भोंदू बाबा का अश्लील साम्राज्य! 200 वीडियो, दुष्कर्म, वसूली और मौत तक… Ashok Kharat Case में चौंकाने वाले खुलासे
महाराष्ट्र में कथित गुरु अशोक खरात पर यौन शोषण, ठगी और जमीन विवाद से जुड़ी गंभीर आरोप सामने आए हैं. 200 से ज्यादा वीडियो मिलने के बाद SIT जांच में बड़े खुलासों की उम्मीद है.
महाराष्ट्र में एक कथित 'धार्मिक गुरु' के कक्ष से शुरू हुई शिकायत अब एक ऐसे सनसनीखेज मामले में बदल चुकी है, जिसने पूरे सिस्टम को हिला कर रख दिया है. आरोप सिर्फ यौन शोषण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसमें कई महिलाओं के साथ दुष्कर्म, धोखाधड़ी, डराकर वसूली और यहां तक कि जमीन विवाद से जुड़ी संदिग्ध मौत तक के एंगल सामने आ चुके हैं.
खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाला Ashok Kharat अब कई गंभीर मामलों के केंद्र में है. जैसे-जैसे पीड़िताएं सामने आ रही हैं और जांच एजेंसियां सबूत जोड़ रही हैं, वैसे-वैसे यह केस एक संगठित और लंबे समय से चल रहे शोषण के नेटवर्क की तस्वीर पेश करता नजर आ रहा है.
क्या 'रिवाज' के नाम पर हुआ हमला?
एक सात महीने की गर्भवती महिला अपने अजन्मे बच्चे की 'सुरक्षा' के लिए खरात के पास पहुंची थी. उसे उसके पति से अलग कर निजी कक्ष में ले जाया गया. महिला के मुताबिक, लाइट बंद की गई, आंखें बंद करने को कहा गया और मंत्रोच्चार शुरू हुआ. लेकिन कुछ ही देर में माहौल बदल गया. उसने आरोप लगाया कि, 'वह मुझे पकड़ने लगा, जबरन पास खींचा और बिना सहमति के छूने लगा… फिर खुद को थोपने की कोशिश की.' डरी-सहमी महिला किसी तरह वहां से निकल गई. बाद में उसने जो अपने पति को बताया, उसने इस पूरे मामले को सबके सामने लाया और फिर ये मामला गरमा गया.
क्या छिपे कैमरे ने खोल दिया पूरा राज?
शुरुआत में महिला के पति को इस आरोप पर यकीन नहीं हुआ. लेकिन सच्चाई जानने के लिए उसने कमरे में एक छिपा कैमरा लगा दिया. जो सामने आया, वह और भी चौंकाने वाला था. महिलाओं को अकेले बुलाया जाना, संदिग्ध पदार्थ दिए जाना, पीड़िताओं का असहज और भ्रमित दिखना और फिर कथित रूप से शोषण. जांच एजेंसियों के मुताबिक अब तक 200 से ज्यादा वीडियो क्लिप्स बरामद हो चुके हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि यह घटनाएं एक बार की नहीं, बल्कि सुनियोजित और लगातार हो रही थीं.
क्या सालों तक चलता रहा दुष्कर्म का सिलसिला?
एक अन्य महिला ने आरोप लगाया कि 2020 से 2026 के बीच उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया. उसका परिवार 2013 में पहली बार खरात के संपर्क में आया था. धीरे-धीरे भरोसा बना और वह उनकी 'आध्यात्मिक सलाह' लेने लगी. महिला का आरोप है कि एक दिन उसे कमरे में अकेला बुलाकर कहा गया कि 'तुम्हारी किस्मत मेरे साथ जुड़ी है.' उसने बताया कि, “उसने मुझे चूमने की कोशिश की और जबरन पास खींचा… बाद में कई बार नशीले पदार्थ देकर शोषण किया.' महिला ने यह भी दावा किया कि वह गर्भवती हुई, लेकिन उसे दवाएं देकर गर्भपात करा दिया गया. डर और धमकी के कारण वह लंबे समय तक चुप रही. 'मुझे कहा गया था कि अगर मैंने मुंह खोला तो मेरे बच्चों को नुकसान होगा.
क्या आस्था के नाम पर चल रहा था पैसा कमाने का खेल?
मामले में आर्थिक धोखाधड़ी के भी आरोप सामने आए हैं. इमली के बीजों को 'ऊर्जा वाले रत्न' बताकर बेचा जाता था. नकली सांप और डराने वाले सेटअप से लोगों को भयभीत किया जाता था. लाखों रुपये वसूले जाते थे. आरोप है कि आध्यात्मिकता के नाम पर यह एक सुनियोजित जाल था, जिसमें लोगों की आस्था का फायदा उठाया जाता था.
क्या जमीन विवाद से जुड़ा है 'संदिग्ध मौत' का मामला?
जांच के दौरान एक जमीन विवाद का मामला भी सामने आया है. नासिक के जाधव परिवार ने आरोप लगाया है कि खरात ने दबाव बनाकर जमीन अपने नाम करवा ली. परिवार का दावा है कि कोर्ट में सुनवाई से ठीक दो दिन पहले एक सदस्य की 'संदिग्ध हादसे' में मौत हो गई. इस हादसे को लेकर पीड़ित परिवार का कहना है कि यह कोई हादसा नहीं था बल्कि एक साजिश थी.
क्या SIT की जांच में और बड़े खुलासे होंगे?
अशोक खरात को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) उससे पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसियां, डिजिटल सबूत, वीडियो फुटेज. पीड़ितों के बयान. सब कुछ खंगाल रही हैं. अधिकारियों का मानना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं.




