खीरा-बूंदी रायता हुआ पुराना, क्या आपने ट्राई किया चिकन रायता? ये रही आसान रेसिपी
खीरा, बूंदी और पाइनएप्पल रायता तो आपने कई बार खाया होगा, लेकिन क्या कभी चिकन रायता ट्राई किया है? दही की ठंडक और मसालेदार चिकन का यह अनोखा कॉम्बिनेशन स्वाद के साथ-साथ भरपूर प्रोटीन भी देता है.
चिकन रायता की आसान रेसिपी
रायते का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में खीरा, बूंदी, पुदीना या फिर पाइनएप्पल रायता आता है. गर्मियों में दही से बनी ये डिश खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ शरीर को ठंडक भी देती है. लेकिन क्या आपने कभी चिकन रायता खाया है? अगर नहीं, तो यह रेसिपी आपके लिए बिल्कुल नई और मजेदार साबित हो सकती है.
यह रायता ठंडे दही, मसालेदार चिकन और कुरकुरी सब्जियों का शानदार मेल है. खास बात यह है कि इसमें प्रोटीन भरपूर मात्रा में मिलता है, जिससे यह एक हेल्दी और पेट भरने वाला मील बन जाता है. गर्मी के दिनों में जब कुछ भारी खाने का मन न हो, तब यह डिश बेहतरीन ऑप्शन हो सकती है.
इंग्रीडियंट्स
- 200 ग्राम बोनलेस चिकन (क्यूब्स में कटा हुआ)
- 3-4 लहसुन की कलियां
- 1-2 सूखी लाल मिर्च
- 1 बड़ा चम्मच पानी
- नमक स्वादानुसार
- काली मिर्च पाउडर
- नींबू का रस
- थोड़ा सा ऑलिव ऑयल
- 1 कप दही
- 1 छोटा खीरा बारीक कटा हुआ
- 1 छोटा प्याज बारीक कटा हुआ
- लाल मिर्च पाउडर या पापरिका
- एक चुटकी काला नमक
- कसूरी मेथी
- चिली गार्लिक क्रिस्प
- 1 छोटा चम्मच मक्खन
- हरा धनिया
कैसे बनाएं चिकन रायता
- लहसुन, सूखी लाल मिर्च, थोड़ा पानी और नमक मिलाकर एक मोटा पेस्ट बना लें. अब इस पेस्ट को चिकन के टुकड़ों में मिलाएं. ऊपर से काली मिर्च, थोड़ा ऑलिव ऑयल और नींबू का रस डालकर 5 मिनट के लिए मैरिनेट होने दें.
- इसके बाद एक पैन गर्म करें और चिकन को हल्का सुनहरा होने तक अच्छी तरह पका लें.
- एक बड़े बर्तन में दही लें. इसमें बारीक कटा खीरा, प्याज, नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च पाउडर और काला नमक मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह फेंट लें ताकि मिश्रण क्रीमी बन जाए.
- दही के मिश्रण को सर्विंग बाउल में निकालें. ऊपर से तैयार चिकन डालें. फिर थोड़ी कसूरी मेथी और पतले कटे प्याज डालकर क्रंची टेक्सचर दें.
- अब एक छोटे पैन में मक्खन, चिली गार्लिक क्रिस्प और थोड़ा पैपरिका गर्म करके तड़का तैयार करें. इसे रायते के ऊपर डाल दें. आखिर में हरा धनिया या थोड़ी और कसूरी मेथी छिड़ककर सर्व करें.
क्यों है खास?
यह चिकन रायता सामान्य रायते से बिल्कुल अलग है. इसमें दही की ठंडक, लहसुन और मिर्च का तीखापन, चिकन का प्रोटीन और तड़के का शानदार स्वाद एक साथ मिलता है. यही वजह है कि यह एक यूनिक और टेस्टी हाई-प्रोटीन डिश बन जाती है.




