Begin typing your search...

'इंशाअल्लाह' बोलकर भीड़ को शांत कराने वाली ADCP शालिनी दीक्षित कौन? भोपाल बवाल के बीच चर्चा में आईं महिला अफसर

भोपाल के पीरगेट इलाके में सांप्रदायिक तनाव के बीच ADCP शालिनी दीक्षित का एक बयान वायरल हो गया. भीड़ के बीच जाकर उन्होंने जिस तरह हालात संभाले, उससे उनकी प्रोफाइल अचानक राष्ट्रीय चर्चा का हिस्सा बन गई.

इंशाअल्लाह बोलकर भीड़ को शांत कराने वाली ADCP शालिनी दीक्षित कौन? भोपाल बवाल के बीच चर्चा में आईं महिला अफसर
X
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी6 Mins Read

Published on: 16 May 2026 11:29 PM

भोपाल में हिंदू युवती और मुस्लिम युवक से जुड़े विवाद के बाद जिस तरह शहर की सड़कों पर तनाव बढ़ा, उसने पूरे मध्य प्रदेश की राजनीति और पुलिस प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया. 10 मई को एक होटल में मुस्लिम युवक की पिटाई, उसका चेहरा काला किए जाने और वीडियो वायरल होने के बाद मामला सांप्रदायिक रंग लेने लगा. फिर 12 मई की रात जब शहर काजी की अपील पर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे, तब भोपाल के पीरगेट इलाके में हालात अचानक बिगड़ गए. चक्काजाम, नारेबाजी और पथराव के बीच पुलिस प्रशासन के लिए हालात संभालना चुनौती बन गया.

इसी तनाव के बीच एक महिला पुलिस अधिकारी का नाम अचानक सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा में आ गया. ये नाम था भोपाल जोन-3 की ADCP शालिनी दीक्षित का. भीड़ के बीच पहुंचकर उन्होंने जिस अंदाज में लोगों से बातचीत की और “इंशाअल्लाह, हम कड़क से कड़क कार्रवाई करेंगे” कहा, उसने कुछ ही मिनटों में उग्र माहौल को शांत कर दिया. अब हर तरफ सवाल उठ रहा है कि आखिर ADCP शालिनी दीक्षित कौन हैं, जिनकी एक लाइन ने सैकड़ों लोगों की भीड़ को शांत कर दिया?

कौन हैं ADCP शालिनी दीक्षित?

शालिनी दीक्षित मध्य प्रदेश राज्य पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी हैं और फिलहाल भोपाल पुलिस कमिश्नरेट में जोन-3 की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) के पद पर तैनात हैं. राजधानी भोपाल के सबसे संवेदनशील इलाकों में कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है.

उनकी पहचान सिर्फ एक सख्त पुलिस अफसर के तौर पर नहीं, बल्कि ऐसे अधिकारी के रूप में भी की जाती है जो तनावपूर्ण हालात में संवाद और रणनीति से स्थिति को कंट्रोल करने में विश्वास रखती हैं. यही वजह है कि पीरगेट जैसे संवेदनशील इलाके में भी उन्होंने भीड़ के बीच जाकर सीधे बातचीत की.

आखिर ‘इंशाअल्लाह’ वाले बयान का इतना असर क्यों हुआ?

12 मई की रात जब प्रदर्शनकारी उग्र हो रहे थे और हालात बेकाबू होने लगे थे, तब पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद थे. लेकिन माहौल लगातार गर्म हो रहा था. इसी दौरान ADCP शालिनी दीक्षित प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचीं और उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी.

वीडियो में वे कहती सुना जा सकता है कि इंशाअल्लाह, हम मिलकर कड़क से कड़क कार्रवाई करेंगे.' स्थानीय माहौल और भीड़ की मानसिकता को समझते हुए बोले गए इस एक शब्द ने लोगों के गुस्से को काफी हद तक शांत कर दिया. कई लोग इसे ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ बता रहे हैं, जबकि कुछ राजनीतिक हलकों में इसे लेकर बहस भी शुरू हो गई है.

ADCP शालिनी दीक्षित लंबे समय से महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और संवेदनशील मामलों की निगरानी से जुड़ी रही हैं. भोपाल में ADCP बनने से पहले वे पुलिस मुख्यालय (PHQ) में महिला अपराध शाखा में AIG के पद पर भी काम कर चुकी हैं. उनकी गिनती उन अफसरों में होती है जो सिर्फ फील्ड में ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक रणनीति और अपराध नियंत्रण दोनों में मजबूत पकड़ रखती हैं.

महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर भी चला चुकी हैं अभियान

शालिनी दीक्षित ने भोपाल और आसपास के इलाकों में युवाओं और महिलाओं के लिए कई जागरूकता अभियानों का नेतृत्व किया है. उन्होंने 'सम्मान' और '#असलीहीरो' जैसे अभियानों में अहम भूमिका निभाई, जिनका मकसद महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करना और अपराध की रिपोर्टिंग को बढ़ावा देना था. इसके अलावा 'मुस्कान अभियान' के तहत वे लगातार साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े खतरों को लेकर युवाओं को जागरूक करती रही हैं.

किन बड़े मामलों में संभाली कमान?

भोपाल में हाल के कई हाई-प्रोफाइल मामलों में शालिनी दीक्षित की भूमिका अहम रही है. इनमें शामिल हैं-

  • सांप्रदायिक तनाव और विरोध प्रदर्शनों के दौरान कानून व्यवस्था संभालना
  • मेडिकल छात्र की संदिग्ध मौत की जांच
  • अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट फर्जीवाड़ा गिरोह का खुलासा
  • महिला अपराध और साइबर क्राइम से जुड़े संवेदनशील मामलों की निगरानी

यही वजह है कि पुलिस विभाग में उनकी छवि एक एक्टिव और ग्राउंड लेवल पर काम करने वाली अधिकारी की मानी जाती है.

आखिर भोपाल में पूरा विवाद कैसे शुरू हुआ?

पूरा मामला 10 मई को गोविंदपुरा इलाके के एक होटल से शुरू हुआ था. हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं ने वहां एक हिंदू युवती के साथ मौजूद मुस्लिम युवक को पकड़ लिया. आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई, उसके कपड़े उतरवाए गए और चेहरे पर कालिख व गोबर पोता गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मुस्लिम संगठनों और शहर काजी ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. 12 मई की रात पीरगेट इलाके में प्रदर्शन के दौरान माहौल बिगड़ गया और पथराव की घटनाएं सामने आईं.

अब तक पुलिस ने क्या कार्रवाई की?

भोपाल पुलिस ने दोनों पक्षों पर कार्रवाई की है.

होटल में युवक के साथ मारपीट और अभद्रता करने के आरोप में बजरंग दल से जुड़े 7 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया. वहीं पीरगेट में प्रदर्शन और पथराव मामले में 100 से ज्यादा लोगों पर FIR दर्ज की गई है. पुलिस अब CCTV फुटेज और वीडियो के जरिए बाकी आरोपियों की पहचान कर रही है. फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन का दावा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

क्या शालिनी दीक्षित अब ‘संकटमोचक अफसर’ की छवि बना चुकी हैं?

भोपाल बवाल के बाद सोशल मीडिया पर जिस तरह ADCP शालिनी दीक्षित की चर्चा हो रही है, उससे साफ है कि उन्होंने सिर्फ कानून व्यवस्था नहीं संभाली, बल्कि संवाद और मनोवैज्ञानिक तरीके से भी भीड़ को कंट्रोल करने की कोशिश की. कई लोग उन्हें “क्राइसिस मैनेजमेंट ऑफिसर” बता रहे हैं, तो कुछ इसे प्रशासन की सूझबूझ वाली रणनीति मान रहे हैं. लेकिन इतना तय है कि भोपाल के इस हाई-वोल्टेज विवाद के बीच शालिनी दीक्षित का नाम अब पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुका है.

अगला लेख