Sara Ali Khan के मेंटल हेल्थ को एफेक्ट करती है ट्रोलिंग, बताया- अब हैंडल करना सीख गई हूं
एक्ट्रेस सारा अली खान ने बताया कि सोशल मीडिया पर होने वाली आलोचना और ट्रोलिंग का असर उनके मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है. हालांकि अब उन्होंने खुद के लिए काम करना और आलोचनाओं से बेहतर तरीके से निपटना सीख लिया है.
एक्ट्रेस सारा अली खान (Sara Ali Khan) ने हाल ही में सोशल मीडिया पर आने वाली तारीफों, आलोचनाओं और ट्रोलिंग से निपटने के बारे में पूरी ईमानदारी से बात की है. आईएएनएस को दी गई एक खास बातचीत में सारा ने स्वीकार किया कि ये निगेटिव टिप्पणियां उनके मानसिक स्वास्थ्य पर असर जरूर डालती हैं, लेकिन अब वे इनसे बेहतर तरीके से सामना करना सीख गई हैं. सारा ने कहा कि एक एक्टर के रूप में उनका मेन फोकस हमेशा दर्शकों पर ही रहता है.
उन्होंने कहा, 'अगर मैं कहूं कि मुझ पर इसका कोई असर नहीं पड़ता, तो मैं झूठ बोल रही होंगी मुझे असर पड़ता है. क्योंकि आखिरकार, मैं जो भी काम करती हूं, वो अपने दर्शकों के लिए ही करती हूं. अगर वे निराश हो जाते हैं तो मुझे बहुत बुरा लगता है.' उन्होंने खुलकर बताया कि समय के साथ-साथ उन्होंने एक बहुत जरूरी बात सीख ली है. सारा ने आगे कहा, 'इस सफर में जब आप कुछ समय तक यहां रह लेते हैं, तो धीरे-धीरे खुद के लिए भी काम करना शुरू कर देते हैं. मुझे लगता है कि मैंने ये बात अपने करियर के बाद के दौर में सीखी.'
बेवजह का गिल्ट
उन्होंने बताया कि शुरुआती दिनों में उनका पूरा ध्यान सिर्फ दर्शकों की खुशी पर ही रहता था. मैंने 'जनता जनता' कहा था और मेरा मतलब बिल्कुल वही था. ध्यान हमेशा जनता पर ही रहेगा. लेकिन अब मैं काम की प्रक्रिया का पूरा आनंद लेने लगी हूं. मैं खुद से सच्चे मन से कहती हूं कि मैंने अपना पूरा बेस्ट दिया.' सारा का मानना है कि जब आप सच में अपना बेस्ट देते हैं, तो बाद में किसी तरह का गिल्ट या बेवजह की खुद की निंदा नहीं होती. फिर सब भगवान या किस्मत पर छोड़ देते हैं. अगर आपने अपना बेस्ट दिया है तो मानसिक तौर पर बहुत हल्का महसूस होता है.'
नई फिल्म की बात
काम की बात करें तो सारा अली खान जल्द ही रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' में नजर आई हैं. इस फिल्म में सारा के साथ आयुष्मान खुराना, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी भी मुख्य भूमिकाओं में हैं. मुदस्सर अजीज द्वारा निर्देशित यह फिल्म आज, 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. फिल्म की कहानी पति-पत्नी और उनके रिश्तों पर आधारित मजेदार और रोमांचक है, जो दर्शकों को खूब हंसाने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर करेगी. सारा अली खान अपनी इस नई फिल्म को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रही हैं.




