Begin typing your search...

हां मैं प्रिविलेज्ड हूं! Alia Bhatt क्यों बोलीं- स्टार किड होना आसान नहीं, बुरे दिन हमारे हिस्से में भी आते हैं

स्टार किड होने के फायदे स्वीकारते हुए आलिया भट्ट ने बताया कि सफलता के पीछे मानसिक दबाव, असफलता का डर और संघर्ष भी उनकी जिंदगी का हिस्सा रहे हैं.

हां मैं प्रिविलेज्ड हूं! Alia Bhatt क्यों बोलीं- स्टार किड होना आसान नहीं, बुरे दिन हमारे हिस्से में भी आते हैं
X
( Image Source:  Instagram: aliaabhatt )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Published on: 18 Jun 2026 1:49 PM

फिल्म इंडस्ट्री में 'नेपोटिज़्म' एक ऐसा शब्द है, जिस पर सालों से बहस छिड़ी हुई है. जब भी इस विषय पर बात होती है, तो दिग्गज फिल्म निर्माता महेश भट्ट की बेटी और बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में शुमार आलिया भट्ट (Alia Bhatt) का नाम अक्सर चर्चा के केंद्र में आ जाता है. करण जौहर जैसे बड़े मेंटॉर का साथ मिलने के कारण उन्हें हमेशा एक प्रिविलेज्ड स्टार किड के रूप में देखा गया है. लेकिन क्या चांदी का चम्मच लेकर पैदा होने वाले इन सितारों की जिंदगी वाकई उतनी ही मखमली होती है, जितनी पर्दे पर नजर आती है? हाल ही में आलिया भट्ट ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की है और बताया है कि चकाचौंध से भरी इस दुनिया में उनके लिए भी सब कुछ हमेशा आसान नहीं रहा.

बचपन से था एक्टर बनने का सपना

आलिया भट्ट का सफर एक बड़े फ़िल्मी बैकग्राउंड से जुड़ा है, इसलिए एक्टिंग उनके ब्लड में है. हाल ही में एक बातचीत के दौरान अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए आलिया ने बताया कि वह बहुत छोटी उम्र से ही एक्ट्रेस बनने का ख्वाब देखने लगी थी. आलिया ने कहा, 'सच कहूं तो मैं तो बचपन से ही अपने आईने के सामने एक्टिंग कर रही हूं… मेरे पास सिर्फ मेरे दिमाग में एक सपना था कि मुझे एक दिन वो जो टीवी दिख रहा है ना, उसके अंदर होना है.' वह दौर था जब गोविंदा और करिश्मा कपूर की जोड़ी पर्दे पर राज कर रही थी. आलिया उनके गानों और डांस को देखकर डांस प्रैक्टिस किया करती थी.

'हां मैं प्रिविलेज्ड हूं, लेकिन...'

आलिया भट्ट उन चंद कलाकारों में से हैं जो बिना किसी हिचकिचाहट के अपने विशेषाधिकार को स्वीकार करती हैं. उन्होंने साफ शब्दों में माना कि फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने के कारण उनका सफर दूसरों से काफी अलग और कुछ मायनों में आसान रहा है. लेकिन, इसके साथ ही उन्होंने सफलता के पीछे छिपे मानसिक दबाव और निराशा के पलों को भी उजागर किया. आलिया का कहना है कि जब आप एक स्टैब्लिश बैकग्राउंड से आते हैं, तो लोगों को लगता है कि आपके जीवन में कोई दुख या स्ट्रगल नहीं है. मगर हकीकत इससे जुदा है. स्टार किड होने के बावजूद उन्हें भी कई बार भारी निराशा, असफलता के डर और बुरे दिनों का सामना करना पड़ता है. ऐसे मुश्किल वक्त में वह खुद को कैसे संभालती हैं? इस पर आलिया कहती हैं, 'ऐसे दिनों में, आप खुद से बस यही कह सकते हैं कि मुझे सपने देखने का अधिकार है, और मुझे खुद पर विश्वास करने का अधिकार है.'

'अल्फा' के साथ नया धमाका

अपने एक्टिंग के दम पर 'गंगूबाई काठियावाड़ी' और 'राज़ी' जैसी फिल्मों को अपने कंधों पर खींचने वाली आलिया भट्ट इन दिनों अपनी अगली मेगा-बजट फिल्म 'अल्फा' को लेकर सुर्खियों में हैं. यह फिल्म यश राज फिल्म्स (YRF) के मशहूर स्पाई यूनिवर्स की सबसे बड़ी फिल्म है. इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच भारी एक्साइटमेंट है, क्योंकि यह इस यूनिवर्स की पहली फीमेल-लेड स्पाई फिल्म होने जा रही है. फिल्म में आलिया भट्ट के साथ एक्ट्रेस शरवरी लीड रोल में नजर आएंगी. वहीं, अनिल कपूर भी एक खास किरदार में दिखेंगे.'एनिमल' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद बॉबी देओल इस फिल्म में विलेन की भूमिका निभा रहे हैं, जो आलिया से टकराते नजर आएंगे. हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है. ट्रेलर से साफ हो गया है कि ऋतिक रोशन अपनी सुपरहिट फ्रैंचाइज़ी 'वॉर' और 'वॉर 2' के अपने कल्ट किरदार 'मेजर कबीर' के रूप में एक धमाकेदार कैमियो करते नजर आएंगे.

अगला लेख