कौन हैं अमेरिकी सांसद Randy Fine? कुत्तों से मुसलमानों की तुलना कर विवादों में आए
अमेरिका के पॉलीटिकल लीडर रेंडी फाइन मुसलमानों पर किए गए कमेंट के बाद सुर्खियों में हैं. उन्होंने मुस्लिम समुदाय की तुलना कुत्तों से की है. रेंडी के इस कमेंट के बाद कई पब्लिक फिगर ने उनकी आलोचना की है.;
Who is Randy Fine: अमेरिका के फ्लोरिडा से रिपब्लिकन पार्टी के सांसद रैंडी फाइन अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में आ गए हैं. उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,"कुत्तों और मुसलमानों के बीच चुनाव करना मुश्किल नहीं है." यह टिप्पणी तेजी से वायरल हुई और इस पर कई राजनेताओं, मीडिया हस्तियों और संगठनों ने रिएक्शन दिया.
यह टिप्पणी उस समय आई जब फिलिस्तीनी-अमेरिकी एक्टिविस्ट नेरदीन किसवानी ने एक पोस्ट में लिखा था कि कुत्ते नापाक (अपवित्र) होते हैं और उन्हें घर के अंदर पालतू के रूप में नहीं रखा जाना चाहिए. उन्होंने इसे मज़हब और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा विचार बताया था.
क्या बोले रेंडी फाइन?
इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए फाइन ने कहा कि अगर अमेरिकियों को कुत्तों और मुसलमानों में से किसी एक को चुनना पड़े, तो वे कुत्तों को चुनेंगे. फाइन के इस बयान के बाद कई पब्लिक फिगर्स ने खुलकर प्रतिक्रिया दी. डेमोक्रेटिक सांसद रो खन्ना ने इस पर कमेंट किया. मीडिया जगत की शख्सियतों जैसे मेगन केली और सीएनएन के एंकर जेक टैपर ने भी इस बयान पर प्रतिक्रिया दी. मुस्लिम संगठनों ने भी अपने बयानों में इस पोस्ट का जिक्र करते हुए अमेरिकी राजनीति में इस्तेमाल की जा रही भाषा पर चिंता जताई.
कौन हैं रैंडी फाइन?
रैंडी फाइन का जन्म 20 अप्रैल 1974 को एरिज़ोना के टक्सन शहर में हुआ था और उनका पालन-पोषण केंटकी में हुआ. उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय से गवर्नमेंट में डिग्री हासिल की और बाद में हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से एमबीए किया. राजनीति में आने से पहले वह मैकिन्से एंड कंपनी में काम कर चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने अकादमिक और कॉरपोरेट भूमिकाएं भी निभाईं, जिनमें कैसीनो गेमिंग इंडस्ट्री से जुड़ी जिम्मेदारियां शामिल थीं.
कब लड़ा पहली बार चुनाव?
उन्होंने 2016 में फ्लोरिडा की राजनीति में कदम रखा और फ्लोरिडा हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में कई कार्यकाल पूरे किए. 2024 में वह फ्लोरिडा सीनेट के लिए चुने गए, लेकिन थोड़े वक्त बाद ही अप्रैल 2025 में एक खास चुनाव जीतकर अमेरिकी कांग्रेस पहुंचे और उन्होंने माइक वॉल्ट्ज की जगह ली. वह फ्लोरिडा के छठे संसदीय जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं और हाउस की विदेश मामलों तथा शिक्षा संबंधी समितियों में सदस्य हैं.
फाइन अपने मजबूत इज़रायल समर्थक रुख और विदेश नीति और सांस्कृतिक मुद्दों पर सोशल मीडिया के जरिए लगातार टिप्पणी करने के लिए जाने जाते हैं. इस विवाद ने नेरदीन किसवानी की सक्रियता और उनके संगठन जरिए न्यूयॉर्क के असेंबली सदस्य जोहरान ममदानी को दिए जा रहे समर्थन की ओर भी ध्यान खींचा है.