AI के कारण नौकरियों पर खतरे की चर्चा पहले से ही तेज़ है. अमेरिकी फेडरल रिजर्व के गवर्नर Michael Barr पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि AI की वजह से एंट्री-लेवल जॉब्स खत्म हो रही हैं, खासकर कस्टमर सर्विस और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट जैसी नौकरियां.
वहीं, मशहूर रिसर्च फर्म Oxford Economics का अनुमान है कि आने वाले दशकों में अमेरिका की लगभग 20% वर्कफोर्स ऑटोमेशन से प्रभावित हो सकती है. इसका सीधा मतलब है - नई पीढ़ी के प्रोफेशनल्स के लिए नौकरी पाना और मुश्किल हो सकता है.
क्या वाकई खत्म हो जाएंगी इंजीनियर और डिजाइनर की नौकरियां?
विशेषज्ञ मानते हैं कि AI इंसानी नौकरियों को पूरी तरह खत्म नहीं करेगा, लेकिन उनका स्वरूप जरूर बदलेगा. जहां पहले एक इंजीनियर खुद कोड लिखता था, वहीं भविष्य में वह AI को मैनेज करेगा, सही निर्देश देगा और AI द्वारा बनाए गए सिस्टम को सुधारेगा. यानी काम रहेगा, लेकिन स्किल्स पूरी तरह बदल जाएंगी.
Anthropic के इंजीनियर बोर्सी चर्नी की यह चेतावनी सिर्फ डराने वाली भविष्यवाणी नहीं, बल्कि आने वाले बदलाव का संकेत है. AI एजेंट्स अब सिर्फ सहायक नहीं, बल्कि काम करने वाले कर्मचारी बनते जा रहे हैं. अगर इंसान ने खुद को समय रहते अपडेट नहीं किया, तो वह तकनीक की इस दौड़ में पीछे छूट सकता है. लेकिन जो लोग AI को अपना साथी बना लेंगे, वही आने वाले डिजिटल युग के असली विजेता होंगे.




