Economic Crisis : क्या देश में पैदा हो सकती है 1991 जैसी स्थिति, अब 2026 में कितने अलग हैं हालात, तब कौन-कौन से कदम उठाने पड़े?
1991 में भारत आर्थिक संकट से जूझ रहा था, लेकिन 2026 के हालात अलग हैं. जानें विदेशी मुद्रा, महंगाई और अर्थव्यवस्था पर पूरी रिपोर्ट.
1991 में भारत ऐसा आर्थिक संकट देख चुका है, जब देश के पास सिर्फ कुछ हफ्तों के आयात लायक विदेशी मुद्रा बची थी और सरकार को सोना तक गिरवी रखना पड़ा था. आज 2026 में हालात पूरी तरह वैसे नहीं हैं, क्योंकि भारत के पास मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार, बड़ा डिजिटल इकोनॉमी नेटवर्क और वैश्विक निवेश का आधार मौजूद है. फिर भी बढ़ती महंगाई, तेल आयात पर निर्भरता, कमजोर होता रुपया और वैश्विक तनाव नए खतरे पैदा कर रहे हैं. सवाल यही है कि क्या भारत फिर कभी 1991 जैसी स्थिति में पहुंच सकता है? अगर नहीं, तो अब हालात कितने अलग हैं, और तब देश को संकट से निकालने के लिए कौन-कौन से बड़े और कड़े फैसले लेने पड़े थे. इसी को समझना आज बेहद जरूरी हो गया है.
दरअसल, भारत के आर्थिक इतिहास में 1991 का संकट एक निर्णायक मोड़ माना जाता है. यह वह समय था जब देश लगभग दिवालिया होने की कगार पर पहुंच गया था. नतीजा यह हुआ कि 1991 के आर्थिक संकट में भारत सरकार को कई कड़े और ऐतिहासिक फैसले लेने पड़े थे. देश के विदेशी मुद्रा भंडार के लगभग खत्म होने पर सरकार ने सोना गिरवी रखकर विदेशी कर्ज लिया.
1991 में लेने पड़े थे सख्त फैसले
इसके बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री P. V. Narasimha Rao और वित्त मंत्री Manmohan Singh ने बड़े आर्थिक सुधार लागू किए. लाइसेंस राज में ढील दी गई, विदेशी कंपनियों के लिए बाजार खोला गया, रुपये का अवमूल्यन किया गया और सरकारी नियंत्रण कम किए गए. आयात-निर्यात नियम आसान बनाए गए और निजीकरण व उदारीकरण की नीति शुरू की गई, जिसने भारतीय अर्थव्यवस्था की दिशा बदल दी. वहीं 2026 का भारत एक बिल्कुल अलग आर्थिक संरचना और वैश्विक स्थिति के साथ खड़ा है. दोनों दौरों की तुलना करने से समझ आता है कि भारत ने कितनी बड़ी आर्थिक यात्रा तय की है. ताजा संकट से निपटने के लिए सरकार को क्या करने की जरूरत है?
यूनियन बजट 2026-27 डेटा के अनुसार देश के आर्थिक हालात अब क्या?
- विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserve): 1991 में भारत के पास सिर्फ लगभग $1.2 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार बचा था, जिससे केवल 2 से 3 हफ्तों का आयात संभव था; जबकि 2026 में भारत के पास $700 अरब डॉलर से ज्यादा का भंडार है, जो कई महीनों के आयात को संभाल सकता है.
- राजकोषीय घाटा (Fiscal Deficit): 1991 में घाटा GDP के करीब 10% तक पहुंच गया था, जबकि 2026 में सरकार इसे लगभग 4.4% के आसपास नियंत्रित रखने की कोशिश कर रही है.
- जीडीपी ग्रोथ (GDP ग्रोथ): 1991 के संकट काल में GDP ग्रोथ करीब 1.6% तक सिमट गई थी, जबकि 2026 में भारत दुनिया की सबसे तेज़ बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और ग्रोथ 6.5% के आसपास मानी जा रही है.
- आयात (Import) : 1991 के संकट काल में 20 बिलियन डॉलर थी. अब 850 से 900 बिलियन डॉलर है. 1991 में भारत आयात पर ज्यादा निर्भर था.
- निर्यात (Export): 1991 के संकट काल में निर्यात 18 बिलियन तक सीमित थी जो बढ़कर 2026 में 760 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है. 2026 में IT, फार्मा और मैन्युफैक्चरिंग के जरिए निर्यात क्षमता काफी बढ़ चुकी है.
- निवेश (Investment): 1991 में विदेशी निवेश बेहद सीमित था और लाइसेंस राज हावी था, जबकि 2025-26 में FDI, स्टार्टअप और डिजिटल सेक्टर में विगत बजट वर्ष में 70 बिलियन डॉलर के करीब रिकॉर्ड किया गया, जो भारत की अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं.
1991 का आर्थिक संकट: कारण और हालात
1991 में भारत आयात पर ज्यादा निर्भर और निर्यात में कमजोर था, जबकि 2026 में IT, फार्मा और मैन्युफैक्चरिंग के जरिए निर्यात क्षमता काफी बढ़ चुकी है.
1991 में भारत गंभीर भुगतान संतुलन (Balance of Payments) संकट से जूझ रहा था. देश के पास विदेशी मुद्रा भंडार इतना कम हो गया था कि वह केवल लगभग 2–3 हफ्तों के आयात को ही कवर कर सकता था. तेल की कीमतें बढ़ रही थीं, खाड़ी युद्ध के कारण आयात बिल भी बढ़ा और विदेशी ऋण तेजी से बढ़ गया था.
सरकार को मजबूर होकर अपना सोना तक गिरवी रखना पड़ा. भारतीय रिजर्व बैंक ने दो खेपों में सोना लंदन और स्विट्जरलैंड भेजा. ताकि अंतरराष्ट्रीय कर्जदाताओं से अल्पकालिक ऋण लिया जा सके. राजनीतिक अस्थिरता, राजकोषीय घाटा और धीमी आर्थिक वृद्धि ने स्थिति को और खराब कर दिया था.
इसी संकट के बाद भारत ने 1991 में ऐतिहासिक आर्थिक सुधार शुरू किए, जिन्हें LPG (Liberalisation, Privatisation, Globalisation) नीति कहा जाता है. इसने भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक बाजार से जोड़ दिया. उस समय पीवी नरसिम्हा राव देश के प्रधानमंत्री थे और वित्त मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह थे, जो बाद में देश 10 साल तक देश के पीएम रहे. माना जाता है कि भारत ने जो आर्थिक विकास के जिस मुकाम पर है, उसका बीजारोपण नरसिम्हा राव की सरकार ने की थी.
2026 का भारत: मजबूत लेकिन नई चुनौतियों वाला दौर
2026 का भारत उस स्थिति से बहुत आगे निकल चुका है. आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत है, निर्यात विविधीकृत हुआ है, और डिजिटल अर्थव्यवस्था ने विकास को नई गति दी है. आज भारत में UPI जैसे डिजिटल पेमेंट सिस्टम, स्टार्टअप इकोसिस्टम, और मैन्युफैक्चरिंग इनिशिएटिव्स ने अर्थव्यवस्था को नया स्वरूप दिया है. विदेशी निवेश (FDI) भी पहले की तुलना में अधिक स्थिर और व्यापक है. हालांकि, 2026 में भी चुनौतियां मौजूद हैं- जैसे वैश्विक मंदी का दबाव खासकर मिडिल ईस्ट और रूस यूक्रेन वॉर, तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, बेरोजगारी का मुद्दा और कृषि क्षेत्र की संरचनात्मक समस्याएं.
1991 और 2026 में मुख्य अंतर
- 1991 का संकट अस्तित्व का संकट था, जबकि 2026 का दौर विकास और प्रतिस्पर्धा का है. पहले भारत विदेशी मुद्रा की कमी से जूझ रहा था, आज वह वैश्विक बाजार में निवेश आकर्षित करने वाला देश है.
- 1991 में अर्थव्यवस्था बंद और नियंत्रित थी, जबकि 2026 में यह डिजिटल, खुली और वैश्विक रूप से जुड़ी हुई है. उस समय नीति का फोकस “बचाव” था, जबकि आज फोकस “विस्तार और नेतृत्व” पर है.
- 1991 का संकट भारत के लिए एक चेतावनी था, जिसने देश को आर्थिक सुधारों की राह पर डाला. वहीं 2026 का भारत उस सुधारों की सफलता का परिणाम है. फर्क इतना है कि तब भारत संकट से बचने की लड़ाई लड़ रहा था, और आज वैश्विक आर्थिक दौड़ में आगे निकलने की कोशिश कर रहा है
1991 की आर्थिक चुनौतियां
विदेशी मुद्रा भंडार की भारी कमी, उच्च राजकोषीय घाटा, आयात पर अत्यधिक निर्भरता, धीमी GDP ग्रोथ (लगभग 1–3%), लाइसेंस राज और नियंत्रित अर्थव्यवस्था, निवेश और निजी क्षेत्र पर सख्त प्रतिबंध,
2026 की आर्थिक मजबूती
मजबूत सेवाक्षेत्र (IT, fintech, outsourcing), डिजिटल पेमेंट क्रांति (UPI आधारित सिस्टम), स्टार्टअप और इनोवेशन इकोसिस्टम, बढ़ता FDI (विदेशी निवेश), मैन्युफैक्चरिंग और PLI स्कीम से उत्पादन बढ़ा, वैश्विक सप्लाई चेन में भारत की भूमिका,
2026 में संकट क्या?
हालांकि संकट 1991 जैसा नहीं है, लेकिन चुनौतियां मौजूद हैं. जैसे वैश्विक आर्थिक मंदी का असर, बेरोजगारी और स्किल गैप, महंगाई और तेल कीमतों पर निर्भरता, कृषि क्षेत्र की संरचनात्मक समस्याएं, वैश्विक व्यापार तनाव (trade geopolitics). 1991 भारत के लिए “आर्थिक आपातकाल” था, जिसने सुधारों का रास्ता खोला. वहीं 2026 का भारत उस सुधारों का परिणाम है- जहां संकट नहीं, बल्कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व की चुनौती है. 1991 में भारत बचने की लड़ाई लड़ रहा था और 2026 में भारत आगे बढ़कर दुनिया में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश कर रहा है.
1991 से मजबूत भारत, फिर भी क्यों हांफ रही अर्थव्यवस्था?
इंडियन इकोनॉमिस्ट Santosh Mehrotra का मानना है कि 1991 और 2026 के भारत में आर्थिक तौर पर जमीन-आसमान का फर्क है. 1991 में भारत के पास मुश्किल से एक हफ्ते का विदेशी मुद्रा भंडार था, जबकि आज देश के पास करीब 9 महीने के आयात लायक विदेशी मुद्रा मौजूद है. लेकिन बड़ा सवाल यह है कि इतनी मजबूती के बावजूद अर्थव्यवस्था सुस्त क्यों दिखाई दे रही है? आखिर क्यों प्रधानमंत्री Narendra Modi को लोगों से पेट्रोल-डीजल का खर्च घटाने और विदेश यात्राएं कम करने की अपील करनी पड़ रही है?
विदेशी मुद्रा भरपूर, फिर संकट जैसा माहौल क्यों?
मेहरोत्रा के मुताबिक समस्या सिर्फ विदेशी मुद्रा की मात्रा की नहीं, बल्कि आर्थिक प्रबंधन की है. उनका कहना है कि अगर सरकार के पास सही आर्थिक रणनीति और सक्षम लोग हों, तो मौजूदा विदेशी मुद्रा भंडार के दम पर बड़े संकट से आसानी से निपटा जा सकता है. उनके अनुसार देश की असली परेशानी लगातार बढ़ते आयात खर्च से पैदा हो रही है.
तेल-दाल ने बिगाड़ा पूरा गणित
भारत आज भी पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल और दालों के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर है. इन जरूरी वस्तुओं को खरीदने के लिए सरकार को भारी मात्रा में डॉलर खर्च करने पड़ते हैं. मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात ने ऊर्जा बाजार पर दबाव बढ़ाया है. इसका सीधा असर भारत के विदेशी मुद्रा भंडार और रुपये की स्थिति पर पड़ रहा है.
40 बिलियन डॉलर घटे, रुपया और दबाव में
पिछले करीब ढाई महीनों में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगभग 40 बिलियन डॉलर की कमी आई है. इसकी एक बड़ी वजह रुपये की वैल्यू में गिरावट बताई जा रही है. रुपया कमजोर होने का मतलब है कि आयात और महंगे होंगे, जिससे आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल से लेकर रोजमर्रा की चीजों तक के दाम बढ़ सकते हैं.
महंगाई बढ़ी तो निवेश और मुनाफा दोनों टूटेंगे
मेहरोत्रा चेतावनी देते हैं कि अगर सरकार ने समय रहते कदम नहीं उठाए, तो मुद्रास्फीति और महंगाई दोनों तेजी से बढ़ सकती हैं. इसका असर निवेश, उद्योगों के मुनाफे और रोजगार पर पड़ेगा. उनका सुझाव है कि भारत को दलहन और तेलहन उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ ऊर्जा के मामले में विदेशी निर्भरता कम करनी होगी. घरेलू उत्पादन बढ़ाना ही लंबे समय में अर्थव्यवस्था को स्थिर रखने का रास्ता है.
संकट से बचना है तो आत्मनिर्भरता ही रास्ता
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत के सामने फिलहाल 1991 जैसा संकट नहीं है, लेकिन लगातार बढ़ती आयात निर्भरता भविष्य में बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है. ऐसे में सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वह उत्पादन, ऊर्जा और कृषि के मोर्चे पर आत्मनिर्भरता को कितनी तेजी से मजबूत कर पाती है.




