The Kerala Story 2 OTT Release: कब और कहां देखें फिल्म? इस प्लेटफॉर्म पर होगी रिलीज
थिएटर में औसत प्रदर्शन के बाद 'The Kerala Story 2' अब OTT पर रिलीज होने जा रही है. फिल्म अपनी संवेदनशील कहानी और विवादों के कारण लगातार चर्चा में बनी हुई है.
The Kerala Story 2 OTT Release: कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित और विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित फिल्म 'द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड' 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. रिलीज होते ही यह फिल्म भारी विवादों में घिर गई. कई लोगों ने फिल्म की आलोचना की, इसके खिलाफ कानूनी शिकायतें दर्ज की गईं और इसे सांप्रदायिक प्रचार फैलाने का आरोप लगाया गया.
यह फिल्म 2023 में आई पहली फिल्म 'द केरल स्टोरी' की दूसरी कड़ी है. सिनेमाघरों में फिल्म का प्रदर्शन एवरेज रहा, यानी न तो बहुत ज्यादा सफल हुई और न ही पूरी तरह फ्लॉप. 24 अप्रैल 2026 को यह घोषणा की गई कि फिल्म अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. सिनेमाघरों में रिलीज होने के लगभग 70 दिनों बाद यह फिल्म ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए आ रही है.
द केरल स्टोरी 2 की ओटीटी रिलीज डेट
फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' 8 मई 2026 को ZEE5 प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी. यह फिल्म कुल 2 घंटे 11 मिनट लंबी है. फिल्म मुख्य रूप से लव जिहाद, जबरन धर्म परिवर्तन और युवा हिंदू लड़कियों के व्यवस्थित शोषण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर फोकस करती है.
केरल स्टोरी 2 की कहानी
फिल्म 'द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड' तीन अलग-अलग युवतियों की सच्ची लगने वाली कहानियों को दिखाती है. ये तीनों महिलाएं भारत के अलग-अलग राज्यों से हैं. इनके जीवन में प्यार के नाम पर धोखा, दबाव और जबरन धर्म परिवर्तन के कारण बहुत बड़ा बदलाव आ जाता है. राजस्थान की एक 16 साल की नाबालिग लड़की को एक लड़का प्यार का झांसा देकर बहला-फुसलाता है और उसे जबरन धर्म परिवर्तन करवा लेता है. इसके बाद लड़की के परिवार ने POCSO एक्ट के तहत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. मध्य प्रदेश की एक युवती को शुरू में लगता है कि वह सच्चे प्यार में है. लेकिन बाद में पता चलता है कि वह धोखे, जबरन धर्म परिवर्तन और अपनी आजादी छीन लिए जाने वाले शादी के जाल में फंस गई है. केरल की एक उदार सोच वाली महिला पत्रकार सलीम नाम के व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगती है. लेकिन कुछ समय बाद वही व्यक्ति उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने लगता है.




