क्या कपिल शर्मा शो में ऑडियंस के सवाल स्क्रिप्टेड होते हैं, 12 बजे भी टीवी एक्ट्रेस सजी-धजी क्यों दिखती हैं? उपासना सिंह ने खोले राज
कपिल शर्मा का कॉमेडी शो दर्शकों को खूब हंसाता है, लेकिन क्या आपको पता है कि शो में ऑडियंस के सवाल भी पहले से तय होते हैं? एक्ट्रेस उपासना सिंह ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में इसका खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि आखिर दर्शकों के सवाल स्क्रिप्टेड क्यों रखे जाते हैं और इसके पीछे मेकर्स की क्या वजह है.
कपिल शर्मा शो में ऑडियंस के सवाल स्क्रिप्टेड होते हैं. इस बात का खुलासा एक्ट्रेस उपासना सिंह ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में किया है. उन्होंने बताया कि शो में दर्शकों से पूछे जाने वाले सवाल पहले से तय होते हैं. ऐसा इसलिए किया जाता है क्योंकि मेकर्स को पता नहीं होता कि ऑडियंस में बैठा व्यक्ति कैमरे के सामने ठीक से सवाल पूछ पाएगा या नहीं.
अंकुर सिंह के पॉडकास्ट 'शेयर विद अंकुर' में बातचीत के दौरान उपासना ने बताया कि कई बार ऐसा होता है कि दर्शक सवाल पूछने के लिए हाथ खड़ा करते हैं, लेकिन जब उन्हें मौका मिलता है तो वे ठीक से अपनी बात नहीं कह पाते. ऐसे में शूटिंग के बाद उस हिस्से को एडिट करना पड़ता है. इसलिए शो में सवाल पहले से तैयार रखे जाते हैं, ताकि शूटिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
महिलाओं के सजे धजे बोने के कारण?
बातचीत में उनसे टीवी सीरियल्स में महिलाओं के हमेशा सजे-धजे दिखने को लेकर भी सवाल किया गया. उनसे पूछा गया कि सीरियल में रात के 12 या 3 बजे भी किसी का दरवाजा खटखटाने पर घर की महिलाएं पूरी तरह तैयार होकर दरवाजा क्यों खोलती हैं? इस पर उपासना ने कहा कि यह एक ट्रेंड बन गया था, जो उन्हें भी काफी अजीब लगता था. रात में सोते समय भी महिलाएं गहने पहने रहती थीं. हालांकि, अब यह चलन बदल रहा है.
उपासना ने बताया कि ओटीटी के आने के बाद कहानियों और किरदारों में काफी बदलाव हुआ है. अब पर्दे पर रियल लाइफ से जुड़े किरदार दिखाई देने लगे हैं. पहले की तरह हर कहानी में 25-30 साल के हीरो को दिखाने का चलन भी धीरे-धीरे बदल रहा है.
इस दौरान उपासना ने महानायक अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी सुनाया. उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन ने उनसे मजाक में कहा था कि तुम सबके साथ फ्लर्ट करती हो, लेकिन मेरे साथ नहीं कर सकतीं.
कॉमेडी करना आसान नहीं होता
उपासना ने बातचीत में यह भी बताया कि कॉमेडी करना जितना आसान पर्दे पर दिखाई देता है, असल में उतना ही चुनौतीपूर्ण है. कई बार कलाकार मजाक में ऐसी बात कह देते हैं, जो सामने वाले को बुरी लग जाती है. उन्होंने अपने साथ हुई एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार उन्होंने एक ऐसे एक्टर को उनके गंजेपन को लेकर मजाक में कुछ कह दिया था, जिनके सिर पर बाल नहीं थे.
उपासना के मुताबिक, उनकी यह बात उस एक्टर को बुरी लग गई और वह नाराज होकर सेट छोड़कर चले गए. इतना ही नहीं, उन्होंने डायरेक्टर से शिकायत भी की कि उपासना उनका अपमान कर रही हैं. एक्ट्रेस ने बताया कि कॉमेडी में सबसे बड़ी चुनौती यही होती है कि मजाक करते समय यह ध्यान रखना पड़ता है कि किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे.




