Begin typing your search...

Badshah Tateeree Controversy: गाने पर FIR के बाद हटे 857 लिंक, 154 यूट्यूब वीडियो और 703 इंस्टाग्राम रील्स

रैपर बादशाह का हरियाणवी गाना 'ततेरी' रिलीज होते ही विवादों में घिर गया, जिसके बाद हरियाणा में FIR दर्ज हुई और सैकड़ों वीडियो हटाए गए. माफी के बावजूद मामला ठंडा नहीं पड़ा, पुलिस जांच जारी है और गिरफ्तारी का खतरा अभी भी बना हुआ है.

badshah tateeree controversy fir haryana video ban legal action
X
( Image Source:  Instagram: badboyshah )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय3 Mins Read

Published on: 23 March 2026 3:30 PM

रैपर बादशाह (Badshah) अपने नए हरियाणवी हिप-हॉप गाने 'ततेरी' (Tateeree) को लेकर काफी बड़ी कानूनी परेशानी में फंस गए हैं. यह गाना 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ था, जिसमें बादशाह के साथ सिमरन जगलान भी फीचर हैं. गाने को हितेन ने बनाया है और माही संधू व जोबन संधू ने इसका निर्देशन किया है. लेकिन रिलीज होते ही इस गाने के बोल और वीडियो पर बहुत सारे लोगों ने आपत्ति जताई.

लोगों का कहना था कि गाने में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के बारे में गलत और अश्लील तरीके से बात की गई है. वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म वाली लड़कियों को हरियाणा रोडवेज बस में डांस करते दिखाया गया था, जिसे हरियाणवी कल्चर और महिलाओं की सम्मन के खिलाफ बताया गया. इसके बाद हरियाणा सरकार और पुलिस ने सख्त कदम उठाए.

क्या रहा पुलिस का एक्शन?

पंचकुला के साइबर पुलिस स्टेशन में बादशाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. यह केस महिलाओं की अश्लील तस्वीर पेश करने से रोकने वाले कानून (Indecent Representation of Women Act) की धारा 3 और 4, और भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (अश्लील गाने और काम) के तहत दर्ज हुआ. हरियाणा पुलिस ने गाने को सोशल मीडिया से हटवाने की मुहिम चलाई. अब तक 857 लिंक हटाए जा चुके हैं, जिनमें 154 यूट्यूब वीडियो और 703 इंस्टाग्राम रील्स शामिल हैं. पुलिस ने यूट्यूब, इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स को नोटिस भेजा कि गाने का मूल वर्जन, क्लिप्स, री-अपलोड और कोई भी जुड़ी कंटेंट तुरंत हटा दें.

महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि राज्य में महिलाओं और बच्चों की सम्मान से खिलवाड़ करने वाली किसी भी चीज को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और सख्त कानूनी कार्रवाई होगी. हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी बादशाह को समन जारी किया था. जब वह पेश नहीं हुए, तो आयोग ने उनकी गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस ने कई जगह छापेमारी की और बादशाह के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया शुरू की, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें. बादशाह को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट से कुछ समय के लिए गिरफ्तारी से राहत मिली है.

चल रहा है अभी भी विवाद

बादशाह ने इस विवाद पर इंस्टाग्राम पर माफी मांगी. उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था, वे हरियाणवी संस्कृति को सेलिब्रेट करना चाहते थे. गाने को सभी प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया है. उन्होंने खुद को हरियाणा का बेटा बताते हुए माफी मांगी. यह मामला अभी भी चल रहा है. पुलिस जांच कर रही है और आगे क्या होगा यह देखना बाकी है. इस पूरे विवाद से डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर गानों और कंटेंट को लेकर नियम-कायदों और जिम्मेदारी के बड़े सवाल भी उठ रहे हैं.

bollywood
अगला लेख