Teaser ने खड़े किए रौंगटे तो फिल्म कैसी होगी? पर्दे पर फिर दिखेगा भारत-पाकिस्तान बटवारे का दर्द, Batwara 1947 के टीजर की 5 बड़ी बातें
सनी देओल, राजकुमार संतोषी और आमिर खान की फिल्म 'बटवारा 1947' का टीज़र रिलीज हो गया है. फिल्म भारत विभाजन के दर्द, साहस और इंसानियत की अनकही कहानी को बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है.
Batwara 1947 Official Teaser: सिनेमाप्रेमियों के लिए इस साल का स्वतंत्रता दिवस बेहद खास और ऐतिहासिक होने जा रहा है. बॉलीवुड स्टार सनी देओल एक बार फिर पर्दे पर देशप्रेम और इतिहास की एक ऐसी दास्तां लेकर आ रहे हैं, जो सीधे दर्शकों के दिलों को छू लेगी. राजकुमार संतोषी के निर्देशन और आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'बटवारा 1947' का टीज़र रिलीज़ हो चुका है. 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही यह फिल्म दर्शकों को इतिहास के उस पन्ने पर ले जाएगी, जिसका दर्द आज भी हमारे सीने में दफ्न है.
टीज़र की शुरुआत ही बेहद गंभीर और इमोशनल कर देने वाले माहौल से होती है. यह महज़ 1 मिनट 5 सेकंड का वीडियो हमें सीधे साल 1947 के उस दौर में ले जाता है, जब भारत अंग्रेजों की गुलामी से आज़ाद तो हो रहा था, लेकिन यह आज़ादी अपने साथ देश के टुकड़े होने का ज़ख्म भी ला रही थी. टीज़र में साफ दिखाया गया है कि कैसे 'शांति' बनाए रखने के नाम पर देश का विभाजन किया गया, जिसने रातों-रात लाखों हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया.
'ये नफरत की कहानी नहीं'
फिल्म का मूल सार 'डर के आगे साहस' की जीत है. खुद सनी देओल ने इस टीज़र को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए एक बेहद खूबसूरत और दमदार कैप्शन लिखा. उन्होंने लिखा, 'जब बंटवारे ने लोगों के बीच लकीर खींची, तो उसने डर की जगह साहस को चुना. विभाजन दिवस, 14 अगस्त को सिनेमाघरों में #Batwara1947 देखें.' यह लाइन साफ करती है कि फिल्म सिर्फ खून-खराबे या नफरत की कहानी नहीं है, बल्कि यह उन इंसानों की कहानी है जिन्होंने उस खौफनाक दौर में भी अपनी इंसानियत और हौसले को मरने नहीं दिया.
90 के दशक में तहलका मचा चुकी है ये जोड़ी
90 के दशक में अगर किसी डायरेक्टर-एक्टर की जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया था, तो वो सनी देओल और राजकुमार संतोषी ही थे. इस जोड़ी ने भारतीय सिनेमा को 'घायल' (1990), 'दामिनी' (1993) और 'घातक' (1996) जैसी टाइमलेस फिल्में दी हैं. अब सालों बाद यह जोड़ी दोबारा साथ आ रही है. टीज़र में राजकुमार संतोषी के निर्देशन की वही पुरानी कड़क और सधे हुए ड्रामे की झलक साफ दिखाई देती है, जो दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए काफी है.
'बटवारा 1947' के टीजर की 5 बड़ी बातें
1. बदला हुआ नाम: फिल्म को लेकर सबसे बड़ा और चौंकाने वाला अपडेट इसके नाम में बदलाव है. पहले इस प्रोजेक्ट की चर्चा 'लाहौर 1947' के नाम से हो रही थी, लेकिन मेकर्स ने अब आधिकारिक तौर पर इसका नाम बदलकर 'बटवारा 1947' कर दिया है.
2. दिग्गज जोड़ी की वापसी: 90 के दशक में 'घायल', 'दामिनी' और 'घातक' जैसी सुपरहिट फिल्में देने वाली सनी देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी की कल्ट जोड़ी सालों बाद बड़े पर्दे पर लौट रही है.
3. आमिर खान का दमदार वॉयसओवर: इस टीज़र का सबसे बड़ा सरप्राइज और सबसे मजबूत पहलू मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान की आवाज़ है. उनकी कड़क कमेंट्री टीज़र के दृश्यों में एक अलग ही जान फूंक देती है.
4. दमदार स्टार-स्टडेड कास्ट: फिल्म में केवल सनी देओल ही नहीं, बल्कि कलाकारों की एक पूरी फौज देखने को मिलेगी. फिल्म में सनी के साथ प्रीति जिंटा की जोड़ी वापसी कर रही है. साथ ही शबाना आज़मी, करण देओल और अली फज़ल जैसे बेहतरीन कलाकार अहम किरदारों में नज़र आएंगे. वहीं, सनी देओल से टकराने के लिए मुख्य विलेन के रूप में अभिमन्यु सिंह अपनी खूंखार भूमिका में दिखाई देंगे.
5. सनी देओल और प्रीति ज़िंटा की फीस: रिपोर्ट के मुताबिक, सनी इस फिल्म के लिए 50 करोड़ की फीस वसलू रहे है. 'गदर 2' के समय सनी ने 20 करोड़ चार्ज किए थे. हालांकि उसी दौरान 'बटवारा 1947' का ऑफर मिलते ही उन्होंने अपनी फीस बढ़ा दी. वहीं लंबे समय के बाद सिल्वर स्क्रीन पर वापस आ रही प्रीति रिपोर्ट के मुताबिक, 4 करोड़ रुपये चार्ज कर रही है.




