गिरफ्तार होंगे Badshah? कोर्ट में पेश न होना पड़ा भारी; अब न देश से जा पाएंगे बाहर न होगा कोई शो
हरियाणा राज्य महिला आयोग ने गाने ‘ततेरी’ में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के कथित आपत्तिजनक चित्रण को लेकर सख्त रुख अपनाया है. रैपर बादशाह के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी, पासपोर्ट जब्ती और देशभर में शो पर रोक की मांग की गई है.
हरियाणा राज्य महिला आयोग ने बॉलीवुड के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह (Badshah) के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं. यह सब उनके हाल ही में रिलीज़ हुए हरियाणवी गाने 'ततेरी' को लेकर हो रहा है. इस गाने में कुछ बोल और वीडियो के दृश्य ऐसे बताए जा रहे हैं जो आपत्तिजनक हैं. खासकर हरियाणा की लड़कियों और महिलाओं का अपमान करने वाले शब्द इस्तेमाल किए गए हैं. वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म वाली नाबालिग लड़कियां दिखाई गई हैं, जो पढ़ाई छोड़कर भागती हुई नजर आती हैं. गाने में 'बादशाला' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करके शिक्षा और स्कूल के माहौल को गलत तरीके से दिखाया गया है. साथ ही महिलाओं के प्रति गलत और अपमानजनक बातें भी कही गई हैं.
इस वजह से कई जगहों पर शिकायतें हुईं. पंचकूला और जिंद में पुलिस ने बादशाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. पंचकूला पुलिस ने गाने के खिलाफ अश्लील महिला चित्रण अधिनियम 1986 की धारा 3 और 4, और बीएनएस की धारा 296 के तहत केस किया है. पुलिस ने गाने का वीडियो यूट्यूब से हटवा दिया है और बादशाह के खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, ताकि वो देश छोड़कर बाहर न जा सके.
कोर्ट नहीं पहुंचे थे सिंगर
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने 6 मार्च को बादशाह को नोटिस भेजा था. उनसे कहा गया था कि वे पानीपत में आयोग के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखें. बाद में उन्हें 13 मार्च को बुलाया गया, और शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक पेश होने को कहा गया. लेकिन बादशाह खुद पेश नहीं हुए. उनकी तरफ से कुछ वकील आए थे और उन्होंने और समय मांगा, क्योंकि उन्हें समन ठीक से नहीं मिला था लेकिन आयोग ने समय नहीं दिया.
क्या गिरफ्तार होंगे बादशाह?
इसके बाद रेणु भाटिया ने बहुत गुस्से में कहा कि बादशाह को कहीं से भी गिरफ्तार किया जाए. पंचकूला और पानीपत के एसपी को गिरफ्तारी और तलाशी के आदेश दिए गए हैं. उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया जाए, ताकि वो देश छोड़कर भाग न जाएं. पूरे देश में उनका कोई भी शो या प्रोग्राम न होने दिया जाए. इसके लिए राष्ट्रीय महिला आयोग को भी पत्र लिखा गया है. हरियाणा पुलिस ने कई टीमें बनाई हैं और बादशाह को ढूंढने के लिए छापेमारी कर रही है.'
मांग चुके हैं माफी
बादशाह ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डालकर माफी मांगी थी. उन्होंने कहा कि अगर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो उन्हें माफी है. उनका वकील भी कह रहा है कि गाना यूट्यूब से हटा दिया गया है और बादशाह को अपना पक्ष रखने का पूरा अधिकार है. लेकिन आयोग इस माफी से संतुष्ट नहीं हुआ. महिला आयोग की अध्यक्ष ने साफ कहा कि उनका काम हरियाणा की बेटियों की इज्जत और सुरक्षा की रक्षा करना है। वे चाहती हैं कि लड़कियां बेफिक्र होकर पढ़ाई करें, अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर बनें। अगर कोई भी उन्हें गलत नजर से देखेगा या अपमान करेगा, तो आयोग बहुत सख्त कार्रवाई करेगा. यह मामला अभी चल रहा है और बादशाह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं.




