Begin typing your search...

शुक्र का मिथुन राशि में गोचर, जानें 12 राशियों पर 08 जून तक कैसा पड़ेगा प्रभाव

शुक्र ग्रह ने मिथुन राशि में प्रवेश कर लिया है और यह गोचर 08 जून 2026 तक रहेगा. इसका असर सभी 12 राशियों के प्रेम, करियर, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक जीवन पर देखने को मिलेगा/

शुक्र का मिथुन राशि में गोचर, जानें 12 राशियों पर 08 जून तक कैसा पड़ेगा प्रभाव
X
( Image Source:  AI Created )
State Mirror Astro
By: State Mirror Astro6 Mins Read

Updated on: 15 May 2026 8:00 AM IST

सौंदर्य, प्रेम, सुख-सुविधा और ऐश्वर्य के कारक ग्रह शुक्र ने अब वृषभ राशि से निकलकर मिथुन राशि में प्रवेश कर लिया है. शुक्र का यह गोचर 14 मई से 08 जून तक रहेगा. ज्योतिष शास्त्र में शुक्र को आकर्षण, कला, रोमांस, वैभव, धन और भौतिक सुखों का प्रतीक माना जाता है. मिथुन राशि बुध की राशि है, जो बुद्धिमत्ता, संवाद और चतुराई का प्रतिनिधित्व करती है. ऐसे में शुक्र का यह गोचर लोगों के व्यवहार, रिश्तों और कार्यक्षेत्र में सकारात्मक बदलाव ला सकता है. शुक्र के मिथुन राशि में गोचर करने से बातचीत करने की क्षमता बेहतर होगी, रिश्तों में मिठास बढ़ेगी और रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं. मीडिया, लेखन, कला, फैशन, मार्केटिंग और कम्युनिकेशन से जुड़े लोगों के लिए यह समय विशेष रूप से लाभकारी माना जा रहा है. आइए जानते हैं कि शुक्र का मिथुन राशि में प्रवेश सभी 12 राशियों के जीवन को किस तरह प्रभावित करेगा.

मेष राशि

मेष राशि वालों के लिए शुक्र दूसरे और सप्तम भाव के स्वामी हैं. अब शुक्र आपके तीसरे भाव में गोचर कर रहे हैं. इस अवधि में आपके आत्मविश्वास और संवाद कौशल में बढ़ोतरी होगी. नए लोगों से मेलजोल बढ़ेगा और संपर्कों से लाभ मिलने की संभावना रहेगी. प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी और रिश्तों में मधुरता बनी रहेगी. भाई-बहनों का सहयोग भी मिल सकता है.

वृषभ राशि

वृषभ राशि के स्वामी स्वयं शुक्र हैं. यह गोचर आपके दूसरे भाव में हो रहा है, जो धन, परिवार और वाणी का भाव माना जाता है. इस समय आर्थिक मामलों में सुधार देखने को मिल सकता है. आपकी बोलचाल से लोग प्रभावित होंगे. परिवार में सुखद वातावरण रहेगा और धन लाभ के नए अवसर भी सामने आ सकते हैं. निवेश से जुड़े मामलों में सोच-समझकर निर्णय लेना बेहतर रहेगा.

मिथुन राशि

मिथुन राशि वालों के लिए शुक्र पंचम और द्वादश भाव के स्वामी हैं. अब शुक्र आपकी ही राशि यानी लग्न भाव में गोचर कर रहे हैं. इससे आपके व्यक्तित्व में आकर्षण बढ़ेगा और आत्मविश्वास मजबूत होगा. प्रेम संबंधों में नई ऊर्जा आएगी. अविवाहित लोगों के जीवन में किसी खास व्यक्ति की एंट्री हो सकती है. स्वास्थ्य पहले से बेहतर रहेगा और मन प्रसन्न रहेगा.

कर्क राशि

कर्क राशि के लिए शुक्र चौथे और एकादश भाव के स्वामी हैं. अब यह आपके द्वादश भाव में गोचर करेंगे. यह भाव खर्च, विदेश यात्रा और एकांत से जुड़ा होता है. ऐसे में इस दौरान खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है. विदेश से जुड़े कार्यों में लाभ मिलने के योग हैं. नौकरी या व्यापार के सिलसिले में यात्रा भी संभव है. मानसिक शांति बनाए रखने के लिए अनावश्यक तनाव से दूर रहें.

सिंह राशि

सिंह राशि वालों के लिए शुक्र तीसरे और दशम भाव के स्वामी हैं. शुक्र का यह गोचर आपके एकादश भाव में होने जा रहा है. इससे आमदनी में वृद्धि के संकेत मिल रहे हैं. मित्रों और करीबी लोगों का सहयोग मिलेगा. कार्यक्षेत्र में नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं. प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी और आपकी इच्छाओं की पूर्ति होने की संभावना बढ़ेगी.

कन्या राशि

कन्या राशि के लिए शुक्र दूसरे और नवम भाव के स्वामी हैं. अब शुक्र आपके दशम भाव में गोचर करेंगे, जो करियर और प्रतिष्ठा का भाव माना जाता है. इस समय नौकरी और व्यवसाय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं. कार्यस्थल पर आपकी छवि मजबूत होगी और अधिकारियों का सहयोग मिलेगा. पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि के भी योग बन रहे हैं.

तुला राशि

तुला राशि के स्वामी शुक्र हैं और यह आपके प्रथम व अष्टम भाव के स्वामी भी हैं. शुक्र का यह गोचर आपके नवम भाव में हो रहा है. भाग्य का साथ मिलने से कई कार्य आसानी से पूरे हो सकते हैं. धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी. यात्रा के योग बन सकते हैं. विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे लोगों को भी लाभ मिलने की संभावना है.

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वालों के लिए शुक्र सप्तम और द्वादश भाव के स्वामी हैं. अब शुक्र आपके अष्टम भाव में प्रवेश कर रहे हैं. यह भाव रहस्य, शोध और गूढ़ ज्ञान से जुड़ा होता है. इस दौरान आपकी रुचि नई चीजें सीखने और खोज करने में बढ़ सकती है. अचानक धन लाभ के योग भी बन सकते हैं. हालांकि स्वास्थ्य और खर्चों को लेकर थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

धनु राशि

धनु राशि के लिए शुक्र छठे और एकादश भाव के स्वामी हैं. शुक्र अब आपके सप्तम भाव में गोचर करेंगे. इससे वैवाहिक जीवन में मधुरता बढ़ेगी और जीवनसाथी के साथ रिश्ते मजबूत होंगे. साझेदारी में किए गए कार्यों में लाभ मिल सकता है. प्रेम संबंधों में भी सुधार आएगा. व्यापार में पार्टनर का सहयोग अच्छा रहेगा.

मकर राशि

मकर राशि वालों के लिए शुक्र पंचम और दशम भाव के स्वामी हैं. अब शुक्र आपके षष्ठम भाव में गोचर करेंगे. कार्यक्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है, लेकिन मेहनत का अच्छा परिणाम भी मिलेगा. नौकरीपेशा लोगों को अपने काम के लिए सराहना मिल सकती है. स्वास्थ्य के मामले में लापरवाही न करें और दिनचर्या को संतुलित बनाए रखें.

कुंभ राशि

कुंभ राशि वालों के लिए शुक्र चौथे और नवम भाव के स्वामी हैं. शुक्र का यह गोचर आपके पंचम भाव में होगा. प्रेम संबंधों के लिए यह समय अनुकूल रहेगा. रोमांस और आकर्षण में वृद्धि होगी. संतान पक्ष से खुशी मिल सकती है. रचनात्मक कार्यों में सफलता मिलेगी और कला या शिक्षा से जुड़े लोगों के लिए समय लाभकारी रहेगा.

मीन राशि

मीन राशि वालों के लिए शुक्र तीसरे और अष्टम भाव के स्वामी हैं. शुक्र का मिथुन राशि में गोचर आपके चतुर्थ भाव को प्रभावित करेगा. यह भाव घर, परिवार, सुख-सुविधा और मानसिक शांति से जुड़ा होता है. इस दौरान पारिवारिक जीवन में बदलाव देखने को मिल सकते हैं. घर या वाहन से जुड़ी योजनाएं बन सकती हैं. माता का सहयोग मिलेगा और घरेलू सुख-सुविधाओं में वृद्धि हो सकती है.

राशिफल
अगला लेख