Begin typing your search...

Cocktail 2 Advanced Booking: क्या ओपनिंग डे पर बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है 'कॉकटेल 2'? बिकीं इतनी टिकटे

शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना स्टारर 'कॉकटेल 2' की एडवांस बुकिंग में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. रिलीज से पहले फिल्म 57 हजार से ज्यादा टिकटें बेचकर करोड़ों रुपये की कमाई कर चुकी है.

Cocktail 2 Advanced Booking
X
Cocktail 2 Advanced Booking
( Image Source:  IMDB )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Published on: 18 Jun 2026 8:13 AM

साल 2012 में आई सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी की 'कॉकटेल' की वो खुमारी तो सभी को याद होगी. तुम्ही हो बंधु" के गानों पर थिरकते पैर और दोस्ती-प्यार के बीच उलझी वो खूबसूरत कहानी आज भी ताजा है. अब ठीक 14 साल बाद, दिनेश विजान एक बार फिर अपनी इस हिट फ्रेंचाइजी का दूसरा हिस्सा यानी 'कॉकटेल 2' (Cocktail 2) लेकर बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच एक्साइटमेंट तो पहले से थी, लेकिन अब जो बॉक्स ऑफिस से शुरुआती आंकड़े आ रहे हैं, उन्होंने सभी भी चौंका दिया है. शुरुआती सुस्ती के बाद 'कॉकटेल 2' की एडवांस बुकिंग ने अचानक ऐसी रफ्तार पकड़ी है कि इसने रिलीज से पहले ही करोड़ों का बिजनेस कर लिया है. शाहिद कपूर, कृति सैनन और नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना की इस फ्रेश तिकड़ी को देखने के लिए फैंस के बीच होड़ मच गई है.

57 हजार से ज्यादा टिकटें बिकीं

सिनेमा जगत में अक्सर कहा जाता है कि दर्शकों का मूड भांपना सबसे मुश्किल काम है. 'कॉकटेल 2' के मामले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. जब रविवार को इस फिल्म की एडवांस बुकिंग की खिड़की खुली, तो शुरुआती रिस्पॉन्स काफी ठंडा रहा. ऐसा लग रहा था कि शायद मेकर्स की उम्मीदों पर पानी फिर जाएगा. लेकिन जैसे-जैसे 19 जून की रिलीज डेट नजदीक आई, टिकट खिड़की पर दर्शकों का हुजूम उमड़ पड़ा. ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन के लिए 57,000 से अधिक टिकटों का आंकड़ा पार कर लिया है. इस जबरदस्त उछाल ने फिल्म के निर्माताओं और डिस्ट्रीब्यूटर्स के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला दी है.

अगले 24 घंटे में बढ़ सकती थी कमाई

अगर हम शुद्ध रूप से बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के गणित को समझें, तो ब्लॉक सीटों को छोड़कर फिल्म ने एडवांस बुकिंग से अब तक 1.97 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. वहीं, अगर इसमें ब्लॉक सीटों के आंकड़ों को भी जोड़ दिया जाए, तो यह कलेक्शन सीधे 3.67 करोड़ रुपये तक जा पहुंचता है. फिल्म की रिलीज में अभी पूरा एक दिन बाकी है. फिल्म ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि अंतिम 24 घंटों में यह आंकड़ा और भी तेजी से बढ़ेगा, जिससे ओपनिंग डे प्रेडिक्शन काफी मजबूत हो सकता है.

सोलो रिलीज का मिलेगा बंपर फायदा

'कॉकटेल 2' की किस्मत का एक बड़ा सिक्का इस बात पर भी टिका है कि बॉक्स ऑफिस पर फिलहाल इसका मुकाबला करने के लिए कोई दूसरा बड़ा नाम मौजूद नहीं है. 19 जून को सिनेमाघरों में कोई भी बड़ी हिंदी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है. अगर पिछले हफ्तों के ट्रैक रिकॉर्ड पर नजर डालें तो, पिछले हफ्ते रिलीज हुई फिल्में 'मैं वापस आऊंगा' और 'भारत भाग्य विधाता' बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को बहुत ज्यादा रिझा नहीं पाईं। हॉरर जॉनर की 'हॉन्टेड 3डी: इकोज़ ऑफ द पास्ट' अपने दूसरे वीकेंड में प्रवेश कर चुकी है, लेकिन इसका कलेक्शन भी बेहद सुस्त है. ऐसे में दर्शकों के पास वीकेंड पर मनोरंजन के लिए 'कॉकटेल 2' के रूप में एक बिल्कुल नया और इकलौता बड़ा विकल्प मौजूद है. अब देखना यह होगा कि क्या फिल्म की यह बढ़ती दिलचस्पी पहले दिन एक शानदार ओपनिंग नंबर में तब्दील हो पाती है या नहीं.

'बंधु 2.0' पर मचा बवाल

किसी भी लव-स्टोरी या कल्ट फ्रेंचाइजी की जान उसका म्यूजिक होता है. मेकर्स इस बात को अच्छे से जानते थे, इसीलिए फिल्म के प्रमोशन को धार देने के लिए बुधवार को इसका सबसे बड़ा इक्का काम कर गया. साल 2012 के आइकॉनिक चार्टबस्टर गाने 'तुम्ही हो बंधु' का रीमेक वर्जन 'बंधु 2.0' रिलीज कर दिया गया है. इस गाने को लेकर सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

bollywood
अगला लेख