Budget 2026: कंटेंट क्रिएटर्स को मिला बड़ा तोहफा, स्कूल-कॉलेजों में खुलेंगी Labs; पढ़ें पूरी डिटेल्स
बजट 2026-27 में खास तौर पर कंटेंट क्रिएशन, गेमिंग, एनीमेशन और AI जैसे उभरते सेक्टर्स पर बड़ा फोकस रखा गया है. सरकार का मानना है कि क्रिएटर इकोनॉमी तेजी से बढ़ रही है.
Budget 2026
Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज संसद में भजट पेश किया. उनका मानना है कि टेक्नोलॉजी और इनोवेशन ही ‘विकसित भारत’ की सबसे बड़ी ताकत और इंजन बनने वाले हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत सिर्फ नई तकनीकों का उपभोक्ता नहीं रहेगा, बल्कि दुनिया को टेक्नोलॉजी के मोर्चे पर लीड करेगा.
बजट 2026-27 में खास तौर पर कंटेंट क्रिएशन, गेमिंग, एनीमेशन और AI जैसे उभरते सेक्टर्स पर बड़ा फोकस रखा गया है. सरकार का मानना है कि क्रिएटर इकोनॉमी तेजी से बढ़ रही है और यह युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर खोल सकती है.
टेक्नोलॉजी को बताया ‘विकसित भारत’ का इंजन
वित्त मंत्री ने बजट भाषण में कहा कि टेक्नोलॉजी और इनोवेशन भारत की ग्रोथ स्टोरी के केंद्र में रहेंगे. उन्होंने कहा कि देश अब केवल टेक्नोलॉजी अपनाने वाला नहीं, बल्कि उसे दिशा देने वाला बनेगा. इस सोच के तहत डिजिटल, AI और क्रिएटिव सेक्टर्स में बड़े निवेश का रोडमैप पेश किया गया है.
कंटेंट क्रिएशन और गेमिंग सेक्टर को बड़ा बूस्ट
बजट में कंटेंट क्रिएशन को एक उभरते इंडस्ट्री सेक्टर के तौर पर पहचान दी गई है. सरकार का अनुमान है कि गेमिंग सेक्टर में 10 लाख से ज्यादा प्रोफेशनल्स को रोजगार मिलेगा. इसके लिए स्किल ट्रेनिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर दोनों पर जोर दिया गया है.
ABGC सेक्टर के लिए कंटेंट क्रिएटर लैब्स का एलान
सरकार ने एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (ABGC) सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है. वित्त मंत्री ने घोषणा की कि देशभर के 15,000 सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में अत्याधुनिक कंटेंट क्रिएटर लैब्स स्थापित की जाएंगी. इन लैब्स का मकसद युवाओं को प्रोफेशनल लेवल पर कंटेंट क्रिएशन की ट्रेनिंग देना और उन्हें आधुनिक टूल्स व तकनीकों से लैस करना है.
AI और नई तकनीकों पर खास जोर
बजट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अर्थव्यवस्था की ताकत बढ़ाने वाला बताया गया है. सरकार का मानना है कि AI कंटेंट बनाने के तरीकों को और ज्यादा एडवांस, तेज और प्रभावी बनाएगा, जिससे भारत ग्लोबल क्रिएटिव इंडस्ट्री में मजबूत पहचान बना सकेगा.
डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए रिकॉर्ड बजट
बेहतर इंटरनेट और डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सरकार ने 12.2 लाख करोड़ रुपये का इंफ्रास्ट्रक्चर बजट रखा है. इससे देशभर में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी, जिसका सीधा फायदा कंटेंट क्रिएटर्स और टेक स्टार्टअप्स को होगा.
स्किल डेवलपमेंट और डिजाइन एजुकेशन पर फोकस
युवाओं को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार करने के लिए स्किल डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान दिया गया है. डिजाइन एजुकेशन को बढ़ावा देने के लिए नेशनल डिजाइन स्कूल खोले जाएंगे, ताकि क्रिएटिव टैलेंट को सही दिशा और मंच मिल सके. डिजिटल और क्रिएटिव स्किल्स को बढ़ावा देने के लिए 5 नई टाउनशिप विकसित की जाएंगी. यहां पढ़ाई के साथ-साथ इंडस्ट्री में काम करने का मौका मिलेगा, जिससे छात्रों को प्रैक्टिकल एक्सपीरियंस भी मिल सकेगा.
गेमिंग स्टार्टअप्स के लिए ₹10,000 करोड़ का फंड
गेमिंग और क्रिएटिव स्टार्टअप्स को मजबूती देने के लिए सरकार ने 10,000 करोड़ रुपये का विशेष फंड बनाने का एलान किया है. इसका मकसद नई कंपनियों और इनोवेटिव आइडियाज को फाइनेंशियल सपोर्ट देना है. सरकार ने भारतीय सेमीकंडक्टर और स्वदेशी टेक्नोलॉजी के निर्माण पर भी जोर दिया है. इससे गेमिंग हार्डवेयर और क्रिएटिव उपकरण सस्ते और ज्यादा बेहतर हो सकेंगे. इसके अलावा, स्पोर्ट्स गुड्स समेत 7 अन्य सेक्टर्स में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जाएगा.





