दूध, CNG और सोने के बाद अब देश में बढ़ गए पेट्रोल-डीजल के दाम; जानें कितना हुआ इजाफा
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. करीब चार साल बाद तेल कंपनियों ने खुदरा ईंधन दरों में बदलाव किया है. पेट्रोल की कीमत में ₹3.14 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है
petrol and diesel price
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. करीब चार साल बाद तेल कंपनियों ने खुदरा ईंधन दरों में बदलाव किया है, जिसके बाद पेट्रोल और डीजल दोनों ही महंगे हो गए हैं. नई कीमतें शुक्रवार रात से लागू कर दी गई हैं और इसका असर सीधे आम जनता की जेब पर पड़ने वाला है.
सरकारी तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था. इसी बीच केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के हालिया बयान के बाद से ही तेल की कीमतों में इजाफे की अटकलें तेज हो गई थीं। अब कंपनियों ने आखिरकार ईंधन दरों में बढ़ोतरी कर दी है.
कितना बढ़ा दाम?
सरकारी तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के मुताबिक, पेट्रोल की कीमत में ₹3.14 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. इसके बाद कई शहरों में पेट्रोल की कीमत बढ़कर ₹97.77 प्रति लीटर तक पहुंच गई है. वहीं, डीजल भी ₹3.11 प्रति लीटर महंगा हो गया है और इसकी कीमत ₹90.67 प्रति लीटर तक पहुंच गई है. नई दरें शुक्रवार सुबह जारी की गईं और इन्हें उसी रात से प्रभावी कर दिया गया. लंबे समय बाद हुए इस बदलाव ने आम लोगों के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है.
कितना हो रहा था तेल कंपनियों नुकसान?
पेट्रोलियम कंपनियों का दावा है कि महंगे कच्चे तेल की वजह से उन्हें प्रतिदिन करीब 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा था. कंपनियों का कहना था कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बावजूद लंबे समय तक खुदरा कीमतों में बदलाव नहीं किया गया, जिससे घाटा लगातार बढ़ता गया. इसी मुद्दे पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी संकेत दिए थे कि अगर ईंधन की कीमतों में संशोधन नहीं किया गया तो तेल कंपनियों का नुकसान एक तिमाही में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है.
कितना बढ़ा CNG का दाम?
पेट्रोल-डीजल के अलावा सीएनजी के भी रेट में बढ़ोतरी देखने को मिली है. तेल कंपनियों ने सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलो पर बढ़ा दिए हैं. जिसके बाद अब दिल्ली में 1 किलो सीएनजी का दाम 79.09 हो गया है.
आम जनता पर कितना पड़ेगा असर?
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा. निजी वाहन चलाने वालों के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर भी अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा. इसके कारण फल-सब्जियों से लेकर जरूरी सामानों की ढुलाई महंगी हो सकती है, जिससे महंगाई और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.




