Begin typing your search...

कब और कहां रिलीज होगा Gram Chikitsalay सीजन 2? जानिए कहानी, कास्ट और OTT प्लेटफार्म

ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर आधारित लोकप्रिय वेब सीरीज 'ग्राम चिकित्सालय' का दूसरा सीजन 23 जून को Prime Video पर रिलीज होने जा रहा है। इस बार डॉ. प्रभात का मिशन और मुश्किल होगा, लेकिन कहानी पहले से ज्यादा भावनात्मक और मनोरंजक नजर आएगी.

कब और कहां रिलीज होगा Gram Chikitsalay सीजन 2? जानिए कहानी, कास्ट और OTT प्लेटफार्म
X
( Image Source:  IMDB )

एक साल पहले हल्के-फुल्के अंदाज में ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर बेस्ड सीरीज ने दर्शकों के दिल जीत लिए थे. अब उसी प्यारी सीरीज 'ग्राम चिकित्सालय' (Gram Chikitsalay) का दूसरा सीजन इस महीने दर्शकों के सामने आने वाला है. यह नया सीजन 23 जून को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा. यह सीरीज दिल को छू लेने वाली कॉमेडी ड्रामा है, जो ग्रामीण भारत की सच्ची तस्वीर को कॉमिक और सेंटिमेंटलिटी के साथ पेश करती है. काल्पनिक गांव भातकांडी में सेट यह शो स्वास्थ्य सेवाओं की मुश्किलों को दिखाते हुए गांव वालों की मजबूती, प्यार और उनकी अनोखी आदतों को भी बड़े खूबसूरती से उजागर करता है.

सीजन 2 की कहानी क्या है?

पहले सीजन के अंत से आगे बढ़ते हुए, डॉ. प्रभात अब भी भातकांडी के पुराने और संकटग्रस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को बेहतर बनाने का अपना मिशन जारी रखते हैं. गांव वाले शुरू में उन पर शक करते हैं, लेकिन धीरे-धीरे डॉक्टर साहब उनके दिल जीत लेते हैं. फिर भी हर कदम पर नई-नई चुनौतियां आती रहती हैं. कहानी आदर्शवाद और हकीकत के बीच के टकराव को बहुत गहराई से दिखाती है. डॉ. प्रभात को समझ आता है कि सिर्फ मेडिकल की पढ़ाई से काम नहीं चलता. ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र चलाने के लिए पेशेंस, समझदारी, स्थानीय लोगों से जुड़ाव और बहुत कुछ और भी चाहिए. यह सीरीज हंसी के साथ-साथ सोचने वाली बातें भी पेश करती है.

कलाकार और टीम

सीरीज के निर्देशक ललितम तिवारी हैं और इसे वैभव सुमन तथा श्रेया श्रीवास्तव ने लिखा है. पूरा शो द वायरल फीवर कंपनी द्वारा बनाया गया है. पहले सीजन के पॉपुलर कलाकार अपनी भूमिकाओं में वापसी कर रहे हैं. इनमें शामिल हैं- अमोल पाराशर, आकाश मखीजा, आनंदेश्वर द्विवेदी, विनय पाठक, आकांक्षा रंजन कपूर और गरिमा विक्रांत सिंह. इस बार नया जोश ला रहे हैं पॉपुलर एक्टर दिनेश लाल यादव (निर्हुआ).

निर्देशक और प्राइम वीडियो का बयान

निर्देशक ललितम तिवारी ने सीजन 2 के बारे में बताया कि यह शो शुरू से ही सिर्फ एक ग्रामीण कॉमेडी ड्रामा नहीं रहा है. उन्होंने कहा, 'हमारा लक्ष्य हमेशा ग्रामीण जीवन की सच्ची तस्वीर दिखाना रहा है. नया सीजन स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियों, गांव की खास आदतों, लोगों के बीच मजबूत रिश्तों और उनकी लचीलता को और बेहतर तरीके से दिखाएगा. ये सारी बातें सूक्ष्म और सहज किरदारों के जरिए जीवंत होंगी. प्राइम वीडियो इंडिया के कंटेंट लाइसेंसिंग प्रमुख मनीष मेनघानी ने कहा कि दर्शक अब शहरी कहानियों के साथ-साथ ग्रामीण भारत की कहानियों में भी काफी रुचि ले रहे हैं. उन्होंने बताया, 'पहले सीजन को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद हम सीजन 2 लेकर बहुत खुश हैं. यह शो हंसी, रियलिटी और सोशल बातों का सुंदर मिश्रण है जो दर्शकों के दिल को छूने में कामयाब होता है.

सीजन 1 की याद

पहले सीजन में शहर के एक डॉक्टर की कहानी दिखाई गई थी. वे छोटे कस्बे के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में काम करने आते हैं और वहां की जिंदगी के साथ खुद को ढालने की कोशिश करते हैं. यह सफर आत्म-खोज, अनोखी दोस्ती और जगह के अपने नियमों के साथ हंसी-मजाक का बेहतरीन मिश्रण था. दर्शकों को यह सीरीज बहुत पसंद आई थी क्योंकि यह हंसी के साथ वास्तविक समस्याओं को भी सामने लाती थी.

क्यों देखें ग्राम चिकित्सालय सीजन 2?

यह सीरीज सिर्फ मनोरंजन नहीं करती, बल्कि हमें ग्रामीण भारत की सच्चाई से रू-ब-रू भी कराती है. हल्के-फुल्के अंदाज में गंभीर मुद्दों को उठाना इस शो की सबसे बड़ी खासियत है. गांव की मिट्टी की खुशबू, लोगों की सादगी, उनकी मुश्किलें और उनके सपने सब कुछ इस सीरीज में शानदार नजर आएगा. अगर आपको सच्ची कहानियों, हंसी और थोड़ी सा इमोशनल कंटेंट पसंद है तो 23 जून को अमेज़न प्राइम वीडियो पर 'ग्राम चिकित्सालय' सीजन 2 जरूर देखें. यह सीरीज न सिर्फ मनोरंजन करेगी बल्कि दिल को भी छू जाएगी.

अगला लेख