मैंने सबक सीख लिया है! 40 करोड़ के नुकसान और Ranveer Singh से अपने झगड़े पर पहली बार बोले Farhan Akhtar
रणवीर सिंह के 'डॉन 3' से बाहर होने के बाद फरहान अख्तर की कंपनी को भारी नुकसान हुआ है. अब फरहान ने पहली बार इस विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी है.
एक्टर रणवीर सिंह (Ranveer Singh) और मशहूर फिल्म निर्माता फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) के बीच काफी समय से तनाव चल रहा है. यह विवाद तब शुरू हुआ जब रणवीर सिंह अचानक फिल्म 'डॉन 3' से बाहर हो गए. इस वजह से फरहान की प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट को भारी नुकसान हुआ है. खबरों के मुताबिक, फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर लगभग 40 करोड़ रुपये खर्च हो चुके थे, जो अब बर्बाद हो गए. अब फरहान अख्तर ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. हाल ही में हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने खुलकर बात की और अपने करियर के इस उथल-पुथल भरे दौर से जो सबक सीखा है, उसके बारे में बताया.
फरहान ने कहा, 'मैंने इस पूरे घटनाक्रम से जो सबसे बड़ी सीख ली है, वो ये है कि फिल्मों के काम में कभी भी किसी चीज को 100% पक्का मत मान लो. जब तक आपने वो सीन कैमरे में रिकॉर्ड नहीं कर लिया, तब तक कुछ भी फाइनल नहीं माना जा सकता. अप्रत्याशित घटनाएं हमेशा हो सकती हैं.' फरहान ने अपने पूरे करियर की बात करते हुए कहा कि उन्हें अब तक बहुत सारे अच्छे एक्सपीरियंस मिले हैं. उन्होंने याद किया कि जब उन्होंने फिल्म मेकिंग शुरू किया था, तब आमिर खान, अक्षय खन्ना, प्रीति जिंटा, डिंपल कपाडिया, सैफ अली खान और उनके पार्टनर रितेश सिधवानी जैसे बड़े कलाकारों और दोस्तों ने उनका साथ दिया था.
यह चलैंजिंग दौर है
उन्होंने आगे कहा, 'मेरा पूरा सफर ज्यादातर उन लोगों के साथ काम करने का रहा है, जिनके साथ मैं सच में काम करना चाहता था. चाहे मैं खुद उन्हें डायरेक्ट कर रहा होता या उनकी फिल्मों में काम कर रहा होता. ये सफर बेहद शानदार रहा है. लेकिन जिंदगी में कभी-कभी चलैंजिंग दौर भी आता है. जब आपने लंबे समय तक अच्छा समय बिताया हो, तो ऐसे मुश्किल वक्त को भी हल्के-फुल्के तरीके से लेना चाहिए.'
क्या है 'डॉन 3' का विवाद
'डॉन 3' फ्रैंचाइज़ की तीसरी फिल्म थी, जिसका निर्देशन फरहान अख्तर खुद करने वाले थे. दिसंबर 2025 में रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' रिलीज होने के कुछ समय बाद, रणवीर ने अचानक इस फिल्म से अपना नाम वापस ले लिया. फरहान और उनकी टीम ने इस फैसले को आसानी से स्वीकार नहीं किया. उन्होंने प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया में शिकायत की. बैठक में फरहान और रितेश सिधवानी ने बताया कि फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर पहले ही 40 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और रणवीर सिंह ने हर स्टेज पर स्क्रिप्ट को अपनी मंजूरी दी थी. दूसरी तरफ, रणवीर सिंह का कहना था कि फरहान ने उनके करियर में आई गिरावट को देखते हुए फिल्म को ठंडे बस्ते में डाल दिया था. गिल्ड ने दोनों पक्षों को सलाह दी कि वे कोर्ट-कचहरी में जाने की बजाय आपस में ही दोस्ताना तरीके से इस मामले को सुलझा लें.
नहीं सुलझा अब तक मामला
इस महीने की शुरुआत में खबर आई थी कि रणवीर सिंह फरहान की कंपनी को अपनी साइनिंग फीस के रूप में मिले 10 करोड़ रुपये वापस करने को तैयार हैं. इसके अलावा, उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म 'प्रलय' में हिस्सेदारी देकर प्री-प्रोडक्शन खर्च की भरपाई करने का ऑफर भी रखा था. हालांकि, एक्सेल एंटरटेनमेंट के करीबी सूत्रों ने इन खबरों से इनकार किया है. उनका कहना है कि अभी तक कोई समझौता नहीं हुआ है और दोनों तरफ से बातचीत अभी भी जारी है. मामला अभी पूरी तरह सुलझा नहीं है.




