पुराने रंग में लौटे Shekhar Suman, मोदी सरकार पर कसा तंज, कौन सा है वो Show जिससे सोशल मीडिया पर हो गए वायरल
Shekhar Suman एक बार फिर अपने पुराने सटायर वाले अंदाज में लौट आए हैं. उनके नए शो Shekhar Tonite का एक क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मोदी सरकार और इंटरनेट से वीडियो हटाए जाने को लेकर मजाकिया अंदाज में तंज कसते नजर आ रहे हैं.
शेखर सुमन एक बार फिर अपने पुराने तंज और मजाकिया अंदाज में नजर आ रहे हैं और उनका नया शो Shekhar Tonite सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. शो के पहले एपिसोड में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मेहमान बनकर पहुंचे, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा शेखर सुमन के उस मजाक की हो रही है, जिसमें उन्होंने मोदी सरकार और इंटरनेट सेंसरशिप पर तंज कसा.
शो के एक क्लिप में उन्होंने मोदी सरकार और इंटरनेट सेंसरशिप पर तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार की असली रफ्तार देखनी है, तो वहां देखिए जहां प्रधानमंत्री पर बना कोई मजाकिया वीडियो इंटरनेट से हटाना हो. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि 'मीडिया वाले वीडियो अपलोड करते हैं और मंत्रालय में कोई उसे तुरंत डिलीट कर देता है.'
किस बयान से वायरल हुए शेखर सुमन?
वायरल क्लिप में शेखर सुमन कहते हैं कि 'अगर सरकार की रफ्तार देखनी है, तो वहां देखिए जहां माननीय मोदी जी पर बनाया गया मजाक या फनी वीडियो इंटरनेट से ऑफलाइन करवाना हो. पिछले दिनों उनका एक 52 सेकंड का एनिमेटेड वीडियो इंटरनेट से आधे सेंकड में गायब हो गया था. इसके आगे वह मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि 'इधर बेचारे मीडिया वाले अपलोड दबाते हैं, उधर मंत्रालय में कोई कमबख्त डिलीट दबा देता है.' डाउनलोड होने से पहले ही वीडियो शहीद हो जाता है.
'डिजिटल इंडिया से इनविजिबल इंडिया'
इस वायरल क्लिप में शेखर तंज कसते हुए कहते हैं कि 'लगता है हमारा देश डिजिटल इंडिया से आगे बढ़कर इनविजिबल इंडिया बनता जा रहा है. अरे भाई यह मैं नहीं कह रहा ये इंटरनेट कह रहा है. शेखर यहीं नहीं रुकते हैं और कहते हैं ओह सॉरी सॉरी वो भी नहीं कह पा रहा है, क्योंकि उसका भी मुंह बंद करवा दिया गया है. अच्छा आप जानते हैं कि वीडियो को डिलीट करने की दलील क्या दी गई, नेशनल सिक्योरिटी, जरा सोचिए 56 इंच की छाती के सामने 52 सेकंड का कार्टून भारी पड़ गया. ऐसा ही हाल रहा, तो आने वाले सालों में टॉम और जैरी कार्टून भी हमारे देश के लिए खतरा न बन जाए.
सोशल मीडिया पर बंटे लोग
इस क्लिप के वायरल होने के बाद इंटरनेट पर मिले- जुले रिएक्शन्स देखने को मिल रही हैं. कई यूजर्स ने कहा कि शेखर सुमन लंबे समय बाद अपने पुराने फॉर्म में लौटे हैं और उनका कंटेंट पहले की तरह धारदार लग रहा है. कुछ लोगों ने उनके पुराने शो देख भाई देख और मूवर्स एंड शेकर्स के दिनों को भी याद किया. हालांकि कुछ यूजर्स ने उनकी आलोचना भी की. एक सेक्शन ने कहा कि कंटेंट अच्छा है, लेकिन पहले जैसी एनर्जी अब उनकी परफॉर्मेंस में नजर नहीं आती. वहीं कुछ लोगों ने उनके राजनीतिक तंज को लेकर भी तीखे कमेंट्स किए.




